संसद में ई-सिगरेट पी रहे थे कीर्ति आजाद? BJP ने शेयर की 'वेपिंग' करते TMC सांसद का वीडियो

Kirti Azad Video: बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर की तरफ से हाल ही में लोकसभा स्पीकर को चिट्ठी लिखकर आरोप लगाया गया था कि तृणमूल कांग्रेस (TMC) के एक सांसद सदन में ई-सिगरेट पी रहे थे। लेकिन उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया था। इस बीच, कीर्ति आजाद का 'वेपिंग' करते हुए एक वीडियो सामने आया है, जिससे सियासी बवाल मच गया है

अपडेटेड Dec 17, 2025 पर 10:30 PM
Story continues below Advertisement
Kirti Azad Video: बीजेपी ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद पर सदन में ई-सिगरेट पीने का आरोप लगाया है

Kirti Azad smoking E-cigarette in Lok Sabha: शीतकालीन सत्र के दौरान संसद के अंदर ई-सिगरेट पीने का मुद्दा अब तूल पकड़ लिया है। BJP सांसद अनुराग ठाकुर की तरफ से हाल ही में लोकसभा स्पीकर को चिट्ठी लिखकर आरोप लगाया गया था कि तृणमूल कांग्रेस (TMC) के एक सांसद सदन में ई-सिगरेट पी रहे थे। लेकिन उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया था। इस बीच, संसद की कार्यवाही के दौरान कीर्ति आजाद का 'वेपिंग' करते हुए एक वीडियो सामने आया है, जिससे सियासी भूचाल आ गया है।

भारतीय जनता पार्टी (BJP) और उसके राष्ट्रीय प्रवक्ता ने एक वीडियो शेयर कर दावा किया है कि टीएमसी सांसद कीर्ति आजाद संसद के भीतर 'वेपिंग' कर रहे थे। यह कथित वीडियो बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी और बीजेपी IT सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने शेयर किया है। इनमें कीर्ति आजाद को संसद में ई-सिगरेट पीते हुए देखा जा सकता है। पहले अपनी शिकायत में अनुराग ठाकुर ने TMC का नाम लिया था। लेकिन नेता का जिक्र नहीं किया था।

बीजेपी ने बुधवार को अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा, "कीर्ति आजाद को ऐसी भी क्या तलब थी कि सदन की गरीमा का खयाल ही नहीं रखा। और संसद में ही वेप करने लगे? दरअसल, ये देश के नियम, कानून और संस्थानों की कद्र ही नहीं करते। जो हाल आप देश का कर रहे हैं, देश जल्द ही आपकी पार्टी का वही हाल करेगा।"


वहीं, बीजेपी आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने लिखा, "जिस TMC सांसद पर BJP सांसद अनुराग ठाकुर ने संसद के अंदर 'वेपिंग' करने का आरोप लगाया है, वह कोई और नहीं बल्कि कीर्ति आजाद हैं। उनके जैसे लोगों के लिए नियम और कानून साफ तौर पर कोई मायने नहीं रखते। जरा सोचिए कितनी हिम्मत है। सदन में रहते हुए हथेली में ई-सिगरेट छिपाकर रखी थी! हो सकता है कि धूम्रपान करना गैर-कानूनी न हो। लेकिन संसद में इसका इस्तेमाल करना बिल्कुल भी मंजूर नहीं है। ममता बनर्जी को अपने सांसद के इस गलत व्यवहार पर सफाई देनी चाहिए।"

इसके अलावा बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने एक्स पर लिखा, "TMC सांसद कीर्ति आजाद का संसद के अंदर वेपिंग करते हुए वीडियो..यह एक अपराध है! यह लोकतंत्र के मंदिर का अपमान है! ममता बनर्जी को जवाब देना चाहिए। उनके सांसद भारत के लोगों के सामने कैसा उदाहरण पेश कर रहे हैं?"

अनुराग ठाकुर ने दर्ज कराई शिकायत

भारतीय जनता पार्टी के सांसद अनुराग ठाकुर ने 12 दिसंबर को लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को लिखित शिकायत सौंपकर सदन के अंदर कथित तौर पर ई-सिगरेट पीने वाले एक तृणमूल कांग्रेस सांसद के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। ठाकुर ने लोकसभा में भी तृणमूल सांसद का नाम लिए बिना यह मुद्दा उठाया था। अपनी शिकायत में बीजेपी सांसद ने कहा, "तृणमूल कांग्रेस के एक सांसद को सदन की कार्यवाही के दौरान खुलेआम इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट का इस्तेमाल करते हुए देखा गया।"

उन्होंने यह भी कहा, "सदन में मौजूद कई सदस्यों को यह स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा था।" ठाकुर ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र के पवित्र स्थान लोकसभा के भीतर प्रतिबंधित चीजों और बैन डिवाइस का खुलेआम उपयोग न केवल संसदीय मर्यादा और अनुशासन का घोर उल्लंघन है। बल्कि संसद द्वारा बनाए गए कानूनों के तहत एक अपराध भी है।

बीजेपी सांसद ने आगे कहा कि ऐसे समय में जब सरकार और संसद ने तंबाकू और निकोटीन उत्पादों के सभी रूपों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। इस तरह का आचरण न केवल सदन की गरिमा को ठेस पहुंचाता है। बल्कि एक बेहद गलत मिसाल भी कायम करता है। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं को एक खतरनाक संदेश देता है।

उन्होंने बिरला से लोकसभा की कार्य प्रक्रिया एवं संचालन नियमों के अनुसार संबंधित सदस्य के खिलाफ उचित अनुशासनात्मक कार्यवाही शुरू करने का भी आग्रह किया। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने स्पीकर से अनुरोध किया, "कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और इसे रिकॉर्ड में दर्ज किया जाए, ताकि सदन की गरिमा और मर्यादा बनी रहे"

ये भी पढ़ें- E-Cigarettes Row: संसद के बाहर सिगरेट पी रहे थे सौगत रॉय! केंद्रीय मंत्रियों ने टोका तो TMC सांसद ने दी सफाई, वीडियो वायरल

बिरला ने लोकसभा में ठाकुर की तरफ से यह मुद्दा उठाने पर कहा था कि यदि इस मामले में लिखित शिकायत दर्ज की जाती है, तो वह कार्रवाई करेंगेदेश में कुछ साल पहले ई-सिगरेट पर प्रतिबंध लगा दिया गया थातृणमूल सांसद कीर्ति आजाद ने ठाकुर पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने सदन में यह मुद्दा उठाकर लोकसभा का समय बर्बाद किया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।