Kanpur Lamborghini Crash: उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक तंबाकू कारोबारी के बेटे ने तेज रफ्तार लैंबॉर्गिनी कार से राहगीरों को टक्कर मार दी। इससे छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि सोमवार (9 फरवरी) को इस मामले में एक 'अज्ञात व्यक्ति' के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि 'बंशीधर एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड' के मालिक के.के. मिश्रा के बेटे शिवम मिश्रा का नाम FIR में दर्ज नहीं है। लेकिन वह जांच का हिस्सा है।
हालांकि, मामले में तूल पकड़ने के बाद पुलिस बैकफुट पर आई और शिवम मिश्रा का नाम FIR में जोड़ा गया। सोशल मीडिया पर सवाल उठाए जाने के बाद पुलिस कमिश्नर ने कहा कि जांच में कारोबारी के बेटे शिवम मिश्रा का नाम सामने आया है। अब शिवम मिश्रा का नाम FIR में जोड़ा जाएगा।
पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने बताया, "कल, एक लैंबॉर्गिनी कार का एक्सीडेंट हो गया। कार एक मोटरसाइकिल से टकरा गई, जो उस समय तौफीक नाम के एक व्यक्ति की थी और वह उसके पास खड़ा था। इस वजह से तौफीक कार पर गिर गया और उसके हाथों और पैरों में चोटें आईं। उसे शुरुआती मेडिकल इलाज दिया गया और बाद में वह पुलिस स्टेशन आया।"
कमिश्नर ने आगे बताया, "उसकी शिकायत के आधार पर FIR दर्ज की गई। उस समय ड्राइवर की पहचान पता नहीं थी, इसलिए मामला गाड़ी की डिटेल्स के आधार पर दर्ज किया गया। कार को ज़ब्त कर लिया गया। अब हमारी पहली जांच में पता चला है कि शिवम मिश्रा नाम का लड़का कार चला था। उसके पिता का नाम केके मिश्रा है।"
शहर के पॉश इलाके ग्वालटोली की VIP रोड पर रविवार को हुई इस भयावह घटना को याद करते हुए चश्मदीदों ने बताया कि कार ने पहले एक ऑटो-रिक्शा को टक्कर मारी। फिर सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिल से जा टकराई। इससे मोटरसाइकिल सवार करीब 10 फुट तक हवा में उछल गया।
उन्होंने बताया कि कार मोटरसाइकिल के अगले पहिये पर चढ़ गई। फिर उसे कुछ दूर तक घसीटती हुई ले गई। इसके बाद वह एक बिजली के खंभे से टकराकर रुक गई। यह पूछे जाने पर कि क्या हादसे के समय चालक नशे में था। इस पर एक अधिकारी ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा।
रघुवीर लाल ने कहा, "यह हादसा रविवार दोपहर करीब सवा तीन बजे रेव-3 मॉल के पास हुआ, जब कथित तौर पर कारोबारी के.के. मिश्रा के बेटे शिवम मिश्रा द्वारा चलाई जा रही लग्जरी कार बेकाबू हो गई। उसने सड़क किनारे खड़े लोगों तथा कई वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।’’
के.के. मिश्रा ‘बंशीधर एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड’ के मालिक हैं, जो इलाके में गुटखा बनाने वालों को तंबाकू की आपूर्ति करती है। पुलिस के मुताबिक, घायलों में से एक यमुनागंज निवासी तौफीक कई मीटर दूर जा गिरा। उसके पैरों में गंभीर चोटें आईं। बाकी घायलों को फ्रैक्चर और मामूली चोटें आई हैं।
हादसे के बाद गुस्साए स्थानीय लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और कार को घेर लिया। लेकिन लोगों के डर से चालक कार से बाहर निकलने की हिम्मत नहीं कर पाया। चश्मदीदों का आरोप है कि आरोपी के साथ मौजूद बाउंसर ने भीड़ को पीछे धकेलने की कोशिश की। अभद्र व्यवहार किया, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया।
पुलिस मौके पर पहुंची, चालक को निकालकर अपने साथ ले गई। जबकि घायलों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। अधिकारियों ने बताया कि क्षतिग्रस्त लैंबॉर्गिनी कार को जब्त कर पुलिस थाने ले जाया गया। पीड़ितों और स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस थाने में आरोपी के साथियों ने बदसलूकी की।
लोगों ने दावा किया कि आरोपी के परिवार के प्रभाव के कारण पुलिस उसके साथ नरमी बरत रही है। कुछ लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि समझौता कराने का दबाव डाला जा रहा है। घायलों में शामिल सोनू त्रिपाठी ने पत्रकारों को बताया कि वह और उनका चचेरा भाई अपनी मोटरसाइकिल के पास खड़े थे। तभी कार ने उन्हें टक्कर मार दी। उन्होंने कहा कि उनके चचेरे भाई नीचे गिर पड़े और दो अन्य लोग उछलकर फुटपाथ पर जा गिरे।