Iran-US War: ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच जारी तनाव के कारण पश्चिम एशिया के हवाई क्षेत्र में पाबंदियां जारी है। इसका सीधा असर भारत से खाड़ी देशों की उड़ानों पर पड़ा है। रविवार, 15 मार्च को एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस और इंडिगो ने अपनी कई उड़ानें रद्द करने की घोषणा की है।
दुबई की उड़ानों पर सबसे ज्यादा असर
भारत की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो ने जानकारी दी है कि मिडिल ईस्ट में बदलते हालात और हवाई क्षेत्र की पाबंदियों के कारण दुबई की उड़ानों में बड़े बदलाव किए गए है। इंडिगो ने यात्रियों से अपील की है कि वे एयरपोर्ट निकलने से पहले एयरलाइन की वेबसाइट पर अपनी 'फ्लाइट स्टेटस' जरूर चेक कर लें। एयरलाइन प्रभावित यात्रियों को व्यक्तिगत रूप से नोटिफिकेशन भेज रही है। कंपनी ने कहा है कि वह अधिकारियों के संपर्क में है और जैसे ही स्थिति सुधरेगी, नेटवर्क को फिर से बहाल किया जाएगा।
एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ानें भी हुई प्रभावित
संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के एयरपोर्ट अधिकारियों के निर्देशों के बाद एयर इंडिया ने अपनी अतिरिक्त उड़ानों में कटौती की है। एयर इंडिया की दिल्ली से दुबई के बीच केवल एक रिटर्न फ्लाइट चलेगी, जबकि पहले से तय 5 में से 4 उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। वहीं एयर इंडिया एक्सप्रेस भी दिल्ली-दुबई के बीच केवल एक ही रिटर्न फ्लाइट चलाएगी। दुबई के लिए तय 6 में से 5 उड़ानें रद्द हो चुकी है।
इन क्षेत्रों में शर्तों के साथ जारी रहेंगी उड़ानें
मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के बीच कुछ शहरों के लिए राहत की बात यह है कि वहां का संचालन अभी पूरी तरह बंद नहीं हुआ है। एयर इंडिया एक्सप्रेस शारजाह से दिल्ली, मुंबई, कोच्चि, कोझिकोड, कन्नूर और तिरुवनंतपुरम के लिए उड़ानें जारी रखेगी। रास अल खैमाह से कोझिकोड और कोच्चि के बीच उड़ानों का संचालन जारी रहेगा। हालांकि, ये सभी उड़ानें एयरपोर्ट पर स्लॉट की उपलब्धता और उस समय की सुरक्षा स्थिति पर निर्भर करेंगी।
विमानन कंपनियों की चिंता बरकरार
मिडिल ईस्ट में बढ़ते संघर्ष के कारण एयरलाइंस को न केवल उड़ानों के समय में बदलाव करना पड़ रहा है, बल्कि सुरक्षा कारणों से हवाई मार्ग भी बदलने पड़ रहे हैं। इससे यात्रा का समय और ईंधन की खपत दोनों बढ़ रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि आगामी दिनों में स्थिति को देखते हुए शेड्यूल को और भी अपडेट किया जा सकता है।