International Yoga Day 2026: '21 जून सामूहिक उत्सव का दिन बन गया है'; पीएम मोदी ने कोलकाता में 35,000 लोगों के साथ किया योग

International Yoga Day 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोलकाता में योग करने के बाद कहा, "योग आज केवल हमारी निजी जीवन शैली के जरूरी हो, इतना ही नहीं है बल्कि योग दुनिया के बेहतर भविष्य के लिए एक आवश्यकता भी है।" कोलकाता में अलग-अलग जगहों पर एक साथ हुए योग सत्रों में लगभग 10 लाख लोगों ने हिस्सा लिया

अपडेटेड Jun 21, 2026 पर 8:18 AM
International Yoga Day 2026: पीएम मोदी ने कोलकाता में इंटरनेशनल योग डे कार्यक्रम की अगुवाई की

International Yoga Day 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (21 जून) को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर सामूहिक योग कार्यक्रम के दौरान योगाभ्यास किया। इस साल अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 'स्वस्थ आयु के लिए योग' की थीम के साथ मनाया जा रहा है। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "योग आज केवल हमारी निजी जीवन शैली के जरूरी हो। इतना ही नहीं है बल्कि योग दुनिया के बेहतर भविष्य के लिए एक आवश्यकता भी है।" कोलकाता में अलग-अलग जगहों पर एक साथ हुए योग सत्रों में लगभग 10 लाख लोगों ने हिस्सा लिया।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "योग दिवस के अवसर पर आज बंगाल में होना बहुत ही विशेष है। बंगाल की ये पवित्र भूमि जहां भगवान राम कृष्ण परमहंस जैसे सिद्ध संतों ने अवतार लिया। जहां से निकलकर स्वामी विवेकानन्द ने पूरे विश्व को योग से परिचय करवाया। जहां महर्षि अरविंद जैसे महान योगी ने जन्म लिया। आज उसी धरती पर सामूहिक योग का अनुभव एक अलग आध्यात्मिक अनुभूति दे रहा है।"

पीएम मोदी ने आगे कहा, "आज योग दिवस पर, खासकर बंगाल व कोलकाता में यहां बने 'स्वच्छता के योग' के लिए भी मैं कोलकाता वासियों की सराहना करूंगा। ये अद्भुत पहल, 'स्वच्छता से स्वागत' है। 'स्वच्छता से स्वागत' पहल के लिए जिस तरह यहां लगातार श्रम किया गया है, नागरिक कर्तव्य निभाया गया है, वो सभी देशवासियों के लिए आज एक बहुत बड़ी प्रेरणा बन गया है।"


प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा, "21 जून का ये दिन पृथ्वी के कुछ भू-भाग पर, साल में सबसे लंबी अवधि का दिन होता है और अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के कारण 21 जून का ये दिन विश्व के सबसे बड़े सामूहिक उत्सव का दिन भी बन गया है। विश्व के अलग-अलग हिस्सों से, योग की एक से एक अद्भुत तस्वीरें आ रही हैं।"

उन्होंने कहा, "भारत में हिमालय से लेकर हिंद महासागर तक, पूर्वोत्तर और पूर्व में बंगाल से लेकर पश्चिम में सौराष्ट्र तक, पूरा देश योग की ऊर्जा से भरा हुआ नजर आ रहा है। पूरा देश, पूरा विश्व एक-दूसरे से जुड़ा हुआ नजर आ रहा है और यही तो योग की ताकत है... मैं इस अवसर पर पूरे विश्व को, संपूर्ण मानव समुदाय को, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं।"

कोलकाता में 35,000 लोगों के साथ किया योग

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर 21 जून को कोलकाता में देश के सबसे बड़े आयोजनों में से एक में लगभग 35,000 लोग जुटे थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस राष्ट्रीय कार्यक्रम का नेतृत्व किया। अधिकारियों ने कहा कि कोलकाता में अलग-अलग जगहों पर एक साथ हुए योग सत्रों में लगभग 10 लाख लोगों ने हिस्सा लिया।

ये भी पढ़ें- US-Iran War Update: सीजफायर के तमाम दावों के बीच फिर शुरू होगा अमेरिका-ईरान युद्ध? होर्मुज स्ट्रेट बंद होने से बढ़ी टेंशन

भारत का प्रस्ताव 2014 में संयुक्त राष्ट्र द्वारा अपनाए जाने के बाद से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस दुनिया की सबसे बड़ी जन स्वास्थ्य पहलों में से एक बन गया है। दुनिया भर में लगभग 2,500 जगहों पर 210 से अधिक भारतीय मिशन ने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन किया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।