मानसून की बारिश ने उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर की सड़कों की सूरत बिगाड़ दी थी। कहीं सड़कें उखड़ गईं, तो कहीं बड़े-बड़े गड्ढों के कारण लोगों का निकलना मुश्किल हो गया। दोपहिया वाहन चालकों से लेकर कार सवारों तक को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ा। अब दीपावली से पहले इन सड़कों की तस्वीर बदलने की तैयारी है। नगर निगम ने शहर के सभी छह जोनों में करीब 500 क्षतिग्रस्त सड़कों को चिह्नित कर मरम्मत, पैचवर्क और निर्माण का काम तेज कर दिया है। कोशिश है कि त्योहार से पहले अधिकतर सड़कें बेहतर हो जाएं, जिससे शहर की करीब 50 लाख आबादी को आवागमन में राहत मिल सके।
