IMD Rain Alerts: यूपी-बिहार समेत इन राज्यों में अगले 5 दिन भारी बारिश का अलर्ट, 15 अगस्त तक होगी आफत की बरसात
IMD Heavy Rain Alert: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, 10 से 15 अगस्त के बीच मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। वहीं, कोंकण-गोवा, तटीय कर्नाटक और केरल में लगातार बारिश जारी रहने की आशंका है। 11 से 15 अगस्त के बीच कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश वाले क्षेत्र बढ़ सकते हैं
IMD Heavy Rain Alert: देश के कई राज्यों में अगले पांच दिनों तक भारी बारिश होने की आशंका है
IMD Heavy Rain Alert: देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर सक्रिय है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, 10 से 15 अगस्त के बीच उत्तर भारत से लेकर पूर्वोत्तर, मध्य भारत, पूर्वी और पश्चिमी तट के कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रहेगा। कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मध्य प्रदेश, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, ओडिशा, झारखंड और पूर्वोत्तर के राज्यों में मौसम खास तौर पर प्रभावित रह सकता है। उत्तर प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में अगले 24 घंटे के दौरान कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। जबकि इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है।
उत्तर प्रदेश में आज भारी बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में 10 अगस्त को पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में आज कई स्थानों पर बारिश की संभावना है। जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का अलर्ट है। राज्य के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ मौसम खराब रहने की आशंका है। आने वाले दिनों में बारिश का असर अलग-अलग क्षेत्रों में बना रह सकता है। IMD ने कहा कि अगले 24 घंटे के दौरान उत्तर प्रदेश के अन्य हिस्सों में मानसून की गतिविधियां अपेक्षाकृत सीमित रहने की संभावना है। इसके बाद मौसम तंत्र के आगे बढ़ने से अगले कुछ दिनों में पूरे राज्य में बारिश की गतिविधियां काफी हद तक छिटपुट और अलग-अलग स्थानों तक सीमित रह सकती हैं।
रविवार को जारी आईएमडी के बुलेटिन के अनुसार, उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। जबकि एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। राजधानी लखनऊ में सोमवार को आमतौर पर बादल छाए रहने और कुछ समय के लिए बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
प्रदेश में रविवार को ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क रहा। कानपुर नगर, प्रयागराज और झांसी में हल्की बारिश दर्ज की गई। जबकि वाराणसी, गाजीपुर, सुलतानपुर और फुर्सतगंज में 0.3 मिलीमीटर से एक मिलीमीटर तक वर्षा हुई। लखनऊ में अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक रहा।
उत्तराखंड: 10 से 15 अगस्त तक बारिश, आज बहुत भारी बारिश की चेतावनी
उत्तराखंड में 10 से 15 अगस्त तक कई जगहों पर बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने 11 से 15 अगस्त के बीच भारी बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के मुताबिक, 10 अगस्त को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश भी हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका भी है।
हिमाचल प्रदेश: 12 से 15 अगस्त के बीच भारी बारिश
हिमाचल प्रदेश में 10 से 15 अगस्त तक व्यापक बारिश की संभावना है। 12 से 15 अगस्त के बीच भारी बारिश हो सकती है। IMD के मुताबिक, इसके अलावा 10 और 11 अगस्त को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है। पहाड़ी क्षेत्रों में इस दौरान विशेष सावधानी की जरूरत रहेगी।
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख: लगातार बारिश का दौर जारी
जम्मू-कश्मीर और लद्दाख समेत आसपास के क्षेत्रों में 10 से 13 अगस्त तक व्यापक बारिश की संभावना है। 10 से 12 अगस्त के बीच कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है। 15 अगस्त को भी कुछ इलाकों में बारिश लौटने की संभावना जताई गई है।
राजस्थान: पूर्वी हिस्से में भारी बारिश
राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में 10 से 13 अगस्त तक व्यापक बारिश हो सकती है। 12 और 13 अगस्त को पूर्वी राजस्थान में भारी बारिश की संभावना है। खास बात यह है कि 10 अगस्त को पूर्वी राजस्थान में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश भी हो सकती है। पश्चिमी राजस्थान में 11 और 12 अगस्त को भारी बारिश का अलर्ट है। 10 अगस्त को गरज-चमक की भी संभावना है।
मध्य प्रदेश: सबसे ज्यादा बारिश का असर, बहुत भारी बारिश का अलर्ट
मध्य प्रदेश में मौसम खास तौर पर सक्रिय रहने वाला है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में 10 से 12 अगस्त तक व्यापक बारिश की संभावना है, जबकि पूर्वी मध्य प्रदेश में 10 और 11 अगस्त को कई जगह बारिश हो सकती है।10 अगस्त को पश्चिमी और पूर्वी मध्य प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में 11 और 12 अगस्त को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश भी हो सकती है। बीते 24 घंटे में पश्चिमी मध्य प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गई। भोपाल के अरेरा हिल्स में 12 सेमी और गुना में 7 सेमी बारिश रिकॉर्ड हुई।
छत्तीसगढ़: 10 से 14 अगस्त तक भारी बारिश
