'कभी बकरा हलाल होते देखा है?' ये पूछा और सूर्या को चाकूओं से गोद डाला! ईद पर खोड़ा में हत्या से मचा बवाल

Khora Surya Murder: मृतक सूर्या के भाई यश और प्रत्यक्षदर्शी दोस्त विक्की के अनुसार, मुख्य आरोपी असद ने गुरुवार (बकरीद के दिन) सूर्या, आयुष और विक्की को अपने घर बुलाया था। वहां पहुंचने पर असद ने सूर्या से पूछा, "क्या तूने कभी बकरे को हलाल होते देखा है?" सूर्या ने जब 'नहीं' कहा, तो असद ने कहा कि आ, आज तुझे दिखाता हूं

अपडेटेड May 30, 2026 पर 3:40 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Khora Surya Murder: 'कभी बकरा हलाल होते देखा है?' ये पूछा और सूर्या को चाकूओं से गोदा डाला! ईद पर खोड़ा कलॉनी में हत्या से मचा बवाल

दिल्ली के उत्तम नगर में होली के दिन हुई हिंसा की तर्ज पर अब उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है। खोड़ा थाना क्षेत्र की नवनीत विहार कॉलोनी में रहने वाले 11वीं के छात्र सूर्या चौहान की बेरहमी से चाकू गोदकर हत्या कर दी गई है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सांप्रदायिक तनाव फैल गया है। हिंदू संगठनों और पीड़ित परिवार के उग्र प्रदर्शन को देखते हुए क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

"क्या बकरा हलाल होते देखा है?"... और कर दिया ताबड़तोड़ वार

मृतक सूर्या के भाई यश और प्रत्यक्षदर्शी दोस्त विक्की के अनुसार, मुख्य आरोपी असद ने गुरुवार (बकरीद के दिन) सूर्या, आयुष और विक्की को अपने घर बुलाया था। वहां पहुंचने पर असद ने सूर्या से पूछा, "क्या तूने कभी बकरे को हलाल होते देखा है?" सूर्या ने जब 'नहीं' कहा, तो असद ने कहा कि आ, आज तुझे दिखाता हूं। सूर्या ने जब अंदर जाने से इनकार किया और विरोध किया, तो आरोपी गाली-गलौज पर उतर आया। देखते ही देखते आरोपियों ने सूर्या को घेर लिया और उसके पेट में चाकुओं से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। लहूलुहान हालत में सूर्या को सेक्टर 62 फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान शुक्रवार को उसने दम तोड़ दिया।


सीसीटीवी फुटेज आया सामने, पुलिस एक्शन तेज

वारदात से ठीक पहले का एक CCTV फुटेज भी पुलिस के हाथ लगा है। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे के इस फुटेज में साफ दिख रहा है कि कई लड़के सूर्या को घेरे खड़े हैं और उनके बीच तीखी बहस हो रही है। इसी विवाद के बाद इस खूनी खेल को अंजाम दिया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। अब तक तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है (जिनमें दो नाबालिग बताए जा रहे हैं), जबकि दो अन्य संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हालांकि, मुख्य आरोपी असद और उसका परिवार फिलहाल फरार है, जिनकी तलाश में पुलिस की तीन टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

शव घर पहुंचते ही भड़का आक्रोश: "जब तक एनकाउंटर नहीं, तब तक अंतिम संस्कार नहीं"

शनिवार को जब सूर्या का शव पोस्टमॉर्टम के बाद उसके घर पहुंचा, तो वहां कोहराम मच गया। परिजनों की आंखें नम थीं और चेहरे पर भारी आक्रोश था। पीड़ित परिवार ने सूर्या का अंतिम संस्कार करने से साफ मना कर दिया है।

सूर्या की मां और परिजनों का कहना है कि जिस बेरहमी से उनके बेटे को मारा गया है, ठीक उसी तरह मुख्य आरोपी असद का भी पुलिस एनकाउंटर करे। मां ने रोते हुए इंसाफ की गुहार लगाई और कहा कि जब तक असद का एनकाउंटर नहीं होगा और उसके घर पर बुलडोजर नहीं चलेगा, तब तक वे शव का दाह संस्कार नहीं करेंगे।

हिंदू संगठनों का प्रदर्शन, बजरंग दल ने दिया 1 घंटे का अल्टीमेटम

इस जघन्य हत्याकांड के बाद खोड़ा इलाके में हिंदू संगठनों का गुस्सा सातवें आसमान पर है। बजरंग दल और अन्य दक्षिणपंथी संगठनों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बजरंग दल ने पुलिस को साफ तौर पर एक घंटे का अल्टीमेटम (मोहलात) दिया है। संगठन का कहना है कि अगर तय समय के भीतर मुख्य आरोपी का एनकाउंटर और उसके अवैध निर्माण पर बुलडोजर एक्शन नहीं हुआ, तो वे पूरे जिले में एक बड़ा और उग्र आंदोलन शुरू करेंगे।

मौके पर भारी पुलिस बल तैनात, अधिकारी समझाने में जुटे

तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए गाजियाबाद पुलिस के आला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर मुस्तैद हैं। खोड़ा नगर पालिका की पूर्व अध्यक्ष रीना भाटी भी पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने पहुंचीं। डीसीपी धवल जायसवाल खुद मोर्चा संभाले हुए हैं और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पीड़ित परिवार तथा हिंदू संगठनों को समझाने-बुझाने का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष और गंभीर जांच की जा रही है, और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

अमेरिका में भारतीय मूल के युवक को 10 साल की जेल, छोटी बच्ची के साथ गलत काम करने का दोषी पाया

 

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।