IMD Rain Forecast: इन 10 राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट! पहाड़ों पर होगी बर्फबारी; दिल्ली में छाएगा कोहरा, जानें- 13 नवंबर तक मौसम का हाल
IMD Rain Forecast: मौसम विभाग (IMD) ने 7 से 13 नवंबर तक देश के कई राज्यों में भारी बारिश, बर्फबारी, आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। देश के 10 से अधिक राज्यों में भारी बारिश का असर देखने को मिल सकता है। वहीं, दिल्ली-NCR में सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरे के साथ तापमान में गिरावट दर्ज हो सकती है
IMD Rain Forecast: जानिए दिल्ली, यूपी, बिहार, राजस्थान समेत देशभर में 13 नवंबर तक मौसम का पूरा हाल
IMD Weather Forecast 7-13 November 2026: देशभर में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 7 से 13 नवंबर के बीच दक्षिण भारत, पूर्वोत्तर और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के कई इलाकों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का पूर्वानुमान जारी किया है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 7 से 10 नवंबर तक भारी बारिश की चेतावनी है, जबकि केरल और माहे में 7 और 8 नवंबर को भारी बारिश हो सकती है। दूसरी ओर, उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम बदलने वाला है। कश्मीर घाटी में 12 नवंबर को भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
दिल्ली-NCR की बात करें तो अगले चार दिनों तक आसमान मुख्य रूप से साफ से आंशिक बादलों वाला रहेगा। हालांकि, सुबह के समय कई इलाकों में हल्के से मध्यम कोहरे का असर देखने को मिल सकता है। दिल्ली में अधिकतम तापमान धीरे-धीरे नीचे आने का अनुमान है।
दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट, तमिलनाडु में सबसे ज्यादा असर
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण भारत के कई राज्यों में अगले एक सप्ताह तक रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 7 से 10 नवंबर के दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। केरल और माहे में 7 और 8 नवंबर को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
तमिलनाडु में बारिश का दौर पहले ही शुरू हो चुका है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में भारी बारिश दर्ज की गई। श्रीवैकुंडम में 9 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है। इसके अलावा तटीय आंध्र प्रदेश, यानम, रायलसीमा और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 7 से 13 नवंबर तक अलग-अलग स्थानों पर बारिश हो सकती है। तेलंगाना में 7 और 8 नवंबर को बारिश की संभावना है।
केरल और माहे के साथ लक्षद्वीप में 7 और 8 नवंबर को कई स्थानों पर व्यापक बारिश हो सकती है। इन इलाकों में गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका है।
50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
बारिश के साथ दक्षिण भारत के कई राज्यों में तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 7 से 10 नवंबर तक गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इनके झोंके 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं।
केरल, माहे और लक्षद्वीप में 7 और 8 नवंबर को भी इसी तरह की तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में 7 से 9 नवंबर तक आंधी-तूफान जैसी परिस्थितियां बन सकती हैं। मौसम विभाग ने लक्षद्वीप और आसपास के समुद्री क्षेत्रों में खराब मौसम को देखते हुए मछुआरों को 7 नवंबर को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है।
पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा पहाड़ों का मौसम, कश्मीर में बारिश-बर्फबारी
उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में 10 नवंबर से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, एक नया पश्चिमी विक्षोभ 10 नवंबर से उत्तर-पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। इसके असर से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी:-
जम्मू-कश्मीर और लद्दाख: 10 नवंबर को कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। 11 से 13 नवंबर के दौरान कई इलाकों में व्यापक बारिश की संभावना है।
हिमाचल प्रदेश: 10 से 13 नवंबर तक कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। 12 और 13 नवंबर को तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है।
उत्तराखंड: 8 से 11 नवंबर और 13 नवंबर को अलग-अलग स्थानों पर बारिश हो सकती है।
कश्मीर घाटी: 12 नवंबर को भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है।
जम्मू-कश्मीर और आसपास के क्षेत्रों में 10 से 13 नवंबर के दौरान गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इनके झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।
दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम? सुबह कोहरा, दिन में साफ रहेगा आसमान
