Khan Sir Coaching institute Firing: बिहार की राजधानी पटना के मुसल्लहपुर थाना क्षेत्र में स्थित चर्चित ऑनलाइन टीचर और यूट्यूबर खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर मंगलवार (2 जून) देर रात फायरिंग और मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। सूत्रों के अनुसार खान सर की कोचिंग सेंटर के बाहर रात के समय कुछ युवक आए और इंस्टीट्यूट में कई राउंड फायरिंग की। इस दौरान कई पोस्टर फाड़ दिए। विरोध करने पर सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट की गई, जिससे वह घायल हो गया। घायल गार्ड को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।
फायरिंग की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। यह घटना ऐसे स्थान के पास हुई है, जो प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले हजारों छात्रों के लिए एक प्रमुख केंद्र माना जाता है। खान सर का कैंपस पटना के सबसे चर्चित कोचिंग सेंटर में शामिल है। यहां रोज बड़ी संख्या में छात्र पहुंचते हैं। फायरिंग की खबर के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस फिलहाल घटना के कारणों और हमलावरों की पहचान का पता लगाने में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। बता दें कि खान सर पटना के सबसे लोकप्रिय कोचिंग टीचर और यूट्यूबर हैं।
खान सर ने फायरिंग को लेकर कहा, "लोगों को परेशानी है कि इतनी कम फीस में हम बच्चों को क्यों पढ़ाते हैं। यहां से छात्रों का सलेक्शन क्यों हो रहा है। इसी रंजिश में यह हमला हुआ है।" पटना पुलिस शुरूआती जांच में मान रही है कि कोचिंग सेंटरों की आपसी प्रतिस्पर्धा में यह हमला हुआ है।
खान सर ने पत्रकारों से बात करते हुए आगे कहा, "हमलावरों ने उनके कोचिंग सेटंर के ऑफिस में तोड़फोड़ की और बाहर गोलियां चलाईं। CCTV फुटेज पुलिस को सौंप दिया गया है। हमारे सिक्योरिटी गार्ड ने हमलावरों की पहचान कर ली है। हमें सुरक्षा चाहिए।"
फायरिंग को लेकर SSP कार्तिकेय के. शर्मा ने कहा, "जानकारी मिली है कि गार्ड को चोटें आई हैं। इसलिए, उनका बयान और साथ ही स्थानीय लोगों के बयान दर्ज करके आगे की कार्रवाई की जा रही है। घायल व्यक्ति का फिलहाल इलाज चल रहा है।"
पहले भी हो चुकी है फायरिंग
यह पहली बार नहीं है जब खान सर के कोचिंग सेंटर के आसपास किसी आपराधिक घटना की चर्चा हुई हो। इससे पहले 10 मई 2019 को उनके कोचिंग सेंटर को निशाना बनाकर देसी बम से हमला किया गया था। उस समय सुबह करीब 10 बजे कदमकुआं थाना क्षेत्र के मुसल्लहपुर हाट स्थित खान जीएस रिसर्च सेंटर के बाहर अज्ञात बदमाशों ने लगातार दो देसी बम फेंके थे। उस हमले में कोचिंग संस्थान के कार्यालय के एक हिस्से को नुकसान पहुंचा था। जबकि बाहर खड़ी एक छात्र की स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी।
हालांकि उस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं थी। खान सर ने विभिन्न मंचों पर यह दावा किया था कि बेहद कम फीस में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के कारण कुछ स्थानीय कोचिंग माफिया और असामाजिक तत्व उनसे नाराज थे। उनके संस्थान को बंद कराने की कोशिश कर रहे थे।
खान सर बिहार की राजधानी पटना के बेहद लोकप्रिय टीचर और यूट्यूबर हैं। अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म 'खान जीएस रिसर्च सेंटर' के माध्यम से वे देशभर के लाखों छात्रों को कम लागत में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने के लिए जाने जाते हैं। फिलहाल ताजा फायरिंग की घटना को लेकर पुलिस जांच जारी है।