US-Israel Attacks Iran: दो पूर्व विधायक और 84 छात्रों समेत 700 भारतीय यात्री UAE में फंसे, ईरान के हमलों से दुबई में दहशत

US-Israel Attacks Iran: ईरान ने अमेरिकी और इजरायली हमलों के बदले में मिडिल ईस्ट में अमेरिका के कई साथी देशों पर हमले तेज कर दिए हैं। यूनाइटेड अरब अमीरात, कतर, बहरीन, कुवैत और सऊदी अरब में ईरान ड्रोन से हमला कर रहा है। दुबई समेत पूरे UAE में दो पूर्व विधायक और 84 छात्रों समेत 700 भारतीय यात्री फंसे हुए हैं

अपडेटेड Mar 01, 2026 पर 4:27 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
US-Israel Attacks Iran: पुणे के एक संस्थान के करीब 84 छात्र दुबई में फंसे हुए हैं

US-Israel Attacks Iran: पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण उड़ानें रद्द होने के बाद मध्य प्रदेश के दो पूर्व विधायक समेत राज्य के 700 से ज्यादा यात्री संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में फंस गए हैं। इसके अलावा महाराष्ट्र के पुणे स्थित एक संस्थान में MBA की पढ़ाई करने वाले 84 छात्र दुबई में फंसे हुए हैं। UAE ने इजरायल और अमेरिका के हमले के जवाब में दागे गए कई ईरानी मिसाइलों को रोका। इन हमलों में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि 7 लोग घायल हो गए हैं।

ट्रेवल एजेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की मध्य प्रदेश इकाई के चेयरमैन अमोल कटारिया ने पीटीआई को बताया, "फिलहाल प्रदेश के 700 से ज्यादा यात्री संयुक्त अरब अमीरात में फंसे हैं। ये लोग पर्यटन और कारोबार के लिए वहां गए थे।" उन्होंने बताया कि पश्चिम एशिया में संघर्ष के हालात के मद्देनजर प्रदेश के कई लोगों ने दुबई और शारजाह के अपने हवाई टिकट रद्द कराते हुए आगामी दिनों में यात्रा का कार्यक्रम निरस्त कर दिया है।

दुबई में फंसे यात्रियों में इंदौर-1 क्षेत्र के पूर्व विधायक और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता संजय शुक्ला शामिल हैं। पीटीआई के मुताबिक उन्होंने सोशल मीडिया पर एक बयान में कहा, "वर्तमान अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण दुबई एयरपोर्ट अस्थायी रूप से बंद होने से हमारी आज (रविवार) भारत वापसी संभव नहीं हो सकी है। इस दौरान दुबई के प्रशासन और भारत सरकार द्वारा हमें पूरा सहयोग प्राप्त हो रहा है। परिस्थितियां सामान्य होते ही हम शीघ्र इंदौर लौटेंगे।"


शुक्ला के चिंतित परिजन ईश्वर से उनकी सुरक्षित घर वापसी की प्रार्थना कर रहे हैं। उनके बेटे सागर ने पीटीआई को बताया, "मेरे पिता तीन दिन पहले इंदौर जिले के देपालपुर क्षेत्र के पूर्व विधायक विशाल पटेल और अपने कुछ उद्योगपति दोस्तों के साथ दुबई गए थे। उन्हें आज (रविवार) इंदौर लौटना था। लेकिन उड़ान रद्द होने से वे दुबई में ही फंसे हैं।"

उन्होंने बताया, "मेरी कुछ देर पहले पिता से फोन पर बात हुई थी। मैंने खुद इस बातचीत के दौरान वहां (दुबई) में धमाके सुने। इस गंभीर स्थिति के मद्देनजर मेरे पिता और उनके दोस्त एक सुरक्षित स्थान पर चले गए हैं।" पूर्व विधायक के बेटे ने उम्मीद जताई कि भारत सरकार के प्रयासों से उनके पिता और उनके दोस्तों की जल्द स्वदेश वापसी होगी।

इस बीच, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया पर एक बयान में कहा, "दुबई और शारजाह के हवाई अड्डों पर मध्य प्रदेश के 100 से अधिक नागरिक इजराइल-ईरान युद्ध की स्थिति के कारण फंसे हुए हैं। महिलाएं, बच्चे और परिजन कई घंटों से असुविधा में हैं। उनकी उड़ानें निरस्त होने के बाद चिंता बढ़ गई है।"

पटवारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आग्रह किया कि वह तत्काल हस्तक्षेप करें और संयुक्त अरब अमीरात में फंसे सभी भारतीयों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए उनकी शीघ्र स्वदेश वापसी की व्यवस्था कराएं। संयुक्त अरब अमीरात में एयरपोर्ट और कई अन्य स्थलों को निशाना बनाकर किए गए ईरान के हमलों ने शनिवार रात को लोगों को जगाए रखा।

84 MBA छात्र दुबई में फंसे

पुणे स्थित एक संस्थान में MBA की पढ़ाई करने वाले 84 छात्र पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के मद्देनजर हवाई क्षेत्र पर लगाए गए प्रतिबंधों के कारण दुबई में फंसे हुए हैं। इंदिरा स्कूल ऑफ बिजनेस स्टडीज (ISBS) के अधिकारियों ने बताया कि संस्थान के छात्र वार्षिक पांच दिवसीय स्टडी टूर के तहत दुबई गए थे। उन्होंने बताया कि सभी स्टूडेंट सुरक्षित हैं। उन्हें एक होटल में ठहराया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि 40 छात्रों को शनिवार को पुणे लौटना था। बाकी 44 छात्र-छात्राओं को रविवार को उड़ान भरनी थी। हालांकि, पश्चिम एशिया में संघर्ष एवं उसके परिणामस्वरूप हवाई क्षेत्र को बंद किए जाने के कारण वे लौट नहीं सकें। शैक्षिक संस्थान के डीन जनार्दन पवार ने बताया, "सभी सुरक्षित हैं। उन्हें एक होटल में ले जाया गया है।"

ये भी पढ़ें- Karachi Protest: खामेनेई की मौत पर पाकिस्तान में भारी बवाल! कराची में अमेरिकी दूतावास पर भीड़ का हमला, फायरिंग में 9 लोगों की मौत

इंदिरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स की चेयरपर्सन तारिता शंकर ने बताया कि एमबीए के छात्र और स्टाफ सदस्य स्टडी टूर के तहत दुबई गए थे। लेकिन हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण वे वहीं फंस गए हैं। उन्होंने बताया, "सभी छात्र और स्टाफ सदस्य सुरक्षित हैं। हम उनके साथ लगातार संपर्क में हैं। हम विदेश मंत्रालय और नागर विमानन मंत्रालय के साथ भी समन्वय कर रहे हैं। उन्हें जल्द से जल्द वापस लाया जाएगा।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।