चाचा के घर से चुराया 15 तोला सोना, बेचकर 10 लाख की खरीदी थार; पूजा में बुलाने पर ऐसे खुली पोल

महाराष्ट्र के कोल्हापुर में 19 साल के युवक पर अपने चाचा के घर से सोने के गहने चुराकर 10 लाख रुपये में बेचने का आरोप है। बताया जा रहा है कि उसने इन पैसों से महिंद्रा थार खरीदी और फिर उसी चाचा को गाड़ी की पूजा में बुलाया, जिनके घर से गहने चोरी हुए थे

अपडेटेड Oct 25, 2026 पर 7:59 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
शुरुआत में परिवार को शक हुआ कि चोरी किसी करीबी व्यक्ति ने की है

महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले में चोरी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। खबर है कि कोल्हापुर जिले में 19 साल के एक युवक ने अपने चाचा के ही घर में चोरी किया। चाचा के घर से चोरी किए गए गहनों को उसने 10 लाख रुपये में बेच दिया। बताया जा रहा है कि युवक ने इन पैसों से महिंद्रा थार खरीदी। वहीं सबसे हैरान करने वाली ये थी कि युवक ने नई गाड़ी की पूजा के लिए अपने चाचा को भी बुलाया था। जहां से उसने चोरी की थी। इस घटना के बारे में जानकर हर कोई हैरान है। जानें क्या है पूरा मामला

पूजा में चाचा को बुलाया

महाराष्ट्र के कोल्हापुर में समर चव्हाण नाम के युवक पर अपने चाचा उमेश मारुति चव्हाण के घर से करीब 15 तोला सोने चुराने का आरोप है। NDTV की एक रिपोर्ट के मुताबिक, समर ने कथित तौर पर गहने एक सुनार को बेच दिए और मिले पैसों से महिंद्रा थार खरीद ली। मामले का खुलासा तब हुआ, जब उमेश नई गाड़ी की पूजा में जाने की तैयारी कर रहे थे। इस दौरान जब उन्होंने घर की तिजोरी देखी, तो पता चला कि उनकी पत्नी के सोने के गहने गायब हैं। इसके बाद चोरी का मामला सामने आया।


पुलिस में दर्ज करवाई शिकायत

शुरुआत में परिवार को शक हुआ कि चोरी किसी करीबी व्यक्ति ने की है, क्योंकि दादी के गहने सुरक्षित थे और घर में किसी बाहरी व्यक्ति के आने के संकेत नहीं मिले थे। इसके बाद उमेश ने कोडोली पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जांच के दौरान परिवार के करीबी लोगों से पूछताछ की और यह भी पता लगाने की कोशिश की कि समर ने महंगी SUV खरीदने के लिए पैसों का इंतजाम कैसे किया। डीएसपी श्रीकांत ठिकाने की टीम ने मामले की जांच के दौरान समर से पूछताछ की।

पुलिस ने किया गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने अपने चाचा के घर से सोना चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। चोरी के गहने खरीदने के आरोप में उस सुनार को भी हिरासत में लिया गया है, जिसने कथित तौर पर समर से ये गहने खरीदे थे। इस घटना से परिवार के लोग हैरान हैं। आरोप है कि युवक ने चोरी के गहने बेचकर नई गाड़ी खरीदी और फिर उसी चाचा को गाड़ी की पूजा में शामिल होने के लिए बुलाया, जिनके घर से गहने चोरी हुए थे। इस बात ने पूरे मामले को और भी चौंकाने वाला बना दिया है।

कल का मौसम 26 अक्टूबर: इन 7 राज्यों में बिगड़ेगा मौसम, बंगाल की खाड़ी में चक्रवात का तांडव

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।