IMD Heavy Rain Alert: दिल्ली NCR से यूपी-बिहार तक प्रचंड बारिश का अलर्ट, मौसम को लेकर इन 2 राज्यों में ऑरेंज कलर वॉर्निंग, आज नहीं थमेगी बरसात!

IMD Heavy Rain Alert: IMD ने 5 सितंबर को देश के कई हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान और मध्य प्रदेश में तेज बारिश की संभावना है। आईएमडी ने पहाड़ी राज्यों और पूर्वोत्तर भारत में भी मौसम खराब रहने की चेतावनी दी गई है

अपडेटेड Sep 05, 2026 पर 9:35 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी

IMD Heavy Rain Alert: देश भर में मानसून एक बार फिर पूरी रंगत में आ चुका है और कई हिस्सों में झमाझम बारिश का दौर जारी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज यानी 5 सितंबर के मौसम को लेकर नया अलर्ट जारी किया है। IMD के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर से लेकर उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान और मध्य प्रदेश तक मूसलाधार बारिश का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग ने विशेष रूप से दो राज्यों पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। यहां कई इलाकों में ऑरेंज अलर्ट जैसी स्थिति बनी रहेगी। इसके अलावा पहाड़ी राज्यों से लेकर पूर्वोत्तर भारत तक मौसम काफी बिगड़ा रहेगा।

पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी

आज देश में सबसे ज्यादा मानसूनी हलचल राजस्थान और मध्य प्रदेश के इलाकों में देखने को मिलेगी। मौसम विभाग के बुलेटिन के मुताबिक पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश के अलग-अलग जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की पूरी संभावना जताई गई है। इसके साथ ही पूर्वी मध्य प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में भी भारी बारिश दर्ज की जा सकती है। पूरे मध्य प्रदेश और राजस्थान के अलग-अलग इलाकों में आकाशीय बिजली चमकने और बादलों की भीषण गर्जना का अलर्ट भी जारी किया गया है।


दिल्ली-एनसीआर, यूपी और पंजाब-हरियाणा का हाल

उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में भी आज बारिश की जोरदार फुहारें पड़ेंगी। दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में 5 सितंबर को अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश का अनुमान है। इसके साथ ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पंजाब के कई हिस्सों में भी भारी बारिश होने के आसार हैं। इन राज्यों में बारिश के साथ-साथ बादलों की कड़क और बिजली गिरने का अंदेशा भी बना हुआ है। लोगों को आंधी और बारिश के दौरान खुले में निकलने से बचने की सलाह दी गई है।

बिहार, झारखंड और पूर्वी भारत का मौसम

पूर्वी भारत के राज्यों में मानसूनी बारिश का असर देखने को मिलेगा। बिहार में आज कई जगहों पर भारी बारिश की संभावना है। राज्य में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज तूफानी हवाएं चलने और आकाशीय बिजली कड़कने की चेतावनी जारी की गई है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश होने के आसार हैं। इसके अलावा गांगेय पश्चिम बंगाल में तेज हवाओं के साथ बारिश होगी, जबकि झारखंड और छत्तीसगढ़ के अलग-अलग इलाकों में बादलों की गर्जना के साथ बिजली गिरने की आशंका बनी रहेगी।

पहाड़ी राज्यों और पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का अलर्ट

पहाड़ी राज्यों में मौसम की स्थिति संवेदनशील बनी हुई है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में 5 सितंबर को अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने का अनुमान है। उत्तराखंड में आकाशीय बिजली चमकने और बादलों की गर्जना की चेतावनी जारी की गई है। जम्मू-कश्मीर-लद्दाख के क्षेत्रों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, बिजली गिरने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

पूर्वोत्तर भारत में भी मानसून पूरी तरह मेहरबान रहेगा। अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय के साथ-साथ नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 5 सितंबर को अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया गया है। इन सभी राज्यों में दिनभर बिजली चमकने की गतिविधियां बनी रहेंगी।

दक्षिण भारत में तेज हवाओं का प्रकोप और समुद्र का हाल

दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में बारिश के मुकाबले तेज हवाओं का जोर अधिक देखने को मिलेगा। आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 5 सितंबर को 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज तूफानी हवाएं चलने और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। आंध्र प्रदेश और आंतरिक कर्नाटक में दिनभर तेज सतही हवाएं चलेंगी। इसके अतिरिक्त आंतरिक कर्नाटक और अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की गति से हवाएं चलने और बिजली चमकने का अनुमान है।

समुद्री सीमाओं पर मौसम खराब रहने की आशंका व्यक्त की गई है। सोमालिया तट से लगे पश्चिम-मध्य और दक्षिण-पश्चिम अरब सागर के कुछ हिस्सों में 45 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चल सकती हैं। इनकी रफ्तार बढ़कर 65 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मछुआरों को इन क्षेत्रों में न जाने की सलाह दी गई है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।