कहीं भारी बारिश तो कहीं घना कोहरा... IMD ने जारी किया अगले 7 दिनों का मौसम अलर्ट, दिल्ली-यूपी में ऐसा रहेगा हाल

IMD ने अगले 7 दिनों के लिए मौसम अलर्ट जारी किया है। तमिलनाडु-केरल में भारी बारिश और दिल्ली-UP समेत कई राज्यों में घने कोहरे की चेतावनी है। जानें पूरे देश का मौसम अपडेट।

अपडेटेड Nov 27, 2026 पर 3:16 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
IMD के मुताबिक, अगले सात दिनों में देश में शीतलहर या कोल्ड डे की कोई महत्वपूर्ण स्थिति बनने की संभावना नहीं है। महाराष्ट्र में अगले दो दिन न्यूनतम तापमान में खास बदलाव नहीं होगा जबकि इसके बाद तीन दिनों में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है।

देश के कई हिस्सों में मौसम का अलग-अलग मिजाज देखने को मिल रहा है। दक्षिण भारत में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है, जबकि उत्तर भारत के राज्यों में सुबह के समय घना कोहरा छा सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा बुलेटिन के मुताबिक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 27 और 28 नवंबर को भारी बारिश होने की संभावना है। केरल और माहे में भी 27 नवंबर को कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में 30 नवंबर से 2 दिसंबर तक भारी बारिश का अलर्ट है।

तमिलनाडु-केरल में बारिश और आंधी का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 27 नवंबर को छिटपुट बारिश और 28 नवंबर को व्यापक बारिश हो सकती है। इन इलाकों में दोनों दिन कुछ जगहों पर भारी बारिश की आशंका है। केरल और माहे में 27 नवंबर को भारी बारिश के साथ 27 और 28 नवंबर को कई जगहों पर बारिश हो सकती है। इस दौरान केरल, माहे, लक्षद्वीप और तमिलनाडु-पुडुचेरी क्षेत्र में गरज-चमक, बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। झोंकों में हवा की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।


अंडमान-निकोबार में दिसंबर की शुरुआत में बदलेगा मौसम

अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में 27 से 29 नवंबर के बीच कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। 30 नवंबर से 3 दिसंबर के बीच बारिश का दायरा बढ़ने की संभावना है। 30 नवंबर से 2 दिसंबर तक कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। 29 नवंबर से 2 दिसंबर के दौरान गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का भी अनुमान है। झोंकों में इनकी गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है।

दिल्ली-यूपी समेत इन राज्यों में घने कोहरे की चेतावनी

उत्तर भारत में कोहरे को लेकर भी मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 27 और 28 नवंबर को कुछ जगहों पर घना कोहरा छा सकता है। हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, पंजाब के अलावा नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 27 से 29 नवंबर तक घने कोहरे की संभावना है। हिमाचल प्रदेश में 27 नवंबर से 1 दिसंबर तक और असम-मेघालय में 27 नवंबर को कोहरा छा सकता है।

कहां हुई भारी बारिश, कहां दर्ज हुआ घना कोहरा?

पिछले 24 घंटों में तमिलनाडु के कोविलपट्टी (थूथुकुडी) में 13 सेंटीमीटर और तेलंगाना के भुवनगिरी में 12 सेंटीमीटर बहुत भारी बारिश दर्ज की गई। ओडिशा के कुछ इलाकों में बहुत घना कोहरा रहा। राउरकेला और कोरापुट में विजिबिलिटी 50 मीटर दर्ज की गई। पूर्वी यूपी के आजमगढ़ में 100 मीटर, हिमाचल के बिलासपुर में 150 मीटर और त्रिपुरा के अगरतला में 50 मीटर विजिबिलिटी रही।

अगले सात दिनों में शीतलहर का अलर्ट नहीं

IMD के मुताबिक, अगले सात दिनों में देश में शीतलहर या कोल्ड डे की कोई महत्वपूर्ण स्थिति बनने की संभावना नहीं है। महाराष्ट्र में अगले दो दिन न्यूनतम तापमान में खास बदलाव नहीं होगा जबकि इसके बाद तीन दिनों में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। पश्चिम और मध्य भारत में अगले एक सप्ताह के दौरान कोई महत्वपूर्ण मौसमी गतिविधि होने का अनुमान नहीं है। मछुआरों को 27 नवंबर को केरल तट और लक्षद्वीप क्षेत्र और 30 नवंबर से 2 दिसंबर तक अंडमान सागर में समुद्र में न जाने की चेतावनी दी गई है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।