India-Pakistan War News: भारतीय वायुसेना स्टेशन से संभावित हमले की चेतावनी मिलने के बाद अंबाला में हवाई हमले का सायरन बजाया गया। जिला प्रशासन ने लोगों को घर के अंदर रहने और बालकनियों से दूर रहने की सलाह दी है। सूत्रों के अनुसार, अलर्ट शुक्रवार को सुबह करीब 10:20 बजे जारी किया गया। अंबाला में सायरन तब बजा जब चंडीगढ़ में सुबह-सुबह भारतीय वायुसेना स्टेशन से "संभावित हमले" की चेतावनी मिलने के बाद हवाई हमले का सायरन बजाया गया। प्रशासन ने बाद में कहा कि अलर्ट खत्म हो गया है। बता दें कि भारत-पाकिस्तान के बीच इस वक्त तनाव अपने चरम पर है।
चंडीगढ़ प्रशासन ने शुक्रवार को हवाई हमले की चेतावनी देते हुए सायरन बजाकर लोगों से घरों के अंदर रहने की अपील की। चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया, "वायुसेना स्टेशन से संभावित हमले की चेतावनी मिली है। सायरन बजाए जा रहे हैं। सभी को घरों के अंदर रहने और बालकनी में नहीं आने की सलाह दी गई है।" चंडीगढ़ पंजाब और हरियाणा की संयुक्त राजधानी है।
चंडीगढ़ में गुरुवार रात को भी ऐसे ही सायरन बजाए गए थे। भारत ने गुरुवार रात को जम्मू, पठानकोट, उधमपुर एवं कुछ अन्य स्थानों पर सैन्य ठिकानों पर पाकिस्तान द्वारा मिसाइल एवं ड्रोन से हमला किए जाने के प्रयासों को विफल कर दिया। इस घटनाक्रम के साथ ही दोनों देशों के बीच सैन्य संघर्ष व्यापक होने की आशंका प्रबल हो गई है।
पंजाब के मोहाली जिला प्रशासन ने भी चंडीगढ़ की सीमा से सटे इलाकों में रहने वाले लोगों को घरों के अंदर रहने की सलाह दी है। मोहाली प्रशासन की ओर से जारी संदेश में कहा गया, "चंडीगढ़ के कुछ इलाकों में अलर्ट जारी है। हम मोहाली के सीमावर्ती सेक्टर में रहने वाले लोगों को सलाह देते हैं कि वे घरों के अंदर ही रहें और खिड़कियों एवं शीशों के पास न जाएं।"
रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में बताया कि पाकिस्तानी सेना ने सात-आठ मई की रात को अवंतीपुरा, श्रीनगर, जम्मू, पठानकोट, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, आदमपुर, बठिंडा, चंडीगढ़, नल, फलोदी, उत्तरलाई और भुज को निशाना बनाने का प्रयास किया।
यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है जब भारतीय सशस्त्र बलों ने 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के जवाब में 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत पाकिस्तान और उसके कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में बुधवार को 9 आतंकवादी ठिकानों पर सटीक मिसाइल हमले किए थे।
भारत ने गुरुवार (8 मई) रात को जम्मू, पठानकोट, उधमपुर एवं कुछ अन्य स्थानों पर सैन्य ठिकानों पर पाकिस्तान की तरफ से मिसाइल एवं ड्रोन से हमला किए जाने के प्रयासों को विफल कर दिया। इसके साथ ही दोनों देशों के बीच सैन्य संघर्ष व्यापक होने की आशंका प्रबल हो गई है।
अखनूर, सांबा, बारामूला और कपुवाड़ा तथा विभिन्न स्थानों पर विस्फोट और सायरन की आवाज सुनी गई। भारतीय सेना ने पाकिस्तान से लगने वाली सीमा पर रात के समय व्यापक अभियान चलाया। पाकिस्तान अब शांति की गुहार लगा रहा है।