दिल्ली और एनसीआर में फिलहाल भारी बारिश की कोई संभावना नहीं है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 7 नवंबर को दिल्ली में आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। इसके बाद सुबह के समय कोहरे का असर बढ़ सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, 8 नवंबर को सुबह अधिकांश स्थानों पर हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना है। 9 और 10 नवंबर को भी सुबह के समय मध्यम कोहरा छा सकता है। दिल्ली में 10 नवंबर तक अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आने का अनुमान है। इस दिन अधिकतम तापमान सामान्य से 1.6 से 3 डिग्री सेल्सियस नीचे रह सकता है। हालांकि, न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास बने रहने की संभावना है।
बंगाल से लेकर ओडिशा तक बारिश का अनुमान
पूर्वी भारत में भी मौसम की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 7 से 13 नवंबर तक कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। यहां 9 से 13 नवंबर के दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है।
पश्चिम बंगाल और सिक्किम: 9 से 12 नवंबर के बीच अलग-अलग स्थानों पर बारिश हो सकती है
झारखंड: 10 और 11 नवंबर को बारिश का अनुमान है।
बिहार: 11 नवंबर को कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है।
ओडिशा: 7 नवंबर और फिर 10 से 12 नवंबर के बीच बारिश होने की आशंका है।
अंडमान-निकोबार: 9 से 13 नवंबर के दौरान गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है।
पूर्वोत्तर के इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
पूर्वोत्तर भारत में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। अरुणाचल प्रदेश में 7 नवंबर और फिर 9 से 13 नवंबर के दौरान बारिश हो सकती है। असम और मेघालय में 9 से 13 नवंबर तक अलग-अलग स्थानों पर बारिश का अनुमान है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 7 से 12 नवंबर के बीच बारिश की आशंका है।
भारी बारिश की बात करें तो असम और मेघालय में 11 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 10 और 11 नवंबर को भारी बारिश का अलर्ट है।
राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, पश्चिम और मध्य भारत में अगले एक सप्ताह के दौरान किसी बड़े मौसमी बदलाव की संभावना नहीं है। राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ सहित पश्चिम एवं मध्य भारत के अधिकांश हिस्सों में कोई महत्वपूर्ण मौसमी गतिविधि होने का अनुमान नहीं है। इसलिए इन क्षेत्रों में फिलहाल भारी बारिश या बड़े स्तर पर आंधी-तूफान का अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
भारी बारिश और तेज हवाओं से इन परेशानियों का खतरा
मौसम विभाग ने भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण संभावित नुकसान को लेकर भी चेतावनी दी है। इसके मुताबिक:-
1. तेज हवाओं से पेड़ की शाखाएं टूट सकती हैं और छोटे पेड़ उखड़ सकते हैं।
2. केले, पपीते और अन्य बागवानी फसलों को नुकसान पहुंच सकता है।
3. कच्चे मकानों, झोपड़ियों और कमजोर दीवारों को क्षति हो सकती है।
4. निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति बन सकती है।
5. पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और मलबा गिरने की आशंका है।
6. भारी बारिश से सड़क और रेल ट्रैफिक प्रभावित हो सकता है।
7. समुद्र में छोटी नावों, ट्रॉलरों और जहाजों के संचालन में परेशानी आ सकती है।
IMD ने लोगों को दी ये सावधानियां बरतने की सलाह
मौसम विभाग ने बारिश, आंधी और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है:-
आकाशीय बिजली चमकने के दौरान पेड़ों के नीचे शरण न लें।
बिजली गिरने की आशंका होने पर इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्लग निकाल दें।
जलाशयों और पानी वाले स्थानों से दूर रहें।
तेज बारिश के दौरान निचले और जलभराव वाले इलाकों में जाने से बचें।
पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोग मौसम की स्थिति पर नजर रखें।
समुद्र में जाने वाले मछुआरे मौसम विभाग की चेतावनी का पालन करें।
किसानों के लिए भी जारी हुई एडवाइजरी
तमिलनाडु और केरल के किसानों को भारी बारिश से फसलों को बचाने के लिए विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। तमिलनाडु में धान, मक्का और अन्य फसलों के खेतों से अतिरिक्त पानी निकालने की व्यवस्था करने को कहा गया है। केले की फसल को तेज हवाओं से बचाने के लिए पौधों को सहारा देने और गन्ने के खेतों में जल निकासी की व्यवस्था करने की सलाह दी गई है। वहीं, केरल में खड़ी फसलों के खेतों में पानी जमा नहीं होने देने और केले-पपीते के पौधों को सहारा देने की सलाह दी गई है।
13 नवंबर तक देश में मौसम का क्या रहेगा हाल?
कुल मिलाकर 7 से 13 नवंबर के बीच देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिलेंगे। दक्षिण भारत में भारी बारिश और तेज हवाओं का असर रहेगा, जबकि पूर्वोत्तर भारत और अंडमान-निकोबार में भी बारिश का दौर जारी रह सकता है। उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश और बर्फबारी की गतिविधियां बढ़ेंगी। दिल्ली-NCR में फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है। लेकिन सुबह के समय कोहरा और तापमान में धीरे-धीरे गिरावट देखने को मिलेगी।