'परमाणु धमकी बर्दाश्त नहीं करेगा भारत...' राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को फिर चेताया, ऑपरेशन सिंदूर पर कही बड़ी बात

Rajnath Singh: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को News18 DEFCON 2026 में ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए पाकिस्तान को लेकर भारत की नीति पर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि भारत अब परमाणु धमकी बर्दाश्त नहीं करेगा।

अपडेटेड Sep 24, 2026 पर 8:57 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
'परमाणु धमकी बर्दाश्त नहीं करेगा भारत...' राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को फिर चेताया

Rajnath Singh: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को News18 DEFCON 2026 में ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए पाकिस्तान को लेकर भारत की नीति पर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि भारत अब परमाणु धमकी बर्दाश्त नहीं करेगा। साथ ही उन्होंने यह भी साफ किया कि पाकिस्तानी जमीन से होने वाली किसी भी दुश्मन जैसी कार्रवाई को अब युद्ध की कार्रवाई माना जाएगा और भारत उसका मुंहतोड़ जवाब देगा।

राजनाथ सिंह ने कहा, “ऑपरेशन सिंदूर के जरिए हमने यह साफ कर दिया है कि भारत अब परमाणु हथियारों की धमकी बर्दाश्त नहीं करेगा। आतंकवाद और बातचीत एक साथ नहीं चल सकते। इसी तरह आतंकवाद और व्यापार भी साथ-साथ नहीं चल सकते।”

सिंह ने पहलगाम हमले का जिक्र करते हुए कहा कि उस घटना के साथ पाकिस्तान ने “लक्ष्मण रेखा” पार कर दी थी, जिसमें पिछले साल अप्रैल में 26 लोग मारे गए थे।


'खून और पानी एक साथ नहीं बह सकते'

उन्होंने कहा कि पहलगाम हमले के जवाब में शुरू किए गए 'ऑपरेशन सिंदूर' के जरिए भारत ने यह संदेश भी दिया है कि अब कोई भी सीमा हमें आतंकवादियों के इंफ्रास्ट्रक्चर को खत्म करने से नहीं रोक पाएगी। उन्होंने कहा, "अब आतंकवादियों और उन्हें मदद देने वालों के बीच कोई फर्क नहीं किया जाएगा। सिंधु जल संधि को रोककर भारत ने यह भी साफ कर दिया है कि खून और पानी एक साथ नहीं बह सकते।"

रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत दूसरे देशों के साथ शांतिपूर्ण संबंध चाहता है, लेकिन वह किसी को भी अपनी सुरक्षा के साथ खिलवाड़ नहीं करने देगा।

वैश्विक मंचों पर भारत की बढ़ी सक्रियता

रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत ने दुनिया की बड़ी चुनौतियों से निपटने के लिए अलग-अलग देशों के साथ मिलकर समाधान तलाशने की दिशा में काम किया है। उन्होंने कहा कि आज भारत क्वाड के जरिए एक स्वतंत्र, खुले और नियमों पर आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र बनाने की दिशा में काम कर रहा है।

उन्होंने I2U2 समूह का भी जिक्र किया, जिसमें भारत, इजरायल, संयुक्त अरब अमीरात (UAE) और अमेरिका शामिल हैं। राजनाथ सिंह ने कहा कि इस समूह के जरिए भारत ने इजरायल, UAE और अमेरिका के साथ कई नए क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाया है।

उन्होंने आगे कहा कि BIMSTEC, BRICS और SCO जैसे बहुपक्षीय संगठनों में भी भारत की सक्रिय भागीदारी बढ़ी है। उनके मुताबिक, भारत ने अपनी रणनीतिक साझेदारियों को मजबूत किया है, सहयोग के लिए नए मंच बनाए हैं और दुनियाभर में अपनी कूटनीतिक पहुंच का विस्तार किया है।

फ्रैजाइल फाइव' से 'फैबुलस फाइव' की श्रेणी में भारत

भारत की 7.8% की आर्थिक वृद्धि दर का जिक्र करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि देश 'फ्रैजाइल फाइव' (कमजोर पांच) से 'फैबुलस फाइव' (शानदार पांच) की श्रेणी में आ गया है, जो इसकी बढ़ती आर्थिक और रणनीतिक अहमियत को दर्शाता है।

यह भी पढ़ें: AI सैनिकों को नहीं करेगा रिप्लेस लेकिन बदल देगा युद्ध का तरीका... लेफ्टिनेंट जनरल पुनीत आहूजा ने बताया कैसा होगा फ्यूचर सोल्जर

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।