Delhi Weather: मानसून की राहत के बाद अब दिल्ली में एक बार फिर गर्मी और उमस लोगों को परेशान कर सकती है। तेज धूप और बढ़ते तापमान को देखते हुए मौसम विभाग ने राजधानी के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। IMD के मुताबिक, गुरुवार को कई इलाकों में गर्म और उमस भरा मौसम रहने की संभावना है और तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच सकता है।
IMD के पूर्वानुमान के अनुसार, गुरुवार को दिल्ली में आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और दोपहर के समय गर्मी और उमस बढ़ जाएगी। इस दौरान अधिकतम तापमान 39°C तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 28°C के आसपास रहने की संभावना है।
वहीं, मौसम में बदलाव शुक्रवार से देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, 18 और 19 जुलाई को दिल्ली में आंधी-तूफान के साथ बारिश होने की उम्मीद है। जबकि, 20 और 21 जुलाई को आसमान में बादल छाए रह सकते हैं, और दिन का तापमान करीब 36°C रहने का अनुमान है।
स्काईमेट वेदर के वाइस प्रेसिडेंट महेश पलावत ने कहा कि पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र समेत उत्तर-पश्चिम भारत में अगले कुछ दिनों तक मौसम ज्यादातर सूखा रहने और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है।
पलावत ने आगे कहा कि "20 जुलाई के बाद इंडो-गैंगेटिक प्लेन (सिंधु-गंगा के मैदानी इलाके) पर मानसून ट्रफ के दक्षिण की ओर बढ़ने की उम्मीद है। उस दौरान, उत्तर-पश्चिम भारत के साथ-साथ मध्य भारत के कुछ हिस्सों में भी मानसून फिर से सक्रिय हो सकता है।"
बता दें कि बुधवार को दिल्ली के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में अधिकतम तापमान 38.4°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.2 डिग्री ज्यादा था, जबकि न्यूनतम तापमान 29.1°C रहा, जो सामान्य से 1.9 डिग्री ज्यादा था। इस केंद्र पर सुबह 2:30 बजे से 5:30 बजे के बीच बहुत कम बारिश दर्ज की गई और दिन में इसके बाद कोई बारिश नहीं हुई।
इस बीच, दिल्ली की हवा की गुणवत्ता "मध्यम" (Moderate) श्रेणी में बनी रही। सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (CPCB) के अनुसार, बुधवार शाम 4 बजे दिल्ली का 24 घंटे का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 159 दर्ज किया गया, जो मंगलवार को इसी समय दर्ज किए गए 172 के मुकाबले बेहतर है।
ध्यान दें कि CPCB के मानकों के मुताबिक, 101 से 200 के बीच का AQI "मध्यम" श्रेणी में आता है।