Karachi Protest: खामेनेई की मौत के बाद पाकिस्तान में भारी बवाल! कराची में अमेरिकी दूतावास पर भीड़ का हमला, फायरिंग में 8 लोगों की मौत

Pro-Iran protest: ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या पर आक्रोश के बीच पाकिस्तान में सैकड़ों प्रदर्शनकारियों ने रविवार (1 मार्च) को कराची में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास पर धावा बोल दिया। रिपोर्ट के अनुसार, यह विरोध प्रदर्शन अयातुल्ला खामेनेई की मौत की पुष्टि करने के कुछ घंटों बाद हुआ

अपडेटेड Mar 01, 2026 पर 2:03 PM
Story continues below Advertisement
Israel-US Iran War: अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद पाकिस्तान के अलावा भारत में भी प्रदर्शन हो रहे हैं

Israel-US Iran War: अमेरिका और इजरायली हमलों में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद पाकिस्तान के कराची में प्रदर्शनकारियों ने अमेरिका के वाणिज्य दूतावास पर धावा बोल दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में प्रदर्शनकारियों को लाठियों और डंडों के साथ वाणिज्य दूतावास की ओर मार्च करते एवं इमारत की खिड़कियां तोड़ते हुए देखा जा सकता है। न्यूज जेंसी AP से बात करते हुए, एक पुलिस अधिकारी मोहम्मद जवाद ने कहा कि भीड़ को तितर-बितर करने के लिए सुरक्षाकर्मियों और अर्धसैनिक बलों को लाठियां एवं आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा।

स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, कराची में अमेरिका के वाणिज्य दूतावास में तैनात सुरक्षाकर्मियों और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प के दौरान कथित तौर पर हुई गोलीबारी में कम से कम आठ लोग मारे गए हैं। जबकि फायरिंग में 30 से अधिक घायल हो गए हैं। ईरान पर अमेरिकी और इजरायली हमलों के खिलाफ पाकिस्तान के कई शहरों में प्रदर्शन शुरू हो गए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि वाणिज्य दूतावास के बाहर हमलों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गया। भीड़ ने राजनयिक परिसर की ओर बढ़ने की कोशिश की। इसके बाद सुरक्षकर्मियों को फायरिंग करनी पड़ी। इस घटना के विजुअल्स सोशल मीडिया पर सामने आए, जिसमें भीड़ कॉन्सुलेट के एंट्रेंस एरिया में तोड़फोड़ करती दिख रही है। खबर है कि प्रदर्शनकारियों ने बिल्डिंग के कुछ हिस्सों में आग लगा दी।


प्रदर्शनकारियों ने खामेनेई की हत्या के बाद अमेरिका और इजरायल की निंदा करते हुए सुल्तानाबाद से माई कोलाची की ओर मार्च किया। बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों के एकत्र होने के बाद अधिकारियों ने एमटी खान रोड और आसपास के चौराहों सहित प्रमुख मार्गों को सील कर दिया।

प्रदर्शनकारियों द्वारा कथित तौर पर पथराव करने और बैरिकेड तोड़ने का प्रयास करने के बाद पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे। लगातार अशांति के बीच ट्रैफिक पुलिस ने सलाह जारी कर यात्रियों से प्रभावित क्षेत्रों से बचने का आग्रह किया।

ईरान के सरकारी मीडिया ने US-इजरायली हमलों में अपने सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के मारे जाने की पुष्टि की है। अयातुल्ला की मौत के बाद ईरानी सरकार ने 40 दिन के शोक की घोषणा की है। इस बीच, इराक की राजधानी बगदाद में US एम्बेसी के बाहर भी प्रदर्शनकारी जमा हुए हैं। मीडिल ईस्ट में फिर से शुरू हुए मिलिट्री टकराव के बीच तनाव बढ़ गया है।

पाकिस्तान के अलावा भारत में भी प्रदर्शन शुरू हो गए हैं। खामेनेई की मौत के विरोध में रविवार (1 मार्च) को कश्मीर और लखनऊ समेत भारत के कई हिस्सों में प्रदर्शन शुरू हो गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि कश्मीर के शिया बहुल इलाकों में सैकड़ों प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतर आए। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने शांतिपूर्वक सड़कों पर मार्च किया और अमेरिका तथा इजरायल विरोधी नारे लगाए।

ये भी पढ़ें- Ayatollah Ali Khamenei: अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद ईरान में मातम! फफक फफककर रोने लगे ईरान के TV एंकर, देखें वीडियो

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।