भारत-पाकिस्तान के सीजफायर में कई दुश्मन देशों के चेहरे उजागर हो गए हैं। आंतकवाद के खिलाफ इस युद्ध में तुर्की, अजरबैजान ने खुलकर पाकिस्तान का समर्थन किया है। तुर्की और अजरबैजान ने पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर भारत की सैन्य कार्रवाई की आलोचना की थी। इसके बाद से ही इन देशों के साथ भारत के व्यापारिक रिश्तों में तनाव की आशंका जताई जा रही है। वहीं तुर्की और अजरबैजान से बिजनेस को लेकर वहां घुमने तक को भारत के लोगों द्वारा बॉयकॉट किया जा रहा है। वहीं ऑनलाइन ट्रैवल पोर्टल इक्सिगो (Ixigo) ने तुर्किये, चीन और अजरबैजान के लिए सभी फ्लाइट और होटल बुकिंग को सस्पेंड कर दिया है। वहीं अपने इस फैसले पर Ixigo ग्रुप सीईओ आलोक बाजपेयी ने पावरिंग भारत समिट में खुलकर जानकारी दी।
Ixigo सीईओ आलोक बाजपेयी ने कही ये बात
Network18 के मनीकंट्रोल, न्यूज 18 इंडिया और CNBC आवाज के सहयोग से आयोजित पावरिंग भारत समिट में बोलते हुए Ixigo ग्रुप सीईओ आलोक बाजपेयी ने यह बात कही। उन्होंने कहा, "हम भारत की सेवा करते हैं। साल 2025 में हमारे करीब आधा अरब भारतीय यूजर थे। हमें लगा कि एक भारतीय नागरिक के रूप में हमें सोचना चाहिए कि हमारा पैसा किन देशों में जा रहा है और वह किन किसका समर्थन करता है।"
बाजपेयी ने बताया कि यह फैसला इक्सिगो के करोड़ों उपयोगकर्ताओं की भावनाओं और उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया। उन्होंने कहा, "मैं ऐसे देशों की यात्रा को सुरक्षित नहीं मानता जो हमारे दुश्मनों का समर्थन करते हैं।" चेयरमैन आलोक बाजपेयी ने कहा कि भारत की घरेलू यात्रा बुकिंग अब पहले की तरह सामान्य हो गई है। उन्होंने कहा, "एक देश के तौर पर हम बहुत लचीले हैं। हमारे लिए घरेलू बुकिंग फिर से लेवल पर आ गई है। लोगों में सुरक्षा को लेकर ज्यादा चिंता नहीं है। हालांकि, विदेश से आने वाले पर्यटकों की संख्या पर कुछ असर रह सकता है और उनकी सोच बदलने में थोड़ा वक्त लग सकता है।"
इस मौके पर पर्यटन मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव और महानिदेशक सुमन बिल्ला ने कहा कि भारत में घरेलू यात्रा की जबरदस्त मांग है, जिससे देश की स्थिति मजबूत बनी हुई है। उन्होंने बताया, "हाल के कुछ हफ्तों की घटनाओं का पर्यटन पर असर पड़ेगा, इसमें कोई शक नहीं। लेकिन भारत की स्थिति अच्छी बनी रहेगी क्योंकि यहां 250 करोड़ घरेलू यात्राएं होती हैं, जबकि करीब 1.8 करोड़ विदेशी पर्यटक भारत आते हैं। इसलिए असर जरूर होगा, लेकिन वह बहुत मामूली रहेगा।"