Credit Cards

Rajdhani Express: एक और राजधानी एक्सप्रेस की सौगात, इसी हफ्ते होगी शुरुआत...जान लें टाइमिंग और रूट

Rajdhani Express : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 सितंबर को नई राजधानी एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे। यह ट्रेन करीब 8,000 करोड़ रुपये की लागत से बनी 51.38 किलोमीटर लंबी बैराबी-सैरंग रेलवे लाइन की वजह से संभव हो पाई है। इस लाइन को इंजीनियरिंग की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, जिसमें 48 सुरंगें, 55 बड़े और 87 छोटे पुल शामिल हैं

अपडेटेड Sep 12, 2025 पर 3:20 PM
Story continues below Advertisement
Rajdhani Express : भारतीय रेलवे छह साल बाद नई राजधानी एक्सप्रेस शुरू करने जा रहा है।

भारतीय रेलवे छह साल बाद नई राजधानी एक्सप्रेस शुरू करने जा रहा है। नई ट्रेन 26वीं राजधानी एक्सप्रेस होगी, जो मिजोरम के सैरांग को सीधे दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल से जोड़ेगी। इसके साथ ही पूर्वोत्तर राज्य पहली बार राजधानी एक्सप्रेस से सीधे राष्ट्रीय राजधानी से जुड़ जाएगा। बता दें कि अब तक आखिरी राजधानी ट्रेन 2019 में मुंबई सीएसएमटी से दिल्ली के बीच चली थी, जबकि पहली राजधानी 1969 में दिल्ली-हावड़ा मार्ग पर शुरू हुई थी।

8000 करोड़ की लागत से बनी है ये रेलवे लाइन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 सितंबर को नई राजधानी एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे। यह ट्रेन करीब 8,000 करोड़ रुपये की लागत से बनी 51.38 किलोमीटर लंबी बैराबी-सैरंग रेलवे लाइन की वजह से संभव हो पाई है। इस लाइन को इंजीनियरिंग की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, जिसमें 48 सुरंगें, 55 बड़े और 87 छोटे पुल शामिल हैं। इनमें से एक पुल 104 मीटर ऊंचा है। इस ट्रैक पर ट्रेनें 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकेंगी, जिससे मिज़ोरम और दिल्ली के बीच सफर और भी तेज़ व आसान हो जाएगा।

जान ले क्या होगा ट्रेन की टाइमिंग

नई राजधानी एक्सप्रेस 13 सितंबर को सुबह 10 बजे सैरांग स्टेशन (आइज़ोल से 22 किमी दूर) से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 7:30 बजे दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी। इसकी नियमित सेवा 19 सितंबर से शुरू होगी। ट्रेन संख्या 20597 सैरांग से शाम 4:30 बजे चलेगी और 21 सितंबर की सुबह 10:50 बजे आनंद विहार पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 20598, आनंद विहार से शाम 7:50 बजे रवाना होकर 23 सितंबर को दोपहर 3:15 बजे सैरांग पहुंचेगी।


ये होगा ट्रेन का रूट

यह ट्रेन अपने मार्ग में 21 स्टेशनों पर रुकेगी, जिनमें गुवाहाटी, न्यू कूच बिहार, न्यू जलपाईगुड़ी, मालदा टाउन, भागलपुर, पटना, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन और कानपुर जैसे बड़े स्टेशन शामिल हैं। इसके जरिए मिज़ोरम और उत्तर भारत के बीच सफर करने वाले यात्रियों को पहली बार सीधा और महत्वपूर्ण रेल संपर्क मिलेगा।

बता दें कि राजधानी एक्सप्रेस की शुरुआत 1969 में राज्यों की राजधानियों को नई दिल्ली से जोड़ने के लिए हुई थी। ये ट्रेनें अपनी रफ्तार, आराम और बेहतरीन सेवाओं के लिए जानी जाती हैं और आज भी भारत की सबसे प्रतिष्ठित ट्रेनों में गिनी जाती हैं। अब इस नई राजधानी एक्सप्रेस के साथ मिज़ोरम भी सीधे दिल्ली से जुड़ जाएगा, जिससे पूर्वोत्तर के यात्रियों को तेज़ सफर और बेहतर कनेक्टिविटी का फायदा मिलेगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।