Kanwar Yatra 2025: कांवड़ रूट के दुकानों पर QR कोड मामले में सुप्रीम कोर्ट का बड़ा आदेश, यूपी सरकार के फैसले पर रोक से इनकार

Kanwar Yatra 2025 News: शीर्ष अदालत ने मंगलवार 22 जुलाई को उत्तर प्रदेश सरकार के आदेश पर रोक लगाने से इनकार कर दिया है। कोर्ट ने दायर याचिका पर उत्तर प्रदेश सरकार सहित अन्य को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था। यह याचिका दुकानों पर QR कोड लगाने के आदेश के खिलाफ दायर की गई थी। कोर्ट के इस आदेश के बाद अब कांवड़ रूट पर दुकान लगाने वाले सभी दुकानदारों को QR कोड लगाना होगा

अपडेटेड Jul 22, 2025 पर 1:23 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
QR कोड़ के मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट ने दखल देने से किया इनकार

Kanwar Yatra 2025 News: कांवड़ यात्रा के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के QR कोड लगाने के आदेश के खिलाफ दायर याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा आदेश दिया है। QR कोड़ के मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट ने यूपी सरकार को बड़ी राहत देते हुए मामले में दखल देने से इनकर कर दिया है। शीर्ष अदालत ने मंगलवार (22 जुलाई) को सुनवाई के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के आदेश पर रोक लगाने से इनकार कर दिया है। कोर्ट के इस आदेश के बाद अब कांवड़ रूट पर दुकान लगाने वाले सभी दुकानदारों को QR कोड लगाना होगा।

कोर्ट ने दायर याचिका पर उत्तर प्रदेश सरकार सहित अन्य को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था। यह याचिका दुकानों पर QR कोड लगाने के आदेश के खिलाफ दायर की गई थी। QR कोड से दुकानदारों और विक्रेताओं की पहचान होगी। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि QR कोड सिस्टम से व्यवस्था में पारदर्शिता और सुरक्षा बनी रहेगी।

दरअसल, इन QR कोड को स्कैन करके दुकान मालिकों के नाम पता चल सकते हैं। यही वजह है कि क्यूआर कोड मामले में सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को कांवड़ यात्रा रूट पर स्थित सभी होटल मालिकों को लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट दिखाने का निर्देश दिया।


याचिकाकर्ताओं ने कहा था कि यूपी सरकार का यह आदेश पिछले साल सुप्रीम कोर्ट के आदेश का उल्लंघन है। उनके मुताबिक, पिछले साल सुप्रीम कोर्ट ने उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड सरकार को ऐसा ही आदेश लागू करने से रोक दिया था।

उन्होंने कहा कि उस आदेश में शीर्ष अदालत ने कहा था कि दुकानदारों को सिर्फ यह बताना होगा कि वे क्या खाना बेच रहे हैं। उन्हें अपना और अपने कर्मचारियों का नाम बताने की जरूरत नहीं है। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने योगी सरकार के पक्ष में फैसला सुना दिया है।

शीर्ष अदालत ने क्या कहा?

जस्टिस एम एम सुंदरेश और जस्टिस एन कोटिश्वर सिंह की पीठ ने कहा कि वह होटल या ढाबा मालिक का नाम और क्यूआर कोड प्रदर्शित करने के अन्य मुद्दों पर विचार नहीं कर रही क्योंकि कांवड़ यात्रा का मंगलवार को अंतिम दिन है। पीठ ने कहा, "हमें बताया गया है कि यात्रा का आज अंतिम दिन है... इसलिए इस स्तर पर हम केवल यह आदेश पारित कर सकते हैं कि सभी संबंधित होटल मालिक वैधानिक आवश्यकताओं के अनुसार लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट प्रदर्शित करने के निर्देश का पालन करेंगे।"

याचिकाकर्ताओं ने क्या कहा?

शीर्ष अदालत ने शिक्षाविद अपूर्वानंद झा और अन्य द्वारा दायर याचिका पर सुनवाई के दौरान यह फैसला सुनाया। न्यायालय ने पिछले साल उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और मध्यप्रदेश सरकारों द्वारा जारी इसी तरह के निर्देशों पर रोक लगा दी थी जिनमें कांवड़ यात्रा मार्ग पर स्थित होटलों को अपने मालिकों, कर्मचारियों और अन्य विवरणों के नाम प्रदर्शित करने को कहा गया था।

झा ने उत्तर प्रदेश प्रशासन द्वारा 25 जून को जारी की गई एक प्रेस विज्ञप्ति का हवाला देते हुए कहा, "नए उपायों में कांवड़ मार्ग पर स्थित सभी भोजनालयों के लिए क्यूआर कोड प्रदर्शित करना अनिवार्य किया गया है ताकि मालिकों के नाम और पहचान का पता चल सके लेकिन इस तरह की भेदभावपूर्ण नीति पर न्यायालय पहले ही रोक लगा चुका है।"

ये भी पढ़ें- Jagdeep Dhankar Resigns: उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे पर पीएम मोदी का आया बयान, जानें क्या कहा

याचिका में आरोप लगाया गया कि उत्तर प्रदेश सरकार का निर्देश दुकान, ढाबा और रेस्तरां मालिकों के निजता के अधिकार का उल्लंघन है। हिंदू कैलेंडर के 'श्रावण' माह में भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगाजल लेकर विभिन्न स्थानों से कांवड़ लेकर आते हैं। अनेक श्रद्धालु इस महीने में मांसाहार से परहेज करते हैं और अनेक लोग प्याज तथा लहसुन युक्त भोजन भी नहीं खाते।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।