Donald Trump: 'मजे के लिए फिर करेंगे हमला...', ट्रंप ने खर्ग द्वीप पर हमले को लेकर दी नई धमकी; ईरान ने बताया अर्थव्यवस्था पर हमला

US-Iran War: 28 फरवरी से शुरू हुए इस युद्ध ने अब तक भीषण तबाही मचाई है। रिपोर्टों के अनुसार, अब तक 2,000 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं, जिनमें अधिकांश ईरानी नागरिक हैं। शनिवार को मध्य ईरान के इस्फहान शहर में एक फैक्ट्री पर हुए हवाई हमले में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई

अपडेटेड Mar 15, 2026 पर 10:17 AM
Story continues below Advertisement
ट्रंप ने दावा किया है कि अमेरिकी हमलों ने खर्ग द्वीप के अधिकांश हिस्से को 'पूरी तरह से ध्वस्त' कर दिया है

Iran’s Kharg Island: ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच छिड़ा युद्ध तीसरे हफ्ते में प्रवेश कर चुका है, लेकिन फिलहाल शांति के कोई आसार नजर नहीं आ रहे हैं। रविवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के मुख्य तेल निर्यात केंद्र खर्ग द्वीप पर और अधिक हमलों की चेतावनी देकर वैश्विक हलचल मचा दी है।

'मजे के लिए कर सकते है और हमले'

फ्लोरिडा के मार-ए-लागो रिसॉर्ट से NBC न्यूज को दिए इंटरव्यू में ट्रंप ने बेहद आक्रामक रुख अपनाया। ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिकी हमलों ने खर्ग द्वीप के अधिकांश हिस्से को 'पूरी तरह से ध्वस्त' कर दिया है। उन्होंने कहा, 'हम मजे के लिए वहां कुछ और बार हमला कर सकते हैं'। ट्रंप के अनुसार, ईरान शांति समझौता करने के लिए तैयार दिख रहा है, लेकिन अभी शर्तें अमेरिका के पक्ष में नहीं हैं, इसलिए हमले जारी रहेंगे।


होर्मुज में अंतरराष्ट्रीय बेड़े की मांग

ट्रंप ने सोशल मीडिया के जरिए चीन, फ्रांस, जापान, दक्षिण कोरिया और ब्रिटेन जैसे देशों से अपील की है कि वे होर्मुज जलडमरूमध्य को सुरक्षित करने के लिए अपने युद्धपोत भेजें। ट्रंप ने तर्क दिया कि, 'दुनिया के जो देश होर्मुज से तेल प्राप्त करते हैं, उन्हें उस रास्ते की रक्षा खुद करनी चाहिए। अमेरिका इसमें उनकी बहुत मदद करेगा।' हालांकि, किसी भी देश ने अभी तक तुरंत युद्धपोत भेजने की पुष्टि नहीं की है। ब्रिटेन और फ्रांस स्थिति स्थिर होने पर विकल्पों पर चर्चा करने की बात कह रहे हैं।

'अमेरिकी ठिकाने है निशाने पर', ईरान का पलटवार

ईरान ने झुकने के बजाय अपनी जवाबी कार्रवाई तेज करने की कसम खाई है। शनिवार को ईरान के ड्रोन हमलों ने संयुक्त अरब अमीरात के एक बड़े ऊर्जा केंद्र को निशाना बनाया, जिससे फुजैराह बंदरगाह पर तेल लोडिंग का काम रोकना पड़ा। नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामनेई ने स्पष्ट कर दिया है कि होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद रखा जाना चाहिए। ईरान ने चेतावनी दी है कि वे खाड़ी देशों में स्थित अमेरिकी बैंकों की शाखाओं को निशाना बनाएंगे। उन्होंने आम नागरिकों को दुबई के जबेल अली और अबू धाबी के खलीफा पोर्ट जैसे इलाकों से दूर रहने को कहा है।

युद्ध में अबतक 2,000 से ज्यादा मौतें

28 फरवरी से शुरू हुए इस युद्ध ने अब तक भीषण तबाही मचाई है। सरकारी रिपोर्टों के अनुसार, अब तक 2,000 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं, जिनमें अधिकांश ईरानी नागरिक हैं। शनिवार को मध्य ईरान के इस्फहान शहर में एक फैक्ट्री पर हुए हवाई हमले में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई। इससे पहले शुक्रवार रात बगदाद में अमेरिकी दूतावास पर मिसाइल हमले के बाद अमेरिका ने अपने नागरिकों को तुरंत इराक छोड़ने की सलाह दी है।

तेल की कमी से बाजार में हाहाकार

युद्ध की वजह से वैश्विक ऊर्जा बाजार में तेल की सप्लाई ठप होने से कीमतें आसमान छू रही हैं। खर्ग द्वीप ईरान का सबसे बड़ा तेल निर्यात टर्मिनल है। अमेरिका का दावा है कि उसने वहां केवल सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है, जबकि ईरान इसे अपनी अर्थव्यवस्था पर हमला बता रहा है। फिलहाल ईरान ने होर्मुज का रास्ता बंद किया हुआ है जिससे विश्व की 20% तेल की सप्लाई रुकी हुई है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।