Get App

Lateef Bhat Killed: मस्जिद में छिपा था लश्कर कमांडर लतीफ भट, सरेंडर की अपील और लंबी वीडियो कॉल भी बेअसर; ऐसे हुआ खूंखार आतंकी का खात्मा

Terrorist Lateef Bhat Killed: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार (18 नवंबर) को सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा (LeT) का कमांडर और मोस्ट वांटेड आतंकी लतीफ भट मारा गया। भट एक अन्य आतंकवादी उमर निसार डार के साथ 11 नवंबर को कुलगाम में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवानों पर हुए हमले में शामिल था। इस हमले में अर्द्धसैनिक बल के तीन जवान घायल हो गए थे

Akhilesh Nath Tripathiअपडेटेड Nov 18, 2026 पर 5:09 PM
Lateef Bhat Killed: मस्जिद में छिपा था लश्कर कमांडर लतीफ भट, सरेंडर की अपील और लंबी वीडियो कॉल भी बेअसर; ऐसे हुआ खूंखार आतंकी का खात्मा
Terrorist Lateef Bhat Killed: दक्षिण कश्मीर में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा का प्रमुख आतंकवादी लतीफ भट मारा गया

Terrorist Lateef Bhat Killed: भारतीय सुरक्षाबलों ने बुधवार (18 नवंबर) को दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में मुठभेड़ के दौरान लश्कर-ए-तैयबा (LeT) का कमांडर और मोस्ट वांटेड आतंकवादी लतीफ भट को मार गिराया। भट 11 नवंबर को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की एक चौकी पर हुए हमले के सिलसिले में वांछित था। अधिकारियों ने बताया कि आतंकवादी ने दक्षिण कश्मीर के देवसर इलाके के जांगलपोरा गांव में एक मस्जिद में शरण ले रखी थी। उसने सेना एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा कई बार की गई अपील के बावजूद आत्मसमर्पण करने से इनकार कर दिया।

एक अधिकारी ने बताया, "भट मारा गया है और मुठभेड़ स्थल से उसका शव तथा एक हथियार बरामद किया गया है।" सीआरपीएफ के महानिदेशक (DG) जी. पी. सिंह ने इस अभियान के लिए सुरक्षाबलों की सराहना की। कश्मीर जोन पुलिस ने X पर एक पोस्ट में कहा, "मुठभेड़ स्थल से मारे गए एक आतंकवादी का शव और एक हथियार बरामद किया गया है। संयुक्त अभियान में मारे गए आतंकवादी की पहचान कुलगाम के खरेवान निवासी मोहम्मद लतीफ भट के रूप में हुई है।" 23 साल का भट बुधवार सुबह से ही मस्जिद में फंसा हुआ था।

CRPF जवानों पर किया था हमला

अधिकारियों के अनुसार, भट और उसका सहयोगी उमर निसार डार 11 नवंबर को कुलगाम में सीआरपीएफ के जवानों पर हुए हमले में शामिल थे। इस हमले में अर्धसैनिक बल के तीन जवान घायल हो गए थे। सोमवार को जिले के लारू बाईपास इलाके में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में डार मारा गया था। लेकिन भट सुरक्षाबलों को चकमा देकर भाग गया था। खुफिया जानकारी के आधार पर सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) के एक दल ने बुधवार तड़के जांगलपोरा में घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। यह इलाका सोमवार को हुई मुठभेड़ के स्थल से करीब नौ किलोमीटर दूर है।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें