Get App

J&K Terror Attack: पहलगाम की पहाड़ियों में छिपे हुए हैं 4-6 आतंकवादी, तलाशी अभियान जारी

Kashmir Pahalgam Terror Attack: कश्मीर के पहलगाम शहर के पास 'मिनी स्विट्जरलैंड' के नाम से मशहूर पर्यटन स्थल बैसरन में मंगलवार दोपहर में हुए एक आतंकवादी हमले में 26 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में ज्यादातर पर्यटक थे। यह 2019 में पुलवामा में हमले के बाद घाटी में हुआ सबसे बड़ा हमला है

Akhilesh Nath Tripathiअपडेटेड Apr 23, 2025 पर 9:12 AM
J&K Terror Attack: पहलगाम की पहाड़ियों में छिपे हुए हैं 4-6 आतंकवादी, तलाशी अभियान जारी
Kashmir Pahalgam Terror Attack: पहलगाम में आतंकवादी हमले में कम से कम 26 लोग मारे गए हैं जिनमें ज्यादातर पर्यटक थे

Kashmir Pahalgam Terror Attack: सरकारी सूत्रों ने बुधवार (23 अप्रैल) को बताया कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम के आसपास की पहाड़ियों में अभी भी करीब 4-6 आतंकवादी छिपे हुए हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें पकड़ने के लिए तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। कश्मीर के पहलगाम शहर के पास 'मिनी स्विट्जरलैंड' के नाम से मशहूर पर्यटन स्थल बैसरन में मंगलवार दोपहर में हुए एक आतंकवादी हमले में 26 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में ज्यादातर पर्यटक थे। यह 2019 में पुलवामा में हमले के बाद घाटी में हुआ सबसे बड़ा हमला है।

खुफिया विफलता पर सरकारी सूत्रों ने न्यूज 18 से कहा, "सामान्य खुफिया जानकारी उपलब्ध थी, लेकिन पर्यटकों पर इस तरह का हमला अभूतपूर्व है। यह अक्षरधाम हमले जैसा है, जहां पहली बार तीर्थयात्रियों को निशाना बनाया गया था।" उन्होंने संकेत दिया कि सुरक्षा प्रोटोकॉल में पूरी तरह बदलाव किए जाने की संभावना है।

सूत्रों के अनुसार, पहलगाम आतंकी हमले में करीब 8-10 आतंकियों के शामिल होने की आशंका है। इनमें से 5-7 आतंकी पाकिस्तान से हो सकते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सऊदी अरब की अपनी यात्रा बीच में ही छोड़कर बुधवार सुबह नई दिल्ली पहुंचे। इसके तुरंत बाद पीएम मोदी ने स्थिति पर चर्चा करने के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, विदेश मंत्री एस जयशंकर और विदेश सचिव विक्रम मिस्री के साथ दिल्ली एयरपोर्ट पर एक बड़ी बैठक की।

बुधवार सुबह 11 बजे कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी (CCS) की बैठक होने वाली है। अधिकारियों ने कहा कि यह संभव है कि आतंकवादी समूह के सदस्य जम्मू के किश्तवाड़ से दक्षिण कश्मीर के कोकरनाग के रास्ते बैसरन पहुंचे हों। इस बीच, जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में बुधवार सुबह नियंत्रण रेखा (LoC) पर घुसपैठ की कोशिश नाकाम कर दी गई।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें