Pushkar Mela 2026: राजस्थान के अजमेर जिले में आयोजित इंटरनेशनल पुष्कर मेला 2026 हर साल अपनी अनूठी परंपराओं, पशुओं की खरीद-बिक्री और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए दुनियाभर में मशहूर है। लेकिन इस बार मेले में ऊंट और घोड़ों के साथ विदेशी नस्ल के कुत्ते और बिल्लियां भी पर्यटकों के आकर्षण का बड़ा केंद्र बने हुए हैं। मेले में पहुंचे इन खूबसूरत और अनोखी नस्ल के पालतू जानवरों को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है। कोई इनके साथ तस्वीरें खिंचवा रहा है तो कोई वीडियो बनाकर इस खास नजारे को अपने कैमरे में कैद कर रहा है। इन पालतू जानवरों की कीमत 500 रुपये से लेकर ढाई लाख रुपये तक बताई जा रही है।
पुष्कर मेले में दिख रहीं विदेशी नस्ल की बिल्लियां और कुत्ते
इस बार पुष्कर पशु मेले में पशुओं की विविधता पर्यटकों को खासा आकर्षित कर रही है। पारंपरिक रूप से ऊंट और घोड़ों के लिए पहचाने जाने वाले इस मेले में अब अलग-अलग नस्ल के कुत्ते और बिल्लियां भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बने हुए हैं। इनमें टॉय पूडल, पर्शियन कैट, जर्मन शेफर्ड और लैब्राडोर जैसी लोकप्रिय नस्लें शामिल हैं। इनकी बनावट, खूबसूरती और अलग-अलग खासियतों को देखने के लिए पर्यटक खास दिलचस्पी दिखा रहे हैं। खासकर विदेशी नस्ल के छोटे और आकर्षक पालतू जानवर बच्चों से लेकर बड़ों तक का ध्यान खींच रहे हैं।
श्रवण कुमार लेकर पहुंचे कई खास नस्ल के पालतू जानवर
पुष्कर मेले में अलग-अलग नस्ल के कुत्ते और बिल्लियां लेकर पहुंचे श्रवण कुमार ने बताया कि वह इस बार कई तरह के पालतू जानवर लेकर आए हैं। इनमें टॉय पूडल, पर्शियन कैट, जर्मन शेफर्ड और लैब्राडोर डॉग सहित कई नस्लें शामिल हैं। श्रवण कुमार के मुताबिक, ये जानवर उनके लिए सिर्फ पालतू जीव नहीं हैं। बल्कि परिवार के सदस्यों की तरह हैं। उनकी देखभाल भी घर के बच्चों की तरह की जाती है। उनके खानपान से लेकर रखरखाव तक का विशेष ध्यान रखा जाता है।
सबसे महंगा टॉय पूडल, कीमत करीब ढाई लाख रुपये
मेले में पहुंचे इन पालतू जानवरों की कीमत भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। श्रवण कुमार ने बताया कि उनके पास मौजूद कुत्तों और बिल्लियों की कीमत 500 रुपये से लेकर ढाई लाख रुपये तक है। इनमें सबसे महंगी टॉय पूडल फीमेल डॉग है, जिसकी कीमत करीब 2.5 लाख रुपये बताई गई है। वहीं, पर्शियन कैट, जर्मन शेफर्ड और लैब्राडोर जैसी अन्य नस्लों की कीमत उनकी नस्ल और खासियत के हिसाब से अलग-अलग है। यही वजह है कि मेले में आने वाले लोग इन जानवरों की खूबसूरती के साथ-साथ उनकी कीमत जानने में भी दिलचस्पी दिखा रहे हैं।
विदेशी पर्यटकों को भी खूब पसंद आ रहे पालतू जानवर
इंटरनेशनल पुष्कर मेले में देशी पर्यटकों के साथ बड़ी संख्या में विदेशी सैलानी भी पहुंच रहे हैं। विदेशी पर्यटक राजस्थान की लोक संस्कृति, पारंपरिक संगीत, नृत्य और रंग-बिरंगी परंपराओं का आनंद ले रहे हैं। इसी बीच विदेशी नस्ल के कुत्ते और बिल्लियां उनके लिए आकर्षण का एक नया केंद्र बन गए हैं। विदेशी सैलानी इन पालतू जानवरों के साथ तस्वीरें खिंचवा रहे हैं। साथ ही वीडियो बना रहे हैं। मेले में मौजूद इन अलग-अलग नस्लों के जानवरों को देखकर पर्यटक इसकी विविधता की तारीफ करते नजर आ रहे हैं।
पारंपरिक पशु मेले में दिख रहा आकर्षण का नया रंग
पुष्कर मेला अपनी पारंपरिक पहचान और सांस्कृतिक विरासत के लिए जाना जाता है। यहां ऊंटों और घोड़ों की मौजूदगी हमेशा से पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र रही है। लेकिन इस बार कुत्तों और बिल्लियों की अलग-अलग विदेशी नस्लों ने मेले की रौनक में एक नया रंग जोड़ दिया है। मेले के औपचारिक शुरुआत के साथ ही देश-विदेश से श्रद्धालुओं, पर्यटकों और पशुपालकों का पुष्कर पहुंचना शुरू हो गया है। इस मेले का समापन 24 नवंबर को होगा। मेले के दौरान धार्मिक अनुष्ठानों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और पशु प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।