Pahalgam Terror Attack: पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुंछ जिले के सुरनकोट सेक्टर के हरि मारोटे गांव में एक आतंकी ठिकाने का भंडाफोड़ हुआ है। पुंछ पुलिस ने बताया कि पांच आईईडी बरामद हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए सुरक्षा बलों ने जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में एक आतंकी ठिकाने का भंडाफोड़ किया है। इससे केंद्र शासित प्रदेश में आतंकी साजिश नाकाम हो गई है, जहां हाल ही में एक भयानक आतंकी हमला हुआ था, जिसमें 26 लोगों की जान चली गई थी।
न्यूज एजेंसी एएनआई ने पुंछ पुलिस के हवाले से बताया कि भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने संयुक्त तलाशी अभियान में रविवार शाम को जिले के सुरनकोट सेक्टर के हरि मारोटे गांव के जंगली इलाके में एक ठिकाने का भंडाफोड़ किया है। घटनास्थल से पांच इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED), दो रेडियो सेट, तीन कंबल और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई। उन्हें जब्त कर लिया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बरामद IED को टिफिन बॉक्स और स्टील की बाल्टियों में छिपाकर रखा गया था।
वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि अधिकारियों ने घाटी में बड़े पैमाने पर आतंकवाद विरोधी अभियान शुरू किए हैं। संदिग्ध ठिकानों पर छापे मारे हैं। आतंकवादियों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले घरों को ध्वस्त किया है और पूछताछ के लिए सैकड़ों आतंकवादी सहयोगियों को हिरासत में लिया है। इस बीच, पाकिस्तान ने फिर से सीजफायर का उल्लंधन किया है।
पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू कश्मीर में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास सीमा से लगते आठ सेक्टर में बिना किसी उकसावे के गोलीबारी की और संघर्ष विराम समझौते का उल्लंघन किया। अधिकारियों ने बताया कि भारतीय सैनिकों ने भी जवाबी कार्रवाई की।
पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ने के दौरान यह लगातार 11वीं रात थी जब पाकिस्तान की ओर से बिना उकसावे के गोलीबारी की गई। पहलगाम हमले में 26 लोगों की जान चली गई थी जिसमें अधिकतर पर्यटक थे।
जम्मू में एक रक्षा प्रवक्ता ने कहा, "चार और पांच मई की मध्य रात्रि को पाकिस्तानी सेना की चौकियों ने नियंत्रण रेखा के पार कुपवाड़ा, बारामूला, पुंछ, राजौरी, मेंढर, नौशेरा, सुंदरबनी और जम्मू कश्मीर के अखनूर क्षेत्रों में बिना उकसावे के छोटे हथियारों से गोलीबारी की।" उन्होंने कहा, "भारतीय सेना ने इस गोलीबारी का तुरंत और माकूल जवाब दिया।"
पीटीआई के मुताबिक, पाकिस्तानी सैनिकों ने पांच सीमावर्ती जिलों जम्मू क्षेत्र में पीर पंजाल के दक्षिण में जम्मू, राजौरी और पुंछ तथा कश्मीर घाटी में बारामूला एवं कुपवाड़ा जिलों में रात भर गोलीबारी की।
शुरुआत में उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा और बारामूला जिलों में नियंत्रण रेखा पर कई चौकियों को निशाना बनाकर बिना उकसावे के छोटे हथियारों से गोलीबारी शुरू करने के बाद पाकिस्तान ने संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए पुंछ सेक्टर और उसके बाद जम्मू क्षेत्र के अखनूर सेक्टर तक गोलीबारी की।
इसके बाद राजौरी जिले के सुंदरबनी और नौशेरा सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास कई चौकियों पर छोटे हथियारों से गोलीबारी की गई। जबकि उसके बाद जम्मू जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास परगवाल सेक्टर में गोलीबारी की गई।
भारत और पाकिस्तान के सैन्य संचालन महानिदेशकों (डीजीएमओ) के बीच 29 अप्रैल को हॉटलाइन पर बातचीत हुई थी। इस दौरान भारत ने पाकिस्तान की ओर से जम्मू कश्मीर में एलओसी पर बिना उकसावे के की जा रही गोलीबारी पर चर्चा की थी।
इसके बावजूद संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए गोलीबारी की जा रही है। पहलगाम हमले के बाद ऐसा माना जा रहा है कि भारतीय पक्ष ने पाकिस्तानी पक्ष को बिना उकसावे के की गई गोलीबारी के बारे में चेतावनी दी थी।