उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर के बदहाल पार्कों में अब हरियाली की बहार नजर आएगी। इनमें बच्चों के खेलने के लिए झूले लगाए जाएंगे। साथ ही, यहां बुजुर्ग और युवा खुले में व्यायाम भी कर सकेंगे। पार्कों में हरे-भरे पौधे लगाने के साथ ही उनकी दीवारों को दुरुस्त किया जाएगा। नगर निगम ने शहर के छह जोन में 42 पार्कों को चिह्नित कर उनकी सूरत बदलने की तैयारी की है। इस अभियान के तहत ऐसे पार्कों को प्राथमिकता दी जाएगी, जहां लंबे समय से साफ-सफाई और रखरखाव की कमी है। नगर निगम का उद्देश्य पार्कों को केवल खाली जगह से विकसित करके लोगों के घूमने, बैठने, खेलने और व्यायाम करने की बेहतर जगह बनाना है।