छत्तीसगढ़ में 10 अगस्त को व्यापक बारिश की संभावना है। इसके बाद 12 से 15 अगस्त के बीच भी कई स्थानों पर बारिश जारी रह सकती है। मौसम विभाग ने 10 से 14 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। 10 से 12 अगस्त के बीच गरज-चमक और बिजली गिरने की भी संभावना है।
महाराष्ट्र: कोंकण-गोवा में लगातार बारिश
महाराष्ट्र के कोंकण और गोवा क्षेत्र में 10 से 15 अगस्त तक व्यापक बारिश का अनुमान है। मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में इस अवधि के दौरान छिटपुट से लेकर अलग-अलग स्थानों पर बारिश हो सकती है। विदर्भ में भी 10 से 15 अगस्त तक बारिश की संभावना बनी हुई है। 10 अगस्त को विदर्भ में गरज-चमक का अलर्ट है।
गुजरात: कई इलाकों में बारिश, गरज-चमक की संभावना
गुजरात रीजन और सौराष्ट्र-कच्छ में 10 से 15 अगस्त तक अलग-अलग स्थानों पर बारिश हो सकती है। 10 अगस्त को गुजरात क्षेत्र में गरज-चमक की संभावना जताई गई है।
बिहार: 13 से 15 अगस्त के बीच भारी बारिश
IMD फोरकास्ट के मुताबिक, बिहार में 10 से 12 अगस्त के दौरान कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। इसके बाद 13 से 15 अगस्त के बीच बारिश का दायरा बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने 13 से 15 अगस्त के बीच बिहार में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तेज हवाओं और गरज-चमक की भी संभावना है।
झारखंड: आज भारी बारिश की चेतावनी
झारखंड में 10 अगस्त को व्यापक बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। 10 से 12 अगस्त के बीच गरज-चमक और तेज हवाओं का भी असर देखने को मिल सकता है।
ओडिशा: 12 से 15 अगस्त तक भारी बारिश
ओडिशा में 10 से 15 अगस्त तक कई स्थानों पर बारिश की संभावना है। 12 से 15 अगस्त के बीच भारी बारिश हो सकती है। 10 से 12 अगस्त तक कुछ क्षेत्रों में तेज हवाओं और गरज-चमक का असर भी रहेगा।
पश्चिम बंगाल और सिक्किम: बारिश का लंबा दौर
उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 10 से 15 अगस्त तक व्यापक बारिश की संभावना है। 12 अगस्त को भारी बारिश हो सकती है। गंगीय पश्चिम बंगाल में 10 से 15 अगस्त तक बारिश का दौर बना रहेगा और 13-14 अगस्त को भारी बारिश की संभावना है। 10 अगस्त को तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
पूर्वोत्तर भारत: असम-मेघालय में बहुत भारी बारिश
अरुणाचल प्रदेश में 12 से 14 अगस्त तक व्यापक बारिश की संभावना है। 11 से 15 अगस्त के बीच भारी बारिश हो सकती है। असम और मेघालय में 10 से 15 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। 10 से 12 अगस्त के बीच भारी बारिश और 13 से 15 अगस्त के बीच कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी 10 से 15 अगस्त तक बारिश की संभावना है। इन राज्यों में 12 से 15 अगस्त के बीच भारी बारिश का अलर्ट है।
दक्षिण भारत: केरल-कर्नाटक में लगातार बारिश
दक्षिण भारत में भी मानसून सक्रिय रहेगा। केरल, माहे, तटीय कर्नाटक और लक्षद्वीप में 10 से 15 अगस्त तक व्यापक बारिश की संभावना है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 10 अगस्त को गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। तटीय आंध्र प्रदेश और यानम तथा रायलसीमा में 10 से 12 अगस्त तक गरज-चमक और तेज हवाओं का असर संभव है। तेलंगाना, उत्तर आंतरिक कर्नाटक और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भी 10 से 15 अगस्त तक बारिश का अनुमान है।
अंडमान-निकोबार: तेज हवाओं के साथ बारिश
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 10 से 15 अगस्त तक व्यापक बारिश की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक के साथ 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिनके झोंके 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं।
मौसम सिस्टम की स्थिति क्या है?
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्र में बना निम्न दबाव क्षेत्र 10 अगस्त की सुबह उत्तर मध्य प्रदेश और आसपास के इलाके में मौजूद था। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 7.6 किमी की ऊंचाई तक फैला हुआ है। मानसून ट्रफ भी जैसलमेर, गुना, उत्तर मध्य प्रदेश के निम्न दबाव क्षेत्र, डाल्टनगंज और दीघा होते हुए बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। इसके अलावा उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और आसपास के क्षेत्र में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके प्रभाव से 13 अगस्त के आसपास इसी क्षेत्र में एक नया निम्न दबाव क्षेत्र बनने की संभावना है।
कहां सबसे ज्यादा बारिश हुई?
पिछले 24 घंटे में पश्चिमी मध्य प्रदेश, असम-मेघालय, नागालैंड-मणिपुर-मिजोरम-त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, हिमाचल प्रदेश, अंडमान-निकोबार, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, कोंकण-गोवा, पूर्वी मध्य प्रदेश, तेलंगाना, तटीय कर्नाटक, केरल और लक्षद्वीप में कई जगह बारिश दर्ज हुई। सबसे ज्यादा उल्लेखनीय बारिश पश्चिमी मध्य प्रदेश में रही, जहां भोपाल-अरेरा हिल्स में 12 सेमी और गुना में 7 सेमी बारिश दर्ज की गई।
उत्तराखंड के देहरादून-मोकामपुर में 4 सेमी बारिश हुई। IMD के मुताबिक अगले कुछ दिनों में मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। वहीं, कोंकण-गोवा, तटीय कर्नाटक और केरल में लगातार बारिश जारी रहने की संभावना है। 11 से 15 अगस्त के बीच कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश वाले क्षेत्र बढ़ सकते हैं।