LPU यूनिवर्सिटी के बवाल के बीच जानिए इसे बनाने वाले मित्तल परिवार की कहानी, राज्यसभा सांसद हैं इसके चांसलर अशोक मित्तल
LPU University Protest: पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (Lovely Professional University- LPU) परिसर में कथित रेप और यौन उत्पीड़न की अफवाहों के बाद छात्रों का भारी विरोध-प्रदर्शन हिंसक हो उठा है। जानिए आखिर इस यूनिवर्सिटी की कहानी क्या है
LPU University Protest: लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के छात्रों ने कथित तौर पर दुष्कर्म किए जाने के दावे को लेकर परिसर में तोड़फोड़ की
LPU University Protest: पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के छात्रों ने विश्वविद्यालय परिसर में एक बाहरी व्यक्ति द्वारा एक छात्रा से कथित तौर पर दुष्कर्म किए जाने के दावे को लेकर परिसर में तोड़फोड़ की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने नेशनल हाईवे-44 को बाधित कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि रविवार (28 सितंबर) शाम फिर से हिंसा भड़क उठी जब प्रदर्शनकारी छात्रों ने पुलिसकर्मियों पर पथराव किया। इस दौरान उनके वाहनों पर हमला किया, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। एडीजीपी एमएफ फारूकी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस बल बाद में एलपीयू परिसर में पहुंचा।
पुलिस ने बताया कि अब स्थिति नियंत्रण में है। रविवार शाम को पुलिस परिसर के बाहर सुबह आठ बजे से एनएच-44 को बाधित कर रहे प्रदर्शनकारियों को हटाने का प्रयास कर रही थी, तभी कुछ छात्रों ने उन पर पानी की बोतलें फेंकी। इस दौरान छात्रों की पुलिस के साथ झड़प भी हुई, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया और छात्र परिसर की ओर भाग गए। हालांकि, अधिकारियों ने बताया कि परिसर में पहुंचने के बाद छात्रों ने पुलिस पर अंधाधुंध पथराव शुरू कर दिया।
उन्होंने कहा कि पुलिस के दो वाहनों में भी आग लगा दी गई। जबकि पत्रकार और पुलिसकर्मी बचने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। जालंधर ग्रामीण के एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क ने कहा कि हिंसा में पुलिस के चार से पांच वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। पुलिस ने बताया कि स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए अतिरिक्त बल बुलाया गया है।
10 दिन के लिए क्लासेस निलंबित
हंगामे को देखते हुए लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) प्रशासन ने सोमवार से 10 दिन के लिए क्लासेस निलंबित कर दी हैं। जबकि मध्यावधि परीक्षाएं अगले आदेश तक स्थगित कर दी गई हैं। पुलिस ने बताया कि छात्रों की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) गठित की गई है। हालांकि, विश्वविद्यालय प्रशासन ने परिसर में दुष्कर्म की घटना से इनकार करते हुए इसे अफवाह बताया है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में प्रदर्शनकारी छात्र कथित रूप से परिसर में खिड़कियों के शीशे और गमले तोड़ते तथा कुछ वस्तुओं में आग लगाते दिखे। वीडियो में पृष्ठभूमि में “हमें न्याय चाहिए” के नारे सुनाई दे रहे थे। प्रदर्शनकारियों ने परिसर के बाहर दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे-44 के एक हिस्से को बाधिरत कर दिया, जिससे भारी जाम लग गया।
इस दौरान शाम को पुलिस के साथ झड़प हुई। प्रदर्शन रविवार तड़के करीब एक बजे परिसर के गर्ल्स हॉस्टल के पास शुरू हुआ था। कुछ छात्रों ने आरोप लगाया था कि वहां रहने वाली एक छात्रा के साथ तीन दिन पहले एक प्लंबर ने दुष्कर्म किया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि हॉस्टल वार्डन को घटना की जानकारी दी गई थी। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।
LPU ने बताया अफवाह
हालांकि, एलपीयू मैनेजमेंट ने एक बयान में कहा कि इन अफवाहों में कोई सच्चाई नहीं है। रजिस्ट्रार मोनिका गुलाटी ने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व झूठे, निराधार और मनगढ़ंत आरोप फैलाकर भ्रम पैदा कर रहे हैं। एलपीयू ने हॉस्टल के एक कमरे में रहने वाली तीन छात्राओं का वीडियो बयान भी जारी किया, जिसमें उन्होंने दावा किया कि ऐसी कोई घटना नहीं हुई। वे पिछले दो महीने से वहां रह रही हैं।
