इंडिगो के सीईओ पीटर एल्बर्स ने इस्तीफा दे दिया है। इंडिगो की पैरेंट कंपनी इंटरग्लोब एविएशन ने मंगलवार को पीटर एल्बर्स के इस्तीफे की जानकारी दी। बताते चलें कि इंडिगो को पिछले साल दिसंबर में हजारों फ्लाइट्स कैंसिल करनी पड़ी थी। फिलहाल कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर राहुल भाटिया अंतरिम तौर पर एयरलाइन का प्रबंधन संभाल रहे हैं। बता दें कि, राहुल भाटिया इंडिगो के को-फाउंडर भी हैं।
पीटर एल्बर्स ने दिया इस्तीफा
पीटर एल्बर्स ने राहुल भाटिया को लिखे अपने इस्तीफे में कहा कि, वह व्यक्तिगत कारणों से इंडिगो के सीईओ पद से तुरंत प्रभाव से इस्तीफा दे रहे हैं। एल्बर्स ने अपने रिजाइन में आगे लिखा कि, सितंबर 2022 से इंडिगो के सीईओ के रूप में काम करना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात रही है। उन्होंने कहा कि इंडिगो के परिवार का हिस्सा बनना और कंपनी की शानदार विकास यात्रा में योगदान देना उनके लिए एक खास अनुभव रहा है और इस दौरान टीम के साथ मिलकर कई अहम कदम उठाए गए।
सितंबर 2022 में जिम्मेदारी संभालने के बाद पीटर एल्बर्स के कार्यकाल में इंडिगो ने काफी विस्तार किया। उनके नेतृत्व में कंपनी का रेवेन्यू 10 अरब डॉलर से ज्यादा हो गया, एयरलाइन का बेड़ा बढ़कर 440 से अधिक विमानों तक पहुंच गया और कंपनी ने 500 एयरबस A320 फैमिली विमानों का एक बड़ा ऑर्डर भी दिया। हालांकि कई कामयाबियों के बावजूद, पीटर एल्बर्स का कार्यकाल दिसंबर 2025 में आए एक बड़े ऑपरेशनल संकट की वजह से विवादों में आ गया।
3 से 5 दिसंबर के बीच इंडिगो को 2,500 से ज्यादा फ्लाइट्स रद्द करनी पड़ीं और करीब 1,900 उड़ानों में देरी हुई। इस वजह से 3 लाख से ज्यादा यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।इस मामले में DGCA ने एयरलाइन पर 22.20 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड जुर्माना लगाया और सीधे पीटर एल्बर्स को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया। शुरुआत में उनके इस्तीफे की मांग उठी थी।