कल का मौसम 19 नवंबर: चक्रवात 'अकवान' से बंगाल की खाड़ी में तूफानी हलचल, इन राज्यों भारी बारिश का अलर्ट; दिल्ली-UP में छाएगा घना कोहरा

Weather forecast for November 19: कल यानी 19 नवंबर को ओडिशा और तटीय आंध्र प्रदेश में भारी से अत्यंत भारी बारिश की आशंका है। गंगीय पश्चिम बंगाल में भारी बारिश और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। ओडिशा में 50-60 किमी प्रति घंटे की तूफानी हवाओं का अलर्ट है। वहीं, दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में घना कोहरा छा सकता है

अपडेटेड Nov 18, 2026 पर 6:48 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Weather forecast for November 19: गंभीर चक्रवाती तूफान 'अकवान' की वजह से कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी हुआ है

Weather forecast for November 19: देशभर में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। 19 नवंबर को पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी भारत के कई राज्यों में भारी से बेहद भारी बारिश होने की आशंका है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के मुताबिक, ओडिशा और तटीय आंध्र प्रदेश में कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश भी हो सकती है। वहीं, पश्चिम बंगाल में तेज हवाओं के साथ आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में भी बारिश और गरज-चमक का असर देखने को मिलेगा।

दूसरी तरफ, उत्तर भारत में सुबह के समय घने कोहरे की स्थिति बन सकती है। हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में घने कोहरे का अलर्ट है। ऐसे में 19 नवंबर को देश के अलग-अलग हिस्सों में कहीं बारिश तो कहीं कोहरे का असर देखने को मिल सकता है।

ओडिशा और आंध्र प्रदेश में बेहद भारी बारिश की चेतावनी


मौसम विभाग के मुताबिक, 19 नवंबर को ओडिशा और तटीय आंध्र प्रदेश के कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है। इतना ही नहीं, इन दोनों क्षेत्रों में कुछ जगहों पर अत्यंत भारी बारिश भी हो सकती है। लगातार बारिश के कारण स्थानीय स्तर पर जलभराव और ट्रैफिक प्रभावित होने जैसी परिस्थितियां बन सकती हैं। ऐसे में इन क्षेत्रों के लोगों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने और सतर्क रहने की जरूरत है।

बंगाल में तेज हवाओं के साथ आंधी-बारिश का अलर्ट

पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों यानी गंगीय पश्चिम बंगाल में भी मौसम का असर दिखाई देगा। यहां कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। ओडिशा में कुछ स्थानों पर 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने की आशंका है। IMD ने ओडिशा के लिए थंडरस्क्वॉल यानी तेज आंधी का अलर्ट भी जारी किया है।

पूर्वोत्तर के इन 4 राज्यों में भी बदलेगा मौसम

पूर्वोत्तर भारत के नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी 19 नवंबर को बारिश और गरज-चमक की आशंका है। मौसम विभाग के अनुसार, इन राज्यों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा कई जगहों पर बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचना चाहिए।

अंडमान-निकोबार में बिजली के साथ चलेंगी तेज हवाएं

अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा। यहां कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है।

दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में घने कोहरे का अलर्ट

बारिश के बीच उत्तर भारत के कुछ राज्यों में कोहरे की स्थिति बनने वाली है। मौसम विभाग ने 19 नवंबर को हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाने की चेतावनी जताई है। सुबह और शुरुआती घंटों में विजिबिलिटी (Visibility) कम हो सकती है। इसका असर सड़क और अन्य परिवहन सेवाओं पर पड़ सकता है। ऐसे में वाहन चालकों को सावधानी से सफर करने की सलाह दी जाती है।

मछुआरों को बंगाल की खाड़ी में समुद्र में न जाने की सलाह

मौसम विभाग ने समुद्र में खराब परिस्थितियों की आशंका को देखते हुए मछुआरों के लिए भी चेतावनी जारी की है। मछुआरों को दक्षिण-पश्चिम, उत्तर-पश्चिम, पश्चिम-मध्य और पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी में समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। समुद्र में जाने वाले मछुआरों को मौसम विभाग के अगले अपडेट और स्थानीय प्रशासन की सलाह का पालन करना चाहिए।

19 नवंबर को देशभर में ऐसा रहेगा मौसम

कुल मिलाकर 19 नवंबर को मौसम के दो अलग-अलग रूप देखने को मिलेंगे। एक तरफ ओडिशा और तटीय आंध्र प्रदेश में अत्यंत भारी बारिश की आशंका है। वहीं, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश, बिजली और तेज हवाओं का असर रहेगा। दूसरी तरफ दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है। ऐसे में घर से निकलने से पहले मौसम का ताजा अपडेट जरूर देख लें।

चक्रवाती तूफान 'अकवान' ने बदली दिशा, बंगाल के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान

IMD ने पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में 19 से 21 नवंबर के बीच बहुत भारी बारिश होने का अनुमान जताया है। इस बीच, गंभीर चक्रवाती तूफान 'अकवान' ने अपना रास्ता बदल लिया है। इसके आंध्र प्रदेश के नरसापुर तथा ओडिशा के पुरी के बीच तट से टकराने की आशंका है। IMD ने बुधवार सुबह अनुमान जताया था कि चक्रवात 20 नवंबर को दोपहर आंध्र प्रदेश में नेल्लोर और विशाखापत्तनम के बीच गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में तट से टकराएगा। इस दौरान हवा की अधिकतम स्पीड 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे रहने और झोंकों की गति 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका जताई गई थी।

मौसम विभाग ने हालांकि, बुधवार दोपहर अपने पूर्वानुमान में बदलाव करते हुए कहा कि चक्रवात के नरसापुर और पुरी के बीच तट से टकराने की आशंका है। इस दौरान हवा की अधिकतम रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है। IMD ने कहा कि इसके प्रभाव से दक्षिण बंगाल के कुछ जिलों में गरज के साथ बारिश और भारी बारिश हो सकती है।

IMD ने कहा कि पूर्वी मेदिनीपुर और पश्चिमी मेदिनीपुर जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। जबकि दक्षिण 24 परगना, हावड़ा, झाड़ग्राम और बांकुड़ा जिलों में भारी बारिश हो सकती है। पीटीआई के मुताबिक, कोलकाता में 19 से 21 नवंबर के बीच गरज के साथ बारिश होने और इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।