रांची के दुबलिया में बनेगा झारखंड का सबसे बड़ा मॉल! 7.36 लाख वर्गफुट में फैली होगी यह ग्रीन शॉपिंग डेस्टिनेशन

नगर विकास और आवास विभाग ने झारखंड के सबसे बड़ा मॉल बनाने की योजना पर काम शुरू कर दिया है। करोड़ों की लागत से बनने वाला यह झारखंड का सबसे बड़ा मॉल होगा। यहां पर हर उम्र के लोगों को ध्यान में रखते हुए दुकान से लेकर अन्य सुविधाएं होंगी। यह मॉल 5.59 लाख वर्गफुट में बनेगा।

अपडेटेड Oct 17, 2026 पर 2:50 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
यह मॉल 5.59 लाख वर्गफुट में बनेगा और कई सुविधाओं से लैस होगा। Photo: AI generated

नगर विकास और आवास विभाग ने रिंग रोड के नजदीक दुबलिया में प्रस्तावित इंटर स्टेट बस टर्मिनल (ISBT) के साथ झारखंड का सबसे बड़ा मॉल बनाने की संकल्पना योजना पर काम शुरू कर दिया है। प्रधान सचिव सुनील कुमार बताते हैं इस मॉल की खासियत यहां मिल रहा ओपन स्पेस और हरियाली होगी। लोग प्राकृतिक के बीच में शॉपिंग का आनंद ले पाएंगे।

शहर के ट्रैफिक और भीड़ भाड़ से दूर यह मॉल 5.59 लाख वर्गफुट (बेसमेंट सहित 7.36 लाख वर्गफुट), बेसमेंट, दो स्तर, पार्किंग व अन्य कई सुविधाओं से लैस है। हालांकि, अभी इसके लिए फाइनल बजट का ऐलान नहीं हुआ है। लेकिन बस कुछ ही दिन में टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। बेंगलुरु की कंपनी ने अपना प्रेजेंटेशन भी पेश किया है।

बड़े मॉल के साथ ओपन स्पेस होगा खास

प्रधान सचिव सुनील कुमार बताते हैं कि यह मॉल काफी बड़ा है। साथ ही यहां पर ओपन स्पेस होगा, जहां तरह-तरह की कलाकृति, पेंटिंग्स, हमारा कल्चर और हरियाली भी होगी। इसमें बच्चों को खेलने कूदने के लिए काफी खुली जगह मिलेगी और यह सारी चीजें देखने को मिलेंगी। मॉल का मतलब होता है लग्जरी, पर यहां पर लग्जरी के साथ हरियाली के बीच सुकून भी होगा।

मॉल के ग्राउंड फ्लोर में करीब 28 दुकानें होंगी, 7 एट्रियम, ग्लास पैनल डिजाइन, प्रथम से तृतीय तल में प्रत्येक तल पर 29 दुकानें, 7 एट्रियम होगा। वहीं, चौथे तल पर 27 दुकानें, 7 एट्रियम होंगे। पांचवां तल 18 दुकानें, 7 एट्रियम, एक रेस्टोरेंट के लिए होगा। छठे तल पर 11 दुकानें, 7 एट्रियम, 4 मल्टीप्लेक्स, 2 रेस्टोरेंट होंगे। इस मॉल में फूड कोर्ट, एक्जीबिशन एरिया, इवेंट जोन, आधुनिक सुरक्षा सिस्टम भी होगा।

झारखंड का सबसे बड़ा मॉल होगा


करोड़ों की लागत से बनने वाला यह झारखंड का सबसे बड़ा मॉल होगा। यहां पर हर उम्र के लोगों को ध्यान में रखते हुए दुकान से लेकर अन्य सुविधाएं होंगी। सुनील कुमार बताते हैं, भागदौड़ भरी जिंदगी से ब्रेक लेकर लोग यहां पर खुद को रिफ्रेश कर पाएंगे। आने वाले 2 सालों में आपको काफी हद तक काम धरातल पर होते हुए नजर आयेगा।

रांची से शिखा श्रेया की रिपोर्ट

वाराणसी में बनेंगे बड़े ब्रांड्स के कपड़े, मिर्जामुराद में ₹100 करोड़ की लागत से तैयार हुई अरविंद मिल्स की यूनिट, यूं मिल रहा रोजगार

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।