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में कुछ कथित प्रदर्शनकारी चेहरे को रूमाल से ढके हुए विश्वविद्यालय मॉल में दुकानों और परिसर की अन्य संपत्तियों में तोड़फोड़ करते दिखे। कुछ अन्य लोग किराना दुकान से सामान ले जाते भी नजर आए। वीडियो में क्षतिग्रस्त वाहन और तोड़े गए एटीएम कियोस्क भी दिखे। एनएच-44 पर जारी जाम के कारण ट्रैफिक को फगवाड़ा हाईवे मार्ग से हटाकर जालंधर की ओर जाने के लिए फगवाड़ा-जंडियाला मार्ग और अन्य संपर्क मार्गों से भेजा गया।
संस्थापक भी मौके पर पहुंचें
प्रदर्शनकारी मांग कर रहे थे कि एलपीयू के संस्थापक-कुलाधिपति अशोक मित्तल मौके पर आएं और उनकी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दें। उन्होंने यह भी मांग की है कि उन्हें विश्वविद्यालय की गतिविधियों तक पहुंच देने वाला यूनिवर्सिटी मैनेजमेंट सिस्टम बंद न किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के लिए उन्हें प्रताड़ित नहीं किया जाए। स्थिति शाम करीब 7.30 बजे और खराब हो गई, जब पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को सड़क जाम हटाने के लिए मनाने का प्रयास किया। इसके बजाय प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर बोतलें फेंकी, जिसके बाद पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज किया, जिससे स्थिति और बिगड़ गई।
हंगामे की खबर मिलने के बाद कपूरथला, जालंधर ग्रामीण और होशियारपुर से भारी पुलिस बल बुलाया गया। मौके पर पहुंचे डीआईजी सिंगला ने कहा कि छात्रों का दावा है कि हॉस्टल नंबर-3 में रहने वाली पीड़िता कार्रवाई नहीं होने के बाद अपने घर लौट गई। डीआईजी ने बताया कि छात्रों के बयान के आधार पर FIR दर्ज की गई है। विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया गया है। इसमें छात्रों के प्रतिनिधियों को शामिल कर जांच की जाएगी।
मित्तल परिवार की कहानी
लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) भारत की सबसे बड़ी प्राइवेट यूनिवर्सिटीज में से एक है। इसकी स्थापना और इसे इस मुकाम तक पहुंचाने के पीछे मित्तल परिवार का हाथ है, जिसकी कहानी एक छोटी सी मिठाई की दुकान से शुरू होकर देश के सबसे बड़े प्राइवेट एजुकेशन हब तक पहुंचती है।
'लवली' ब्रांड की शुरुआत से यूनिवर्सिटी तक
मित्तल परिवार की कहानी कड़ी मेहनत और व्यावसायिक सूझबूझ की एक मिसाल है। बलदेव राज मित्तल मूल रूप से राजस्थान के रहने वाले थे। लेकिन बाद में पंजाब में बस गए। 1961 में उन्होंने जालंधर की छावनी (Jalandhar Cantt) में एक छोटी सी मिठाई की दुकान खोली, जिसका नाम उन्होंने 'लवली स्वीट्स' (Lovely Sweets) रखा। अपनी शुद्धता और स्वाद के बल पर 'लवली स्वीट्स' पूरे पंजाब में प्रसिद्ध हो गया। इसके बाद मित्तल परिवार ने अपने व्यापार का दायरा बढ़ाया और ऑटोमोबाइल डीलरशिप (Lovely Autos- जो बजाज और मारुति सुजुकी की डीलरशिप बनी) क्षेत्र में कदम रखा।
मित्तल परिवार ने की यूनिवर्सिटी की स्थापना
बलदेव राज मित्तल के बेटों ने बिजनेस को पारंपरिक व्यापार से निकालकर उच्च शिक्षा की ओर मोड़ा। अशोक कुमार मित्तल (चांसलर) ने एलपीयू की नींव रखी और इसे देश की अग्रणी प्राइवेट यूनिवर्सिटी बनाया। वह राज्यसभा सांसद भी हैं। इसके अलावा रमेश मित्तल और नरेश मित्तल परिवार के अन्य व्यवसाय जैसे लवली स्वीट्स, ऑटोमोबाइल और रियल एस्टेट सेक्टर को संभालते हैं। रमेश और नरेश मित्तल 'लवली ग्रुप' के संस्थापक स्व. बलदेव राज मित्तल के बड़े बेटे हैं।
वहीं, डॉ. रश्मि मित्तल (प्रो-चांसलर) यूनिवर्सिटी के प्रशासनिक और शैक्षणिक कार्यों में एक्टिव भूमिका निभाती हैं। रश्मि मित्तल एलपीयू के चांसलर और राज्यसभा सांसद अशोक कुमार मित्तल की पत्नी हैं। LPU की स्थापना 2005 में पंजाब राज्य विधानमंडल के एक अधिनियम के तहत हुई थी। इसने 2006 में अपना पहला सत्र शुरू किया। LPU में इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट, लॉ, फार्मेसी, एग्रीकल्चर, डिजाइन, मीडिया और आर्किटेक्चर जैसे 200 से अधिक डिप्लोमा, अंडरग्रेजुएट (UG), पोस्टग्रेजुएट (PG) और पीएचडी प्रोग्राम उपलब्ध हैं। यूनिवर्सिटी का कैंपस एक मिनी-सिटी की तरह है। इसमें इन-कैंपस मॉल, हॉस्पिटल, बैंक, इंडोर और आउटडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स (ओलंपिक साइज स्विमिंग पूल के साथ) और विशाल हॉस्टल्स शामिल हैं।