Weather News : 3 डिग्री पारा...अभी और होगी बारिश, जानें इस वीकेंड उत्तर भारत में कैसा रहेगा मौसम

Weather News : मौसम विभाग के अनुसार शनिवार से मौसम में काफी हद तक सुधार होने की उम्मीद है। हालांकि 26 से 28 जनवरी के बीच एक और मजबूत पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है। इसकी वजह से 27 जनवरी को पश्चिमी हिमालयी इलाकों में कुछ जगहों पर भारी बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है

अपडेटेड Jan 23, 2026 पर 7:02 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
उत्तर भारत में शुक्रवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली है।

उत्तर भारत में शुक्रवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली है। राजधानी दिल्ली में सुबह से हो रही बारिश ने हवा में ठंडक घोल दी है। बीते दिनों जहां तेज धूप निकल रही थी और लोगों को सर्दी से कुछ राहत महसूस हो रही थी, वहीं आज सुबह तेज हवाओं के साथ कई इलाकों में बारिश देखने को मिली। मौसम  विभाग (IMD) ने शुक्रवार को चेतावनी दी कि पहाड़ी इलाकों में इस मौसम की पहली भारी बर्फबारी के बाद अगले 24 घंटों में दिल्ली समेत उत्तर-पश्चिम भारत में ठंड और बढ़ सकती है। IMD के अनुसार, इस दौरान न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की संभावना है।

पहाड़ी राज्यों में हुई जमकर बर्फबारी

IMD ने बताया कि जम्मू और कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के ज़्यादातर इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ भारी बर्फबारी हुई है। वहीं उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में भी बारिश और बर्फबारी दर्ज की गई है। अपने मौसम बुलेटिन में IMD ने कहा है कि अगले 24 घंटों के दौरान दिल्ली सहित उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में रात के तापमान में साफ तौर पर गिरावट देखने को मिलेगी, जिससे ठंड और तेज हो सकती है।


इस वीकेंड कैसा रहेगा मौसम?

गुरुवार रात से शुक्रवार सुबह के बीच शिमला, मनाली, केलांग, कुफरी, भरमौर, गुलमर्ग, कुपवाड़ा, पहलगाम, कुकरनाग, काजीगुंड और बनिहाल समेत कई इलाकों में बर्फबारी हुई। वहीं उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में भी इस मौसम की पहली बर्फबारी दर्ज की गई। इस बीच उत्तर-पश्चिम भारत इस बार अब तक की सबसे सूखी सर्दियों में से एक का सामना कर रहा है। आंकड़ों के मुताबिक, दिसंबर में बारिश सामान्य से करीब 84.8 फीसदी कम रही, जबकि जनवरी के पहले 10 दिनों में भी लगभग 84 फीसदी की कमी दर्ज की गई। इसी वजह से सर्दियों के चरम समय में भी कई पहाड़ी इलाकों में बर्फ नहीं पड़ पाई थी। हालांकि भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) का कहना है कि अब शुरू हुई बर्फबारी के बाद बारिश और बर्फ की इस कमी में कुछ हद तक सुधार होने की उम्मीद है।

इन जगहों पर होगी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार से मौसम में काफी हद तक सुधार होने की उम्मीद है। हालांकि 26 से 28 जनवरी के बीच एक और मजबूत पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है। इसकी वजह से 27 जनवरी को पश्चिमी हिमालयी इलाकों में कुछ जगहों पर भारी बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। इस दौरान हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान 1 से 4 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। वहीं उत्तर प्रदेश में कई जगहों पर तापमान 5 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।

इसके अलावा राजस्थान, मध्य प्रदेश के उत्तरी हिस्सों, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ और मेघालय में भी कुछ जगहों पर ठंड ज्यादा रही। देश के बाकी अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर दर्ज किया गया। वहीं पश्चिमी हिमालय के ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान शून्य से नीचे चला गया।

मौसम  विभाग (IMD) ने बताया है कि पाकिस्तान के उत्तरी हिस्से के ऊपर कम दबाव का एक मजबूत क्षेत्र बना हुआ है। इससे जुड़ा चक्रवाती सिस्टम ऊपरी वायुमंडल तक फैला है और इसकी दिशा ऊंचाई के साथ उत्तर-पश्चिम की ओर झुकी हुई है। इस सिस्टम से जुड़ी एक ट्रफ निचले और मध्य वायुमंडलीय स्तरों से होते हुए उत्तर-पूर्वी अरब सागर तक फैली है। इसके अलावा कर्नाटक के दक्षिणी अंदरूनी इलाकों में भी निचले वायुमंडल में हवा का चक्रवाती घुमाव बना हुआ है।

मौसम विभाग के अनुसार, शुरुआती ठंड के बाद अगले दो दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद अगले तीन दिनों में तापमान धीरे-धीरे 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। वहीं मध्य भारत में अगले तीन दिनों में तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है, जिसके बाद 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। महाराष्ट्र में भी अगले 48 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।