'H Bomb' Row: राहुल गांधी के हरियाणा में वोटर फ्रॉड पर नया खुलासा, एक घर में 501 मतदाता वाले आरोपों पर स्थानीय बोलें- 'साजिश नहीं बल्कि है मिस्टेक'

Haryana Vote Chori: विवादों में घिरा घर कथित तौर पर स्थानीय भाजपा नेता और पूर्व नगर पार्षद सुंदर सिंह का है। सुंदर सिंह ने बताया, 'हमारे भाइयों और चचेरे भाइयों के पांच सटे हुए घर हैं। उन सभी को गलती से हाउस नंबर 265 के रूप में सूचीबद्ध कर दिया गया।' उन्होंने आगे कहा, 'यहां तक कि पास की गलियों में मेरे दादा के भाइयों के घरों को भी यही नंबर दिया गया'

अपडेटेड Nov 09, 2025 पर 11:41 AM
Story continues below Advertisement
यह मुद्दा तब राष्ट्रीय सुर्खियों में आया जब राहुल गांधी ने 2024 के हरियाणा विधानसभा चुनावों में 'बड़े लेवल पर मतदाता धोखाधड़ी' का आरोप लगाते हुए दावा किया कि दो करोड़ रजिस्टर्ड मतदाताओं वाले राज्य में 25 लाख फर्जी वोट डाले गए थे

Rahul Gandhi: पिछले दिनों कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हरियाणा विधानसभा चुनाव में कतिथ तौर पर वोट चोरी के आरोप के तहत हाइड्रोजन बम फोड़ा था। उन्होंने प्रदेश के होडल कस्बे में एक छोटे से घर को 'बड़े पैमाने पर मतदाता धोखाधड़ी' के सबूत के तौर पर पेश किया था जिसके बाद यह मामला राष्ट्रीय राजनीतिक तूफान के केंद्र में आ गया है। कांग्रेस ने दावा किया था कि एक ही पते, हाउस नंबर 265 के तहत 501 मतदाता पंजीकृत हैं, जो राज्य की मतदाता सूचियों में 'भारी अनियमितताओं' का प्रमाण है। हालांकि, 'इंडिया टुडे' की एक रिपोर्ट बताती है कि यह विसंगति किसी संगठित साजिश का नहीं, बल्कि केवल लिपिकीय या डेटा-एंट्री की गलती का परिणाम हो सकती है।

प्रशासनिक चूक की वजह से हुई गड़बड़ी

विवादों में घिरा घर कथित तौर पर स्थानीय भाजपा नेता और पूर्व नगर पार्षद सुंदर सिंह का है। निवासियों और स्थानीय अधिकारियों ने पत्रकारों को बताया कि यह भ्रम तब पैदा हुआ जब बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) ने डेटा एंट्री के दौरान कई आस-पास के घरों को गलती से एक ही घर नंबर दे दिया। सुंदर सिंह ने इंडिया टुडे को बताया, 'हमारे भाइयों और चचेरे भाइयों के पांच सटे हुए घर हैं। उन सभी को गलती से हाउस नंबर 265 के रूप में सूचीबद्ध कर दिया गया।' उन्होंने आगे कहा, 'यहां तक कि पास की गलियों में मेरे दादा के भाइयों के घरों को भी यही नंबर दिया गया।'


स्थानीय लोगों ने भी इस बात से सहमति जताई और इस गड़बड़ी का दोष लिपिकीय चूक पर मढ़ा। उन्होंने बताया कि उनके आधार कार्ड में पते सही हैं, लेकिन वोटर लिस्ट में गड़बड़ी हुई है। सिंह ने यह भी माना कि कुछ लोग हरियाणा और उत्तर प्रदेश दोनों जगह रजिस्टर्ड हो सकते हैं, लेकिन उन्होंने जोर देकर कहा कि यह एक प्रशासनिक मुद्दा है।

राहुल गांधी का 'H बॉम्ब' का चुनाव आयोग ने किया खंडन

यह मुद्दा तब राष्ट्रीय सुर्खियों में आया जब राहुल गांधी ने 2024 के हरियाणा विधानसभा चुनावों में 'बड़े लेवल पर मतदाता धोखाधड़ी' का आरोप लगाते हुए दावा किया कि दो करोड़ रजिस्टर्ड मतदाताओं वाले राज्य में 25 लाख फर्जी वोट डाले गए थे। राहुल गांधी ने इसे 'H बॉम्ब' करार दिया और दावा किया, 'हर आठ में से एक मतदाता नकली है।' उन्होंने '100% सबूत' पेश करते हुए डुप्लीकेट वोटर आईडी, कई नामों के तहत एक ही फोटो, और यहां तक कि एक ब्राजीलियाई मॉडल की फोटो को 22 बार अलग-अलग पहचानों के तहत इस्तेमाल किए जाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने चुनाव आयोग (EC) पर डुप्लीकेट प्रविष्टियों को हटाने से इनकार करके भाजपा की मदद करने का आरोप लगाया और आगामी बिहार चुनावों में भी इसी तरह की 'वोट चोरी' की चेतावनी दी।

चुनाव आयोग ने इन सभी दावों को खारिज कर दिया और कहा कि हरियाणा की मतदाता सूचियों के संबंध में कोई औपचारिक शिकायत या अपील लंबित नहीं है। एक EC अधिकारी ने पलटवार करते हुए पूछा कि यदि धांधली हुई थी, तो कांग्रेस के मतदान एजेंटों ने मतदान के दौरान आपत्ति क्यों नहीं उठाई।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।