IMD Heavy Rain Alert: दिल्ली से यूपी-बिहार तक बारिश-ओले गिरने का अलर्ट, इन 17 राज्यों में होगी मूसलाधार बरसात! 14 जून तक ऐसा रहेगा मौसम

IMD Heavy Rain Alert: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की ताजा बुलेटिन के मुताबिक मानसून 8 जून को मुंबई के करीब हरनाई, सोलापुर, कलबुर्गी, नंद्याल और चेन्नई के कुछ और हिस्सों समेत महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के नए इलाकों में दाखिल हो चुका है। IMD ने 14 जून तक के लिए देश भर के मौसम को लेकर अलग-अलग अलर्ट जारी किया है

अपडेटेड Jun 08, 2026 पर 3:12 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
IMD Heavy Rain Alert: देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है।

IMD Heavy Rain Alert: देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून अब नए राज्यों की तरफ बढ़ रहा। उत्तर-पश्चिम भारत में भीषण गर्मी के बीच अचानक आंधी, बारिश और ओले गिरने अलर्ट जारी हुआ है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की ताजा बुलेटिन के मुताबिक मानसून 8 जून को मुंबई के करीब हरनाई, सोलापुर, कलबुर्गी, नंद्याल और चेन्नई के कुछ और हिस्सों समेत महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के नए इलाकों में दाखिल हो चुका है।

मौसम विभाग ने 14 जून तक के लिए देश भर के मौसम को लेकर अलग-अलग अलर्ट जारी किया है। इसमें देश के 17 से अधिक राज्यों में मूसलाधार बारिश, दिल्ली-एनसीआर, यूपी, बिहार में भयंकर बवंडर (Thundersquall) और पहाड़ों से लेकर मैदानों तक ओले गिरने का अनुमान है।

दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और यूपी में मौसम का यू-टर्न: आंधी और ओले गिरने का अलर्ट


उत्तर-पश्चिम भारत के राज्यों में रहने वाले लोगों के लिए राहत और आफत दोनों एक साथ आने वाली है। 8 से 11 जून के दौरान दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में तापमान में 2-4°C की बढ़ोतरी होगी। इससे कई इलाकों में लू का असर रहेगा।

लेकिन इसके बाद मौसम पूरी तरह पलटने वाला है। 11 और 12 जून को दिल्ली, चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और पूरे राजस्थान में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाले खतरनाक थंडरस्कॉल (आंधी-तूफान) और आसमानी बिजली का अलर्ट है। 12 जून को पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी ऐसा ही बवंडर देखने को मिलेगा।

इस आंधी-तूफान के बीच 12 जून को दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ के अलग-अलग इलाकों में ओले गिरने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान में 11 और 12 जून को भीषण धूलभरी आंधी चलने की चेतावनी दी गई है। 11 जून के बाद जब यह आंधी-बारिश का दौर शुरू होगा, तो उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में 3-5°C तक की बड़ी गिरावट आएगी, जिससे भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी।

पहाड़ी राज्यों में आफत: जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में ओले गिरेंगे

IMD के मुताबिक, 11 जून से एक नया पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने जा रहा है. इसके प्रभाव से हिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर इन तीनों पहाड़ी राज्यों में 11 और 12 जून को भारी ओलावृष्टि होने का अलर्ट है। इसके साथ ही 14 जून तक इन क्षेत्रों में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ़्तार से हवाएं चलेंगी और बिजली कड़कने के साथ बारिश होगी।

बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में बवंडर और भारी बारिश

पूर्वी भारत में चक्रवातीय परिसंचरण और ट्रफ लाइन के प्रभाव से मौसम बेहद आक्रामक रहने वाला है। 10 से 12 जून के दौरान बिहार, गांगेय पश्चिम बंगाल और झारखंड में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाले भयंकर बवंडर की चेतावनी जारी की गई है। बिहार में 10 से 12 जून के बीच भारी बारिश होगी। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 8 और 9 जून को अत्यंत भारी बारिश और 10 से 13 जून तक भारी बारिश का दौर जारी रहेगा। ओडिशा में भी 11-12 जून को भारी बारिश का अनुमान है।

कर्नाटक और केरल में बेहद भारी बारिश

दक्षिण भारत में मानसून अपने चरम पर है, जिसके चलते प्रायद्वीपीय भारत के राज्यों में मूसलाधार बारिश का सिलसिला 14 जून तक जारी रहेगा। 9 जून को तटीय कर्नाटक, केरल, माहे और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ अत्यंत भारी बारिश होने का रेड अलर्ट है।

उत्तर आंतरिक कर्नाटक में 8 से 11 जून के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश होगी। वहीं, पूरे कर्नाटक में 10 जून को व्यापक रूप से मूसलाधार बरसात का अनुमान है। तटीय आंध्र प्रदेश और केरल में 8 जून भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा तेलंगाना, रायलसीमा और तमिलनाडु में 8 से 11 जून के बीच अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

ये भी पढ़ें- Jahangir Khan Arrested: TMC के 'पुष्पा' जहांगीर खान गिरफ्तार, बंगाल में भारत-नेपाल सीमा से STF ने दबोचा

पूर्वोत्तर भारत में 14 जून तक लगातार मूसलाधार आफत

पूर्वोत्तर के राज्यों में मानसून पूरी तरह स्थापित हो चुका है, जिसके कारण अगले एक सप्ताह तक यहां जनजीवन प्रभावित हो सकता है। असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में 9 जून से लेकर 14 जून तक लगातार भारी से अत्यंत भारी बारिश होने की गंभीर चेतावनी दी गई है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा इन चारों राज्यों में 8 से 14 जून तक पूरी अवधि में लगातार भारी बारिश का दौर चलता रहेगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।