IMD Heavy Rain Aert: यूपी में रिकॉर्ड बारिश के बाद नया अलर्ट, लो प्रेशर सिस्टम की वजह से इन इलाकों में होगी तूफानी बारिश

IMD Heavy Rain Aert: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा दोपहर में जारी ताजा बुलेटिन के मुताबिक यह मौसमी तंत्र उत्तर प्रदेश में सक्रिय है। यह अगले 12 घंटों के भीतर उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए धीरे-धीरे और कमजोर हो जाएगा। इसके असर से उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई जिलों में आज अत्यंत भारी बारिश और आंधी-तूफान की आशंका जताई गई है।

अपडेटेड Sep 27, 2026 पर 4:07 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
IMD Heavy Rain Aert: यूपी के कई जिलों में मूसलाधार बारिश के कारण लाखों लोग परेशान हैं

IMD Heavy Rain Aert: पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश और उससे सटे उत्तरी छत्तीसगढ़ पर बना डिप्रेशन रविवार, 27 सितंब की तड़के कमजोर होकर मध्य उत्तर प्रदेश के उत्तरी हिस्सों के ऊपर एक सुस्पष्ट निम्न दाब क्षेत्र में बदल गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा दोपहर में जारी ताजा बुलेटिन के मुताबिक यह मौसमी तंत्र उत्तर प्रदेश में सक्रिय है और अगले 12 घंटों के भीतर उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए धीरे-धीरे और कमजोर हो जाएगा। इसके असर से उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई जिलों में आज अत्यंत भारी बारिश और आंधी-तूफान की आशंका जताई गई है।

उधर, मध्य थाईलैंड और म्यांमार से उठे चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र के प्रभाव से दक्षिण तटीय म्यांमार के पास एक नया निम्न दाब क्षेत्र बन गया है। यह मौसमी प्रणाली अगले 24 घंटों के दौरान उत्तरी अंडमान सागर और म्यांमार के इरावदी डेल्टा में प्रवेश करेगी और उसके बाद उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी और बांग्लादेश की तरफ बढ़ेगी।

पूर्वी यूपी में रिकॉर्ड 30 सेमी बारिश दर्ज, जानें बीते 24 घंटे का हाल


मौसम विभाग के मुताबिक बीते 24 घंटों में इस तंत्र के असर से उत्तर भारत के राज्यों में मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 30 सेमी या उससे भी अधिक रिकॉर्ड तोड़ बारिश दर्ज की गई। उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और बिहार में भीषण बारिश दर्ज की गई। हिमाचल प्रदेश, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में भी भारी बारिश हुई।

यूपी और उत्तराखंड में आज भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट

लो प्रेशर सिस्टम और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के संयुक्त असर की वजह से उत्तर भारत के राज्यों में आज बारिश की तीव्रता अधिक रहेगी। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 27 सितंबर को अलग-अलग जगहों पर बहुत भारी बारिश का अलर्ट है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में रविवार को अलग अलग इलाकों में भारी बारिश का दौर जारी रहेगा। उत्तराखंड में 27 सितंबर को भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है जबकि 28 सितंबर को भी राज्य के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की स्थिति बनी रहेगी।

हिमाचल प्रदेश में 27 सितंबर को गरज-चमक के साथ भारी बारिश दर्ज की जा सकती है। उत्तर-पश्चिम भारत के शेष भागों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया गया है।

बिहार, झारखंड और अंडमान में तूफानी हवाओं की चेतावनी

पूर्वी भारत के राज्यों में साइक्लॉलिनक सर्कुलेशन का व्यापक असर देखने को मिल रहा है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 27 से 29 सितंबर के दौरान व्यापक बारिश होगी। मौसम विभाग ने 27 और 28 सितंबर को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है।

इसके झोंके 70 किमी/घंटे तक पहुंच सकते हैं। बिहार में 27 सितंबर को अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है। गांगेय पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल व सिक्किम में 3 अक्टूबर तक छिटपुट से हल्की बारिश और बिजली कड़कने की गतिविधियां बनी रहेंगी।

पूर्वोत्तर, मध्य और पश्चिम भारत के मौसम का हाल

पूर्वोत्तर भारत के राज्यों असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 28 सितंबर से 1 अक्टूबर के दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली चमकने का अनुमान है। असम व मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा में 29 और 30 सितंबर को भारी बारिश होगी, जबकि अरुणाचल प्रदेश में 30 सितंबर को भारी बारिश का अलर्ट है।

मध्य भारत में मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में 37 सितंबर से 3 अक्टूबर के दौरान छिटपुट बारिश और बिजली चमकने का दौर जारी रहेगा। पश्चिम भारत में गुजरात, कोंकण व गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में 28 से 30 सितंबर के दौरान तेज हवाएं चलने और मध्यम बारिश की संभावना है।

दक्षिण भारत में बढ़ेगी बारिश, मछुआरों के लिए अलर्ट जारी

दक्षिण भारत के राज्यों में सितंबर के अंत और अक्टूबर की शुरुआत में बारिश की गतिविधियां जोर पकड़ेंगी। केरल व माहे में 1 से 3 अक्टूबर, तटीय कर्नाटक में 29 सितंबर से 3 अक्टूबर और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 29 सितंबर से 1 अक्टूबर के बीच व्यापक बारिश होगी। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराइकल में 29 सितंबर से 1 अक्टूबर और केरल व माहे में 30 सितंबर से 3 अक्टूबर के दौरान भारी बारिश होने का अनुमान है।

समुद्र की स्थिति खराब रहने के कारण मौसम विभाग ने मछुआरों के लिए विशेष चेतावनी जारी की है। 27 से 29 सितंबर के दौरान सोमालिया तट और दक्षिण-पश्चिम अरब सागर के भागों में जाने से बचने की सलाह दी गई है। 29 सितंबर तक उत्तरी अंडमान सागर और दक्षिणी म्यांमार तट के आसपास जाने से मना किया गया है। 28 और 29 सितंबर को उत्तरी म्यांमार, बांग्लादेश तटों और उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के इलाकों में तूफानी हवाओं की वजह से समुद्र में न जाने की सख्त हिदायत है।

ये भी पढ़ें- Ravi Kishan Video: 'सपा जॉइन कर लिए क्या?'; गोरखपुर के सांसद रवि किशन ने BJP पार्षद से ऐसा क्यों कहा? वायरल हुआ वीडियो

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।