JD Vance India Visit: अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने परिवार के साथ अक्षरधाम मंदिर में किए दर्शन, भारतीय परिधान ने लोगों को जीता दिल

JD Vance India Visit: ट्रंप टैरिफ सहित विभिन्न मुद्दों से निपटने के लिए अमेरिका एवं भारत के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर जारी बातचीत के बीच अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस अपनी चार दिवसीय भारत यात्रा के तहत सोमवार को नई दिल्ली पहुंचे। अमेरिकी नेता के आगमन पर उनका औपचारिक स्वागत भी किया गया। वेंस के बच्चों ने पारंपरिक भारतीय परिधान पहने थे

अपडेटेड Apr 21, 2025 पर 2:43 PM
Story continues below Advertisement
JD Vance India Visit: जेडी वेंस ने परिवार के साथ नई दिल्ली में स्वामीनारायण अक्षरधाम का दौरा किया

JD Vance India Visit: अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने अपनी पत्नी उषा चिलुकुरी और तीन बच्चों के साथ सोमवार (21 अप्रैल) को राजधानी नई दिल्ली स्थित अक्षरधाम मंदिर में दर्शन किए। इससे पहले, वेंस और उषा के सोमवार सुबह दिल्ली पहुंचने पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अमेरिका के उपराष्ट्रपति और उनकी पत्नी का पालम एयरबेस पर स्वागत किया। अमेरिकी नेता के आगमन पर उनका औपचारिक स्वागत भी किया गया। वेंस के बच्चों ने पारंपरिक भारतीय परिधान पहने थे। उन्होंने पूरे परिवार के साथ मंदिर में तस्वीरें खिंचवाईं।

वेंस के साथ वरिष्ठ अमेरिकी सरकारी अधिकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका के उपराष्ट्रपति के साथ व्यापक वार्ता के बाद सोमवार शाम को वेंस परिवार के लिए रात्रिभोज का आयोजन करेंगे। वेंस ऐसे समय में भारत आए हैं जब कुछ सप्ताह पहले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत सहित लगभग 60 देशों के खिलाफ टैरिफ लागू करने के बाद उसे स्थगित कर दिया था।

वेंस परिवार ने मंदिर की शानदार कला और वास्तुकला का अवलोकन किया। उन्होंने भारत की विरासत और सांस्कृतिक गहराई का अनुभव किया। उन्होंने अक्षरधाम परिसर में निहित सद्भाव, पारिवारिक मूल्यों और शाश्वत ज्ञान के संदेशों की सराहना की। यह यात्रा आस्था, शांति और एकता के साझा मूल्यों का प्रतीक है जो भारत और संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच संबंधों को मजबूत करते रहते हैं।


अतिथि पुस्तिका में अपना अनुभव साझा करते हुए अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने लिखा, "इस खूबसूरत जगह पर मेरा और मेरे परिवार का स्वागत करने के लिए आप सभी का बहुत-बहुत धन्यवाद। यह भारत के लिए बहुत बड़ा श्रेय है कि आपने सटीकता और देखभाल के साथ एक सुंदर मंदिर बनाया। हमारे बच्चों को यह बहुत पसंद आया। भगवान सभी का भला करे।"

एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत

वेंस के साथ उनकी भारतीय मूल की पत्नी उषा चिलुकुरी और उनके तीन बच्चे इवान, विवेक, मीराबेल तथा वरिष्ठ अमेरिकी सरकारी अधिकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया है। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अमेरिका के उपराष्ट्रपति और उनकी पत्नी का पालम एयरबेस पर स्वागत किया।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया पर लिखा कि अमेरिका के उपराष्ट्रपति वेंस, अमेरिका की द्वितीय महिला उषा वेंस और अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का भारत में हार्दिक स्वागत है। उन्होंने कहा कि दिल्ली, जयपुर और आगरा की उनकी इस यात्रा से भारत एवं अमेरिका के बीच व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी और अधिक गहरी होने की उम्मीद है।

विदेश मंत्री एस जयशंकर, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल, विदेश सचिव विक्रम मिसरी और अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाले भारतीय दल का संभवत: हिस्सा होंगे। वेंस की यात्रा संबंधी जानकारी रखने वाले अधिकारियों ने बताया कि बैठक में प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार संधि के अलावा दोनों देशों के बीच संबंधों को बढ़ावा देने के तरीके पर चर्चा होने की संभावना है।

वेंस अपने परिवार के साथ भारत की चार दिवसीय यात्रा के दौरान दिल्ली के अलावा जयपुर और आगरा भी जाएंगे। अमेरिका के उपराष्ट्रपति और उनका परिवार दिल्ली में आईटीसी मौर्य शेरेटन होटल में ठहरेगा। अधिकारियों ने बताया कि वेंस और उनका परिवार सोमवार रात जयपुर रवाना होगा।

वेंस 22 अप्रैल को आमेर का किला देखने जाएंगे। साथ ही वह कई ऐतिहासिक स्थलों पर जाएंगे। आमेर का किला यूनेस्को (संयुक्त राष्ट्र शैक्षिक, वैज्ञानिक और सांस्कृतिक संगठन) विश्व धरोहर स्थल है। वेंस दोपहर में जयपुर स्थित राजस्थान अंतरराष्ट्रीय केंद्र में एक सभा को संबोधित करेंगे।

अधिकारियों ने बताया कि अमेरिका के उपराष्ट्रपति और उनका परिवार संभवत: 23 अप्रैल की सुबह आगरा जाएगा। आगरा में वे वहां ताजमहल और शिल्पग्राम जाएंगे। आगरा की यात्रा के बाद वेंस 23 अप्रैल को जयपुर लौटेंगे। अधिकारियों ने बताया कि अमेरिकी उपराष्ट्रपति और उनका परिवार 24 अप्रैल को जयपुर से अमेरिका रवाना होगा।

ये भी पढ़ें- JD Vance India Visit: जेडी वेंस चार दिन के भारत यात्रा पर दिल्ली पहुंचे, अमेरिकी उपराष्ट्रपति ताजमहल और अक्षरधाम मंदिर की करेंगे यात्रा, जानें कहां रुकेंगे

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।