उत्तर प्रदेश को पूर्वोत्तर राज्यों से जोड़ने के लिए केंद्र सरकार एक बड़ा सड़क प्रोजेक्ट शुरू करने जा रही है। सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के मुताबिक, पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी को असम के गुवाहाटी और मेघालय के शिलांग से जोड़ने वाला 630 किलोमीटर लंबा हाई-स्पीड कॉरिडोर बनाया जाएगा। इस प्रोजेक्ट पर करीब 61,500 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इससे उत्तर प्रदेश और पूर्वोत्तर के बीच सड़क संपर्क बेहतर और तेज होगा। जानें इसके बारे में सबकुछ
गोरखपुर से सिलीगुड़ी तक बनेगा एक्सप्रेसवे
TOI की एक रिपोर्ट के मुताबिक, प्रस्ताइस प्रोजेक्ट का मकसद गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे के साथ यूपी और पूर्वोत्तर के बीच सड़क कनेक्टिविटी बेहतर करना है। सड़क परिवहन मंत्रालय ने यूपी के गोरखपुर से पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी तक एक्सप्रेसवे बनाने की योजना पर भी काम शुरू कर दिया है। इन दोनों सड़क परियोजनाओं के पूरा होने के बाद उत्तर प्रदेश से पूर्वोत्तर राज्यों तक तेज और बेहतर सड़क संपर्क मिल सकेगा। इससे लोगों और सामान की आवाजाही आसान होने की उम्मीद है।
एक कार्यक्रम के दौरान नितिन गडकरी ने बताया कि 630 किलोमीटर लंबा यह कॉरिडोर पूर्वोत्तर के लिए बेहद अहम होगा। इसे बनाने में नए सड़क हिस्सों का निर्माण करने के साथ मौजूदा हाईवे को भी बेहतर किया जाएगा, ताकि पूरे रास्ते लोगों का सफर तेज और आसान हो सके। उन्होंने बताया कि इस कॉरिडोर का पहला 400 किलोमीटर लंबा हिस्सा सिलीगुड़ी से गुवाहाटी के बीच बनाया जाएगा। इस हिस्से पर करीब 30,000 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। फिलहाल इस सड़क के रूट को मंजूरी देने की प्रक्रिया चल रही है।