Kota Building Collapses: राजस्थान के कोटा में दर्दनाक हादसा! तीन मंजिला बिल्डिंग गिरने से 2 लोगों की मौत, कई घायल

Kota Building Collapses: राजस्थान के कोटा में एक रेस्तरां की इमारत गिरने से कम से कम दो लोगों की मौत हो गई और कई घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया है। रिपोर्टों के अनुसार, मलबे में फंसे हुए लोगों की सटीक संख्या की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है

अपडेटेड Feb 08, 2026 पर 9:20 AM
Story continues below Advertisement
Kota Building Collapses: हादसे में घायल कुल 9 लोगों को अस्पताल ले जाया गया है

Kota Building Collapses: राजस्थान के कोटा शहर में शनिवार (7 फरवरी) रात तीन मंजिला इमारत ढहने से कम से कम दो लोगों की मौत हो गई। जबकि कई और लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। अधिकारियों ने बताया कि यह घटना तलवंडी इलाके में हुई। इमारत में एक रेस्तरां चल रहा था। सूचना मिलने के बाद पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। फिर बचाव अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक इमारत ढहने के समय रेस्तरां में कुछ ग्राहक और कर्मचारी मौजूद थे।

राज्य के कैबिनेट मंत्री मदन दिलावर ने कहा, "यह बड़ा हादसा है। लगभग दो लोगों की मौत की सूचना मिली है। कुल नौ लोगों को अस्पताल ले जाया गया। चार लोग अब भी अस्पताल में भर्ती हैं। तीन-चार लोग या तो निजी अस्पताल या घर चले गए हैं।" उन्होंने बताया कि बचाव अभियान जारी है। हादसे के कारणों की जांच की जाएगी।

घटना के तुरंत बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय विधायक संदीप शर्मा ने पत्रकारों को बताया कि इमारत अचानक ढह गई। उन्होंने कहा, "इस बात की आशंका है कि कई लोग फंसे हों। पुलिस और प्रशासन तुरंत मौके पर पहुंच गए और बचाव अभियान जारी है। कुछ लोगों को बाहर निकाल लिया गया है। जबकि कुछ अन्य के अब भी फंसे होने की आशंका है।"


जिला कलेक्टर पीयूष सामरिया ने पत्रकारों को बताया कि इमारत गिरने के तुरंत बाद बचाव टीमें भेजी गई हैं। न्यूज 18 के मुताबिक, रेस्क्यू ऑपरेशन तड़के 3 बजे तक जारी रहा। इसमें प्रशासन और SDRF की टीम ने मलबा हटाकर सभी घायलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। रेस्क्यू में लगी टीम ने मलबे के नीचे दबे लोगों को निकालने के लिए हर संभव प्रयास किया। घायलों को तुरंत मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराई। सूचना मिलने पर पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिसकर्मियों ने भीड़ को नियंत्रित करने और बचाव कार्यों को सुविधाजनक बनाने के लिए तुरंत पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी।

बिल्डिंग गिरने के कारण का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। अधिकारियों ने कहा कि बचाव अभियान पूरा होने के बाद गहन जांच की जाएगी। उन्होंने जनता से क्षेत्र से दूर रहने का आग्रह किया है। बचाव कार्य के प्रयास अभी जारी हैं।

लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने हादसे पर दुख जताया है। बिरला ने लिखा, "कोटा के इंद्रविहार में बिल्डिंग गिरने की घटना अत्यंत पीड़ादायक है। जिला प्रशासन के निरंतर संपर्क में हूं। जिला कलक्टर सहित संबंधित अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों को गति देने के निर्देश दिए हैं।"

उन्होंने आगे कहा, "साथ ही हादसे में घायल सभी व्यक्तियों के समुचित एवं शीघ्र इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा है। मैं ईश्वर से सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूँ तथा इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों को धैर्य और संबल प्रदान करने की कामना करता हूं।"

ये भी पढ़ें- Indians attacked in Russia: रूस में विदेशी छात्रों के हॉस्टल पर जानलेवा हमला, चाकूबाजी में 4 भारतीय छात्रों समेत 8 घायल

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।