Khan Sir Anticipatory Bail: देश के बेहद चर्चित टीचर और मशहूर यूट्यूबर 'खान सर' फिलहाल मुश्किलों में फंसते नजर आ रहे है। 'खान सर' जिनका असली नाम फैसल खान है उन पर हत्या के प्रयास का नामजद FIR दर्ज हुआ है और उनकी गिरफ्तारी को लेकर चर्चा तेज है। वैसे इसी बीच वे एक ऐसा कदम उठाने वाले है जिससे उन्हें बड़ी राहत मिल सकती है।
दरअसल खान सर इस मामले में अदालत का दरवाजा खटखटाने वाले हैं। पटना स्थित उनके कोचिंग संस्थान में हुई तोड़फोड़ और गोलीबारी के मामले में नामजद प्राथमिकी (FIR) दर्ज होने के बाद खान सर अब अग्रिम जमानत याचिका दायर करेंगे। उनके लीगल प्रतिनिधि ने साफ किया है कि खान सर पुलिस के सामने सरेंडर नहीं करेंगे, बल्कि कानूनी रूप से इस मामले का सामना करेंगे।
सोमवार को कोर्ट में दाखिल होगी अग्रिम जमानत याचिका
खान सर के वकील अरविंद कुमार महुआ ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि वे वीकेंड के बाद सोमवार को पटना सिविल कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर करने जा रहे हैं। वकील ने आरोप लगाया कि खान सर को इस मामले में घसीटना और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करना उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने और उन्हें बदनाम करने की एक सोची-समझी साजिश है।
क्यों दर्ज हुई खान सर पर FIR?
पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्तिकेय शर्मा ने शुक्रवार को पुष्टि की थी कि खान सर के कोचिंग संस्थान 'खान ग्लोबल स्टडीज इंस्टीट्यूट' में हुई तोड़फोड़ और हंगामे के सिलसिले में दर्ज एफआईआर में शिक्षक का नाम भी शामिल किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार रात को 15-20 अज्ञात लोगों के एक समूह ने कोचिंग सेंटर पर हमला बोल दिया था। हमलावरों ने संस्थान के पोस्टर फाड़ दिए और परिसर पर जमकर पथराव किया था।
इस हंगामे के बाद सुरक्षा के मद्देनजर कोचिंग सेंटर के दो गार्डों ने कथित तौर पर हवा में गोलियां चलाई थीं। पुलिस ने इस मामले में दोनों गार्डों को हिरासत में ले लिया है।
'विरोधी कोचिंग सेंटर के इशारे पर हुई कार्रवाई'
वकील अरविंद कुमार महुआ ने इस कानूनी कार्रवाई के पीछे कोचिंग सेंटर्स की आपसी रंजिश का अंदेशा जताया है। उन्होंने दावा किया कि खान सर के खिलाफ यह एफआईआर पूरी तरह से एक जवाबी और प्रतिशोधात्मक कार्रवाई है।
उन्होंने बताया कि इस घटना से पहले खान सर के स्टाफ ने एक अन्य कोचिंग सेंटर के निदेशक के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। उसी का बदला लेने के लिए डिस्क्लोजर स्टेटमेंट में खान सर का नाम जबरन डलवाया गया है ताकि उन्हें इस केस में फंसाया जा सके।
घटना के वीडियो और फोटो में खान सर के बेगुनाह होने का दावा
बचाव पक्ष के वकील ने कहा कि उनके मुवक्किल के खिलाफ कोई वास्तविक या सीधे आरोप नहीं हैं। घटना के समय के जो भी वीडियो और तस्वीरें सामने आई हैं, उनसे यह पूरी तरह साफ है कि कोचिंग के सुरक्षाकर्मियों ने केवल आत्मरक्षा और परिसर की सुरक्षा के लिए हवाई फायरिंग की थी। इस पूरी घटना में किसी भी व्यक्ति को कोई चोट नहीं आई है और न ही कोई घायल हुआ है। सोमवार को कोर्ट की कार्यवाही फिर से शुरू होते ही अग्रिम जमानत की प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।