Bullet Train: भारत की पहली बुलेट ट्रेन के लिए 20 नवंबर ऐतिहासिक दिन, हाई-स्पीड ट्रैक पर दौड़ेगी बिजली

Bullet Train: मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना के सूरत-बिलीमोरा के बीच 50 किलोमीटर लंबे पहले सेक्शन में 20 नवंबर 2026 को ओवरहेड इक्विपमेंट (OHE) सिस्टम एनर्जाइज किया जाएगा। इस कॉरिडोर में 2×25 केवी आधुनिक ट्रैक्शन सिस्टम लगाया गया है। पूरे 508 किलोमीटर रूट पर बिजली आपूर्ति के लिए 14 ट्रैक्शन सबस्टेशन बनाए जा रहे हैं

अपडेटेड Nov 18, 2026 पर 1:37 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Bullet Train: 20 नवंबर से सूरत-बिलिमोरा सेक्शन में बिजली दौड़ेगी। इससे 320 kmph की रफ्तार को नई ताकत मिलेगी

Bullet Train: देश की महत्वाकांक्षी मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना एक और महत्वपूर्ण पड़ाव हासिल करने जा रही है। भारत की पहली बुलेट ट्रेन के लिए हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर के सूरत-बिलिमोरा सेक्शन में 20 नवंबर से बिजली सप्लाई शुरू होने जा रही है। नेशनल हाई स्पीड रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (NHSRCL) ने बुधवार (18 नवंबर) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी दी। इस सेक्शन में ओवरहेड इक्विपमेंट (OHE) के जरिए बिजली पहुंचाई जाएगी। इसे बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट को परिचालन के लिए तैयार करने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

खास बात यह है कि सूरत-बिलिमोरा इस पूरे 508 किलोमीटर लंबे मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर का पहला हिस्सा होगा, जहां ओवरहेड बिजली व्यवस्था को एक्टिव किया जाएगा। इसके साथ ही इस सेक्शन में हाई-स्पीड ट्रेन संचालन से जुड़ी टेक्नोलॉजी तैयारियों को आगे बढ़ाने का रास्ता खुलेगा। इसके साथ ही इस हिस्से में बिजली की सप्लाई ओवरहेड इलेक्ट्रिकल वायर के माध्यम से शुरू करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जाएगा।

20 नवंबर से बिजली की हाई-वोल्टेज लाइनें होंगी सक्रिय


NHSRCL के इलेक्ट्रिकल विभाग की ओर से जारी सुरक्षा एडवाइजरी के मुताबिक, इस सेक्शन में 2 x 25,000 वोल्ट एसी ट्रैक्शन सिस्टम को 20 नवंबर या उसके बाद कभी भी चालू किया जा सकता है। बिजली सप्लाई शुरू होने के बाद ओवरहेड तारों को हमेशा लाइव यानी बिजली से लैस माना जाएगा। कॉर्पोरेशन ने लोगों को चेतावनी दी है कि बिना अनुमति इस सेक्शन में एंट्री न करें। ओवरहेड बिजली लाइनों के पास जाने या उनके आसपास किसी भी तरह का काम करने से बचने की सलाह दी गई है। यह चेतावनी इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि हाई-वोल्टेज बिजली लाइनें बेहद खतरनाक हो सकती हैं। इनके संपर्क में आने से गंभीर हादसा हो सकता है।

कैसे मिलेगी बुलेट ट्रेन को 320 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार?

मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर को 320 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार के लिए तैयार किया जा रहा है। इसके लिए आधुनिक ओवरहेड ट्रैक्शन सिस्टम लगाया जा रहा है। भारत में किसी हाई-स्पीड रेल लाइन पर पहली बार इस तरह की बिजली आपूर्ति व्यवस्था का इस्तेमाल किया जा रहा है। इस सिस्टम के तहत बुलेट ट्रेन को बिजली राष्ट्रीय पावर ग्रिड से मिलेगी। इसके लिए पूरे कॉरिडोर में 14 ट्रैक्शन सबस्टेशन बनाए जा रहे हैं। इनमें से 9 गुजरात और 5 महाराष्ट्र में होंगे। ये सबस्टेशन राष्ट्रीय ग्रिड से बिजली लेकर ट्रेन के संचालन के लिए जरूरी सप्लाई उपलब्ध कराएंगे।

बिजली सप्लाई बाधित न हो, इसके लिए खास इंतजाम!

