Lateef Bhat Killed: मस्जिद में छिपा था लश्कर कमांडर लतीफ भट, सरेंडर की अपील और लंबी वीडियो कॉल भी बेअसर; ऐसे हुआ खूंखार आतंकी का खात्मा

Terrorist Lateef Bhat Killed: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार (18 नवंबर) को सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा (LeT) का कमांडर और मोस्ट वांटेड आतंकी लतीफ भट मारा गया। भट एक अन्य आतंकवादी उमर निसार डार के साथ 11 नवंबर को कुलगाम में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवानों पर हुए हमले में शामिल था। इस हमले में अर्द्धसैनिक बल के तीन जवान घायल हो गए थे

अपडेटेड Nov 18, 2026 पर 5:12 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Terrorist Lateef Bhat Killed: दक्षिण कश्मीर में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा का प्रमुख आतंकवादी लतीफ भट मारा गया

Terrorist Lateef Bhat Killed: भारतीय सुरक्षाबलों ने बुधवार (18 नवंबर) को दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में मुठभेड़ के दौरान लश्कर-ए-तैयबा (LeT) का कमांडर और मोस्ट वांटेड आतंकवादी लतीफ भट को मार गिराया। भट 11 नवंबर को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की एक चौकी पर हुए हमले के सिलसिले में वांछित था। अधिकारियों ने बताया कि आतंकवादी ने दक्षिण कश्मीर के देवसर इलाके के जांगलपोरा गांव में एक मस्जिद में शरण ले रखी थी। उसने सेना एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा कई बार की गई अपील के बावजूद आत्मसमर्पण करने से इनकार कर दिया।

एक अधिकारी ने बताया, "भट मारा गया है और मुठभेड़ स्थल से उसका शव तथा एक हथियार बरामद किया गया है।" सीआरपीएफ के महानिदेशक (DG) जी. पी. सिंह ने इस अभियान के लिए सुरक्षाबलों की सराहना की। कश्मीर जोन पुलिस ने X पर एक पोस्ट में कहा, "मुठभेड़ स्थल से मारे गए एक आतंकवादी का शव और एक हथियार बरामद किया गया है। संयुक्त अभियान में मारे गए आतंकवादी की पहचान कुलगाम के खरेवान निवासी मोहम्मद लतीफ भट के रूप में हुई है।" 23 साल का भट बुधवार सुबह से ही मस्जिद में फंसा हुआ था।

CRPF जवानों पर किया था हमला


अधिकारियों के अनुसार, भट और उसका सहयोगी उमर निसार डार 11 नवंबर को कुलगाम में सीआरपीएफ के जवानों पर हुए हमले में शामिल थे। इस हमले में अर्धसैनिक बल के तीन जवान घायल हो गए थे। सोमवार को जिले के लारू बाईपास इलाके में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में डार मारा गया था। लेकिन भट सुरक्षाबलों को चकमा देकर भाग गया था। खुफिया जानकारी के आधार पर सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) के एक दल ने बुधवार तड़के जांगलपोरा में घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। यह इलाका सोमवार को हुई मुठभेड़ के स्थल से करीब नौ किलोमीटर दूर है।

मस्जिद में छिपा था आतंकी

कुलगाम के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) इनायत अली चौधरी ने बताया कि सुरक्षाबलों ने उस मस्जिद की घेराबंदी कड़ी कर दी थी, जिसमें भट छिपा हुआ था। उन्होंने बताया कि हालांकि, धार्मिक स्थल की पवित्रता को ध्यान में रखते हुए सुरक्षाबलों ने अधिकतम संयम बरता। उसे हथियार डालने के लिए राजी करने का लंबे समय तक प्रयास किया। चौधरी ने कहा, "हमने लतीफ को आत्मसमर्पण के लिए राजी करने की पूरी कोशिश की। उससे बार-बार अपील की। मैंने और सेना के कमांडिंग ऑफिसर (सीओ) ने मस्जिद के अंदर भेजे गए एक फोन पर वीडियो कॉल के जरिए उससे काफी देर तक बातचीत की।"

