IMD का हैवी रेन अलर्ट: दिल्ली से यूपी तक बहुत भारी बारिश का खतरा, इन 16 राज्यों के लिए जारी हुई चेतावनी! 16 जुलाई तक ऐसा रहेगा मौसम
IMD Heavy Rain Alert: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की वेदर बुलेटिन के मुताबिक मध्य उत्तर प्रदेश के उत्तरी हिस्सों के ऊपर इस समय एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके असर से दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड सहित देश के 16 से अधिक राज्यों में बहुत भारी बारिश का खतरा बना हुआ है
IMD Heavy Rain Alert: देश के 16 से अधिक राज्यों में बहुत भारी बारिश का खतरा बना हुआ है
India Weather Update: देश भर में मानसून के पूरी तरह सक्रिय होने के साथ ही मौसम विभाग (IMD) ने बारिश को लेकर एक बड़ा और ताजा अपडेट जारी किया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की वेदर बुलेटिन के मुताबिक मध्य उत्तर प्रदेश के उत्तरी हिस्सों के ऊपर इस समय एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके असर से दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड सहित देश के 16 से अधिक राज्यों में बहुत भारी बारिश का खतरा बना हुआ है।
मौसम विभाग ने 16 जुलाई तक के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों के लिए विस्तृत पूर्वानुमान और चेतावनी जारी की है। जहां एक तरफ उत्तर, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत में मूसलाधार बारिश का दौर जारी रहेगा वहीं अगले 6-7 दिनों के दौरान मध्य और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में बारिश में कमी देखने को मिल सकती है।
आइए जानते हैं मौसम विभाग के बुलेटिन के मुताबिक 16 जुलाई तक देश के विभिन्न राज्यों में मौसम का हाल कैसा रहेगा और कहां-कहां अलर्ट जारी किया गया है:-
पिछले 24 घंटों में हुई रिकॉर्ड तोड़ बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक 10 जुलाई को सुबह 08:30 बजे समाप्त हुए पिछले 24 घंटों के दौरान देश के कई हिस्सों में रिकॉर्ड तोड़ बारिश और आंधी-तूफान दर्ज किया गया:-
एक्सट्रीम भारी बारिश: उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश में कुछ जगहों पर भीषण भारी बारिश (221 सेमी तक) दर्ज की गई।
बहुत भारी बारिश: पूर्वी मध्य प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, मेघालय, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, बिहार और हरियाणा में 12 से 20 सेमी तक बारिश हुई।
भारी बारिश: पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ व दिल्ली, पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी मध्य प्रदेश, त्रिपुरा और गंगा तटीय पश्चिम बंगाल में 7 से 11 सेमी तक पानी बरसा।
आंधी-तूफान और तेज हवाएं: पूर्वी मध्य प्रदेश में 60-80 किमी/घंटा की रफ्तार से जबकि अंडमान-निकोबार, ओडिशा, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी यूपी, राजस्थान, पश्चिमी एमपी, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, गुजरात, कच्छ, तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, रायलसीमा, तेलंगाना और आंतरिक कर्नाटक में 40-60 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं।
16 जुलाई तक देश के सभी राज्यों का विस्तृत पूर्वानुमान
उत्तर-पश्चिम भारत
आज दिल्ली-एनसीआर (हरियाणा, चंडीगढ़ व दिल्ली), हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर बहुत भारी बारिश की आशंका है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 10 और 11 जुलाई को बहुत भारी बारिश हो सकती है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में 10 से 16 जुलाई तक व्यापक से बहुत व्यापक बारिश जारी रहेगी।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 11 से 16 जुलाई और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 14 से 16 जुलाई के बीच छिटपुट से लेकर बिखरी हुई बारिश होगी। जम्मू-कश्मीर-लद्दाख में 11-12 जुलाई, हिमाचल में 11-15 जुलाई, उत्तराखंड में 11-16 जुलाई, पंजाब में 10-13 जुलाई, दिल्ली-हरियाणा में 11-13 जुलाई को भारी बारिश हो सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 12-14 जुलाई तक भारी बारिश का दौर रहेगा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 11 जुलाई को भारी बारिश की संभावना है।
मध्य भारत
पूर्वी मध्य प्रदेश में आज भारी बारिश के साथ व्यापक वर्षा की संभावना है। इसके बाद 15-16 जुलाई को दोबारा भारी बारिश का दौर लौटेगा। छत्तीसगढ़ में आज और फिर 13-16 जुलाई के दौरान व्यापक बारिश और 13-16 जुलाई के बीच ही भारी बारिश की चेतावनी है।
विदर्भ में 14-16 जुलाई के बीच व्यापक बारिश होगी जबकि पश्चिमी मध्य प्रदेश में 10-16 जुलाई के दौरान छिटपुट बारिश देखी जाएगी। पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश में 10-14 जुलाई के दौरान 40 से 60 किमी/घंटा तक की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं और बिजली गिरने की संभावना है। विदर्भ में यह स्थिति 12-14 जुलाई के बीच रहेगी।
पूर्वी भारत
बिहार में 10-11 जुलाई को व्यापक बारिश होगी जबकि 12-14 जुलाई के बीच भारी बारिश का अलर्ट है। झारखंड में 12-16 जुलाई के दौरान व्यापक बारिश होगी और 13-14 जुलाई को भारी बारिश की संभावना है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 10-12 जुलाई के दौरान बहुत भारी बारिश होगी जबकि 13-16 जुलाई को भारी बारिश का अनुमान है। गंगा तटीय पश्चिम बंगाल में 11-14 जुलाई को भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। ओडिशा में 13-16 जुलाई के बीच व्यापक रूप से भारी बारिश होने की संभावना है।
पूर्वोत्तर भारत
असम, मेघालय और अरुणाचल: अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 10 से 16 जुलाई तक लगातार व्यापक से बहुत व्यापक बारिश और गरज-चमक की स्थिति बनी रहेगी। अरुणाचल प्रदेश में 10 जुलाई और असम-मेघालय और नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम व त्रिपुरा में 10 और 11 जुलाई को बहुत भारी बारिश होने की पूरी संभावना है। इसके बाद इन क्षेत्रों में 12 से 16 जुलाई तक भारी बारिश जारी रहेगी।
पश्चिमी भारत
कोंकण और गोवा के क्षेत्रों में 10 से 16 जुलाई के दौरान लगातार व्यापक से बहुत व्यापक बारिश देखने को मिलेगी। गुजरात क्षेत्र, सौराष्ट्र व कच्छ, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में 10 से 16 जुलाई के दौरान केवल छिटपुट से लेकर बिखरी हुई बारिश की ही संभावना है।
दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत
तटीय कर्नाटक में 10-16 जुलाई तक लगातार व्यापक बारिश होगी। केरल और माहे तथा लक्षद्वीप में आज व्यापक बारिश होगी। इसके बाद केरल में 12-16 जुलाई के बीच छिटपुट बारिश दर्ज होगी। 10 जुलाई को तटीय कर्नाटक, केरल व माहे, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और तमिलनाडु, पुडुचेरी व कराइकल में अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश की चेतावनी है।