भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देशव्यापी मौसम को लेकर एक बड़ा अपडेट जारी किया है। दक्षिण-पश्चिम मानसून देश के पूर्वोत्तर राज्यों, पूरे सिक्किम और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में पूरी तरह दाखिल हो चुका है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 4-5 दिनों के भीतर मानसून महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए पूरी तरह तैयार है। आईएमडी के ताजा बुलेटिन के मुताबिक देश के 16 से अधिक राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस बुलेटिन में बताया गया है कि उत्तर से लेकर पूर्वी भारत तक आंधी-तूफान, ओलावृष्टि और लू का मिलाजुला असर 15 जून तक देखने को मिलेगा।