अधिकारियों की अपील के बाद भी सरेंडर से किया इनकार

अधिकारियों ने भट से कहा कि वह अभी युवा है। उसे आत्मसमर्पण कर देना चाहिए। लेकिन वह नहीं माना। सुरक्षाबलों द्वारा मस्जिद में छिपे आतंकवादी से आत्मसमर्पण करने की अपील के वीडियो भी सोशल मीडिया पर आए। एसएसपी ने बताया कि जब भट ने आत्मसमर्पण करने से इनकार कर दिया और सुरक्षाकर्मियों पर गोलीबारी शुरू कर दी, तो मुठभेड़ शुरू हो गई। उन्होंने बताया कि सुरक्षाबलों ने जवाबी गोलीबारी की, जिसमें भट मारा गया।

एक अधिकारी को भट से यह कहते हुए सुना गया, "हम तुम्हारे साथ हैं।" हालांकि, इसके बाद भी उसने सरेंडर करने से साफ मना कर दिया। उसने कहा, "मुझे अल्लाह से मुलाकात करनी है। मैं बहुत खुश हूं। अल्लाह के सिवा मेरे साथ कोई नहीं है।" जम्मू-कश्मीर पुलिस के कुलगाम एसएसपी अनायत अली ने खुद उससे लंबी वीडियो कॉल पर बातचीत की।

9 राष्ट्रीय राइफल्स (9 RR) के कमांडिंग ऑफिसर ने भी उससे बार-बार आत्मसमर्पण करने की अपील की। उसे भरोसा दिलाया गया कि अगर वह खुद को सुरक्षा बलों के हवाले कर देता है तो उसे बख्श दिया जाएगा। इसके बावजूद लतीफ अपनी जिद पर अड़ा रहा और उसने सरेंडर करने से इनकार कर दिया। अधिकारियों के मुताबिक, आत्मसमर्पण के लिए कहे जाने पर उसने सुरक्षा बलों पर गोलीबारी भी की।

मस्जिद को नुकसान पहुंचाए बिना कैसे किया गया ऑपरेशन?

इस अभियान के दौरान सुरक्षा बलों के सामने सबसे बड़ी चुनौती मस्जिद के अंदर छिपे आतंकी को बाहर निकालने की थी। अधिकारी नहीं चाहते थे कि कार्रवाई में धार्मिक स्थल को नुकसान पहुंचे। काफी देर तक बातचीत और आत्मसमर्पण की कोशिशें नाकाम रहने के बाद सुरक्षा बलों ने मस्जिद के अंदर आंसू गैस के गोले दागे, ताकि लतीफ बाहर आने के लिए मजबूर हो। इसके बाद लतीफ मस्जिद से बाहर निकला और भागने की कोशिश करने लगा। इसी दौरान सुरक्षा बलों ने उसे गोली मार दी। 'इंडिया टुडे' की रिपोर्ट के मुताबिक, इस कार्रवाई में लतीफ भट मारा गया।

अमित शाह ने क्या कहा?

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आतंकवादी के मुठभेड़ में मारे जाने के बाद सुरक्षाबलों की सराहना करते हुए कहा कि इस अभियान में विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच अत्यंत उच्च स्तर का तालमेल देखने को मिला।

शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में कहा, "जम्मू-कश्मीर पुलिस, भारतीय सेना, सीआरपीएफ (केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल) और खुफिया एजेंसियों के समन्वित प्रयासों से घाटी में लश्कर के अंतिम ज्ञात सक्रिय स्थानीय आतंकवादी लतीफ भट को आज तड़के कुलगाम में एक अभियान के दौरान मार गिराया गया।" शाह ने कहा कि भट के एक आतंकवादी साथी उमर निसार को भी इससे पहले कुलगाम में मार गिराया गया था।

ये भी पढ़ें- Bullet Train: भारत की पहली बुलेट ट्रेन के लिए 20 नवंबर ऐतिहासिक दिन, हाई-स्पीड ट्रैक पर दौड़ेगी बिजली

उन्होंने कहा, "पूरे अभियान के दौरान विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहद उच्च स्तर का तालमेल देखने को मिला।" गृह मंत्री ने आगे कहा, "देश जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना, सीआरपीएफ और खुफिया एजेंसियों के बहादुर जवानों को सलाम करता है।"

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।