Indus Water Treaty: विदेश मंत्रालय ने शनिवार 10 मई को बताया कि भारत और पाकिस्तान युद्ध विराम पर सहमत हो गए हैं. प्रेस ब्रीफ करते हुए विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने बताया कि, आज शाम 5 बजे दोनों देशों के बीच सैन्य कार्रवाई रोक दी गई है। यानी की भारत-पाकिस्तान के बीच सीजफायर समझौता हो गया है।
उन्होंने आगे बताया कि पाकिस्तान के सैन्य संचालन महानिदेशक ने आज शाम 3:35 बजे भारतीय मानक समय पर भारत के सैन्य संचालन महानिदेशक को फोन किया। उनके बीच यह सहमति बनी कि दोनों पक्ष आज 5 बजे से जमीन, हवा और समुद्र में सभी तरह की गोलीबारी और सैन्य कार्रवाई रोक देंगे। दोनों पक्षों को इस समझौते को लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। दोनों सैन्य संचालन महानिदेशक 12 मई को 12 बजे फिर से बात करेंगे।
वैसे ये तो रही सीजफायर की बात लेकिन अब सबके मन में यही सवाल है कि, पहलगाम अटैक के बाद भारत ने पाकिस्तान के ऊपर जो कदम उठाए थे जैसे सिंधु जल संधि को रद्द करना उसका क्या होगा?
बिना शर्तों के हुआ सीजफायर समझौता
विदेश मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तान की ओर से भारत से संपर्क करने के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर पर सहमति बनी है। इसमें कोई पूर्व या बाद की शर्तें नहीं हैं। सूत्र ने बताया कि, सिंधु जल संधि स्थगित है और आगे भी रहेगी। इसके साथ ही अन्य सभी उठाए गए कदम यथावत रहेंगे और आतंकवाद पर भारत की स्थिति अभी भी वही है।