भारतीय मौसम विभाग (IMD) की ओर से जारी लेटेस्ट अपडेट के मुताबिक, भारत इस समय 'प्री-मॉनसून' गतिविधियों के चरम पर है। मौसम विभाग ने देश के अलग-अलग हिस्सों के लिए 'कलर कोडेड' मानचित्र जारी कर चेतावनी दी है। देशभर में जहां एक हिस्सा तप रहा है। वहीं, दूसरा हिस्सा तूफानी बारिश का सामना कर रहा है।
पूर्वोत्तर भारत: बारिश और ओलावृष्टि का 'रेड अलर्ट'
पूर्वोत्तर के राज्यों में अगले 48 घंटों के दौरान मौसम काफी आक्रामक रह सकता है। 15 अप्रैल को असम और मेघालय के कुछ हिस्सों में ओले गिरने की प्रबल आशंका है। अरुणाचल प्रदेश में 15, 18 और 19 अप्रैल को भारी बारिश का अलर्ट है। असम, मेघालय और नागालैंड में भी 17-18 अप्रैल को मूसलाधार बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जिससे बिजली गिरने और भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है।
उत्तर और मध्य भारत: बढ़ता पारा और 'हीटवेव'
उधर देश के मैदानी इलाकों में गर्मी अब जानलेवा होने लगी है। IMD के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में 18 अप्रैल तक तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस की और बढ़ोतरी हो सकती है। मध्य भारत में भी 20 अप्रैल तक पारा 2-3 डिग्री ऊपर चढ़ेगा। मध्य, पूर्व, पश्चिम और दक्षिण भारत के अलग-अलग हिस्सों में हीटवेव की स्थिति बनी रहेगी। मौसम विभाग ने इन इलाकों के लिए 'Take Action' और 'Be Aware' के संकेत जारी किए हैं।
पहाड़ों पर फिर लौटेगी बर्फबारी और बारिश
उत्तर-पश्चिम के पहाड़ी राज्यों (जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल और उत्तराखंड) में 16 से 19 अप्रैल के बीच मौसम करवट लेगा। यहां हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी के साथ 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। 17 अप्रैल को हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है।
पश्चिम बंगाल और ओडिशा: 16 अप्रैल को गंगा के तटीय पश्चिम बंगाल में थंडरस्क्वॉल (50-70 किमी/घंटा की हवाएं) का खतरा है।
दक्षिण भारत: कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के कुछ इलाकों में 16 से 19 अप्रैल के बीच बिजली कड़कने और हल्की बारिश की संभावना है।
महाराष्ट्र: मध्य महाराष्ट्र में 18 से 21 अप्रैल के बीच हल्की वर्षा हो सकती है।
ऐसे मौके पर गर्मी वाले इलाकों के लिए कुछ सामान्य सलाहें भी दी गई हैं।
- दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच बाहर निकलने से बचें।
- खुद को हाइड्रेटेड रखें, पर्याप्त पानी पिएं और ORS का घोल लें।
- सूती और हल्के रंग के कपड़े पहनें।
बारिश और ओलावृष्टि वाले इलाकों के लिए:-
- खराब मौसम के दौरान घरों के अंदर रहें और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का इस्तेमाल न करें।
- किसान भाई अपनी कटी हुई फसलों और पशुधन को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाएं।
- मौसम विभाग के महानिदेशक के अनुसार, यह स्थितियां अप्रैल के अंत तक जारी रह सकती हैं। नागरिक नवीनतम अपडेट के लिए विभाग की आधिकारिक वेबसाइट (mausam.imd.gov.in) पर नजर रख सकते हैं।