Israel-US Iran War: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (1 मार्च) रात संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से बात की। प्रधानमंत्री ने खाड़ी देश पर हुए ईरानी हमलों की कड़ी निंदा की। पीएम मोदी ने कहा कि भारत इस मुश्किल घड़ी में यूएई के साथ पूरी एकजुटता से खड़ा है। पीएम मोदी ने खाड़ी देश में रहने वाले भारतीय समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यूएई के राष्ट्रपति को धन्यवाद भी दिया। उन्होंने कहा कि भारत तनाव कम करने, क्षेत्रीय शांति, सुरक्षा और स्थिरता का समर्थन करता है।
प्रधानमंत्री मोदी ने X पर लिखा, "मैंने संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति, मेरे भाई शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से बात की। मैंने संयुक्त अरब अमीरात पर हुए हमलों की कड़ी निंदा की और इन हमलों में जान गंवाने वालों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। भारत इस कठिन समय में यूएई के साथ एकजुटता से खड़ा है।"
PM मोदी ने पोस्ट में आगे कहा, "हमने संयुक्त अरब अमीरात में रहने वाले भारतीय समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उन्हें धन्यवाद दिया। हम तनाव कम करने, क्षेत्रीय शांति, सुरक्षा और स्थिरता का समर्थन करते हैं।" अधिकारियों ने रविवार को बताया कि पिछले दो दिन में संयुक्त अरब अमीरात में हुए ईरानी हमलों के कारण तीन लोगों की मौत हो गई है। जबकि एक भारतीय नागरिक समेत 58 लोग घायल हो गए हैं।
अबू धाबी स्थित भारतीय दूतावास ने कहा कि उसे भारतीय नागरिक के घायल होने की जानकारी है। दूतावास ने कहा कि वह अस्पताल अधिकारियों के संपर्क में है। मिशन ने सोशल मीडिया पर कहा, "भारतीय नागरिक खतरे से बाहर है। हम हरसंभव सहायता प्रदान कर रहे हैं।"
अमेरिका और इजरायल द्वारा शनिवार को तेहरान पर हमला करने के बाद ईरान ने कई खाड़ी देशों में इजरायली और अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाते हुए हमलों को अंजाम दिया है। रविवार तड़के तेहरान द्वारा देश के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की इजरायल-अमेरिका के हमलों में मौत की घोषणा किए जाने के बाद ईरान की जवाबी कार्रवाई तेज हो गई।
संयुक्त अरब अमीरात के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि ईरान द्वारा हमले की शुरुआत से लेकर अब तक उसकी सेना ने 165 बैलिस्टिक मिसाइलों, दो क्रूज मिसाइलों और 541 ड्रोन के हमलों को झेला है। बयान कहा गया है, "कुल 541 ईरानी ड्रोन हमले हुए, जिनमें से 506 को रोककर नष्ट कर दिया गया। जबकि 35 देश के भीतर गिरे, जिससे भौतिक क्षति हुई।"
इसमें कहा गया है, "इन घटनाओं के परिणामस्वरूप पाकिस्तानी, नेपाली और बांग्लादेशी नागरिकों में से तीन की मौत हो गई और अमीराती, मिस्र, इथियोपियाई, फिलिपिनो, पाकिस्तानी, ईरानी, भारतीय, बांग्लादेशी, श्रीलंकाई, अजरबैजानी, यमनी, युगांडा, इरिट्रियाई, लेबनानी और अफगान नागरिकों में 58 लोग मामूली रूप से घायल हो गए।"