बुलेट ट्रेन कॉरिडोर में बिजली की बिना रोकटोक आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए 31 स्विचिंग पोस्ट बनाए जाएंगे। इनका काम बिजली नेटवर्क को नियंत्रित करना और किसी खराबी की स्थिति में प्रभावित हिस्से को तुरंत अलग करना होगा। इससे पूरे नेटवर्क की बिजली व्यवस्था को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखने में मदद मिलेगी। इसके अलावा कॉरिडोर में 16 डिस्ट्रीब्यूशन सब-स्टेशन भी होंगे। इनके माध्यम से रेलवे स्टेशनों, सिग्नलिंग सिस्टम और रखरखाव से जुड़ी सुविधाओं को बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। यानी बिजली व्यवस्था केवल ट्रेन चलाने तक सीमित नहीं होगी। बल्कि पूरे हाई-स्पीड रेल नेटवर्क के संचालन में अहम भूमिका निभाएगी।

पूरे कॉरिडोर में लगाए जाएंगे करीब 22 हजार स्टील के खंभे

बुलेट ट्रेन की बिजली व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पूरे कॉरिडोर में बड़े पैमाने पर इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जा रहा है। इसके तहत करीब 22,000 स्टील मस्त यानी बिजली के खंभे लगाए जाएंगे। ये खंभे कुल 1,125 ट्रैक किलोमीटर के नेटवर्क में होंगे, जिसमें डिपो भी शामिल हैं। इन स्टील मस्त की ऊंचाई 10.5 मीटर से लेकर 14.5 मीटर तक होगी।

भारत में पहली बार इस्तेमाल होगी कंपाउंड कैटेनरी टेक्नोलॉजी

इस प्रोजेक्ट की एक और बड़ी खासियत कंपाउंड कैटेनरी सिस्टम है। भारत में हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर पर पहली बार इस टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया जा रहा है। हाई-स्पीड ट्रेन के संचालन के दौरान बिजली की लगातार और स्थिर आपूर्ति बेहद जरूरी होती है। ऐसे में यह तकनीक तेज रफ्तार पर भी ट्रेन को बिजली उपलब्ध कराने के लिए महत्वपूर्ण होगी।

2×25 केवी ट्रैक्शन सिस्टम से चलेगी बुलेट ट्रेन

मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर में आधुनिक 2×25 केवी ओवरहेड ट्रैक्शन सिस्टम लगाया जा रहा है। यह सिस्टम हाई-स्पीड ट्रेन संचालन के लिए बिजली की आपूर्ति सुनिश्चित करेगा। इस तकनीक के तहत ओवरहेड वायर के माध्यम से ट्रेन को विद्युत ऊर्जा उपलब्ध कराई जाएगी। परियोजना के पूरे 508 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर में बिजली आपूर्ति के लिए विशेष नेटवर्क तैयार किया जा रहा है।

पूरे कॉरिडोर में बनाए गए हैं 14 ट्रैक्शन सबस्टेशन

बुलेट ट्रेन परियोजना के 508 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर में कुल 14 ट्रैक्शन सबस्टेशन (TSS) बनाए जा रहे हैं। इन सबस्टेशनों को अलग-अलग स्थानों पर रणनीतिक तरीके से स्थापित किया गया है। ये सबस्टेशन ग्रिड से बिजली प्राप्त करेंगे। फिर उसे ओवरहेड ट्रैक्शन सिस्टम तक पहुंचाएंगे। इससे पूरे कॉरिडोर में बिजली की निर्बाध और व्यवस्थित आपूर्ति सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। इसके अलावा पूरे इलेक्ट्रिकल नेटवर्क की निगरानी एक केंद्रीकृत कंट्रोल सेंटर से की जाएगी। इसका उद्देश्य बिजली आपूर्ति व्यवस्था को सुरक्षित और भरोसेमंद बनाए रखना है।

लोगों को दी गई बिजली के तारों से दूर रहने की सलाह

एक आधिकारिक एडवाइजरी में आसपास रहने वाले लोगों, यात्रियों, निर्माण कार्य में लगे मजदूरों और अन्य लोगों को ओवरहेड इलेक्ट्रिकल इंस्टॉलेशन से दूर रहने की सख्त सलाह दी गई है। लोगों से कहा गया है कि वे बिजली के तारों के पास न जाएं, उन्हें छूने की कोशिश न करें और न ही उनके आसपास किसी तरह का अनधिकृत काम करें। खास तौर पर निर्माण कार्य में लगे कर्मचारियों और स्थानीय निवासियों को सावधानी बरतने की जरूरत है, क्योंकि एनर्जाइजेशन के बाद ओवरहेड वायर में हर समय बिजली मौजूद रहेगी। इसके संपर्क में आने से गंभीर दुर्घटना हो सकती है।

ये भी पढ़ें- नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के जाम से मिलेगी मुक्ति! सेक्टर-135 से यमुना एक्सप्रेसवे तक बनेगा 10 km लंबा नया हाईवे

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।