पाकिस्तान ने देर रात फिर कई भारतीय शहरों को ड्रोन और मिसाइलों से निशाना बनाया। हालांकि, भारत ने जवाबी एक्शन में उसके करीब 4 एयरबेस को निशाना बनाया। इस बीच सूत्रों ने बताया कि शनिवार को सुबह-सुबह एक बड़ी घटना हुई, जिसमें श्रीनगर सैन्य अड्डे से दागी गई भारतीय मिसाइलों ने पाकिस्तानी वायुसेना के दो लड़ाकू विमानों को मार गिराया। एक पाकिस्तानी लड़ाकू विमान को श्रीनगर के लासजान के पास मार गिराया गया, जबकि दूसरे को उत्तरी कश्मीर में मार गिराया गया।
कल रात पाकिस्तान की ओर से तनाव बढ़ाए जाने के बाद भारत ने आज सुबह श्रीनगर से पांच मिसाइलें दागीं। CNN-News18 से बात करने वाले रक्षा सूत्रों के अनुसार, भारत ने शनिवार सुबह तड़के पाकिस्तान पर जवाबी हमले किए, जिसमें इस्लामाबाद, लाहौर और रावलपिंडी शहरों के साथ-साथ तीन वायु सेना ठिकानों को निशाना बनाया गया।
पाकिस्तान के अलग-अलग इलाकों में कई धमाके सुने गए- रावलपिंडी में दो और लाहौर और इस्लामाबाद में एक-एक। हवाई हमलों में तीन वायुसेना अड्डे भी शामिल थे: रावलपिंडी में नूर खान एयरबेस, शोरकोट (पंजाब) में रफीकी एयरबेस और चकवाल (पंजाब) में मुरीद एयरबेस।
पाकिस्तान के तीन एयरबेस को भारत ने बनाया निशाना
इस बीच पाकिस्तान ने शनिवार सुबह दावा किया कि भारत ने मिसाइल और ड्रोन के जरिए उसके तीन एयरबेस को निशाना बनाया। पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी ने तड़के करीब चार बजे इस्लामाबाद में जल्दबाजी में बुलाए गए प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पाकिस्तानी वायुसेना के नूर खान (चकलाला, रावलपिंडी), मुरीद (चकवाल) और रफीकी (झंग जिले में शोरकोट) एयरबेस को निशाना बनाया गया।
उन्होंने दावा किया, ‘‘लेकिन वायु सेना की सभी संपत्तियां सुरक्षित हैं।’’ चौधरी ने दावा किया कि भारत ने अपने जेट विमानों से हवा से जमीन पर मार करने वाली मिसाइल दागीं।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की वायु रक्षा प्रणाली ने कई मिसाइल को बीच में रोक दिया। उन्होंने कहा कि यह ‘‘भारत का ऐसा भयावह कृत्य है जो क्षेत्र को घातक युद्ध की ओर धकेल रहा है और पाकिस्तान इस आक्रामकता का जवाब देगा। भारत हमारी प्रतिक्रिया का इंतजार करे।’