टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में बड़ा अपडेट, शूटर्स ने 45 मिनट तक किया इंतजार, फिर 7 राउंड चलाई गोलियां

Tiger Shroff Attack: 18 अक्टूबर को बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर मुंबई में हुई गोलीबारी के दौरान एक ऐसी बात सामने आई है, जिसने जांच को और गंभीर बना दिया है। बताया जा रहा है कि हमलावरों में से एक ने बेहद करीब से अभिनेता पर गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन उसकी देसी पिस्तौल जाम हो गई।

अपडेटेड Oct 19, 2026 पर 1:14 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
टाइगर श्रॉफ का शूटर्स ने 45 मिनट तक किया इंतजार, फिर चलाई 7 राउंड गोलियां

Tiger Shroff Attack: 18 अक्टूबर को बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर मुंबई में हुई गोलीबारी के दौरान एक ऐसी बात सामने आई है, जिसने जांच को और गंभीर बना दिया है। बताया जा रहा है कि हमलावरों में से एक ने बेहद करीब से अभिनेता पर गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन उसकी देसी पिस्तौल जाम हो गई। जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई।

IANS की शुरुआती जांच के अनुसार, तीन हमलावर एक पार्क के पास करीब 45 मिनट तक इंतजार करते रहे और फिर उन्होंने टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलियां चला दीं।

हमलावर दो बार ट्रिगर दबाया, लेकिन जाम हो गई पिस्तौल


खबरों के मुताबिक, कुल सात राउंड फायरिंग हुई, जिनमें से पांच गोलियां गाड़ी पर लगीं, जबकि दो निशाने से चूक गईं। शुरुआती गोलीबारी के बाद, एक हमलावर कथित तौर पर कार की खिड़की के पास पहुंचा और उसने श्रॉफ पर दो बार गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन उसका हथियार जाम हो गया।

घटना के एक वीडियो में दिख रहा है कि हमलावर बहुत करीब से गोली चलाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन उसे दिक्कत आ रही है।

फिलहाल, इस घटना में टाइगर श्रॉफ को कोई गंभीर चोट नहीं आई। हालांकि, उनके ड्राइवर फिरदौस के बाएं हाथ में गोली लगी। पास में मौजूद एक अन्य व्यक्ति भी घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

पुलिस को शक है कि हमलावरों को अभिनेता के रविवार के शेड्यूल के बारे में जानकारी हो सकती है। बताया जाता है कि श्रॉफ हर रविवार को जुहू के पुष्पा नर्सी पार्क में लगभग दो घंटे तक फुटबॉल खेलने जाते थे।

जांचकर्ता इस बात का पता लगा रहे हैं कि क्या हमलावरों ने अभिनेता की गतिविधियों पर नजर रखी थी, या फिर शाम करीब 7 बजे हमला करने से पहले वे उनके वहां से निकलने का इंतजार कर रहे थे।

तीन आरोपी गिरफ्तार

फिलहाल के लिए बता दें कि टाइगर श्रॉफ की कार पर सरेआम फायरिंग करने वाले तीनों संदिग्ध आरोपियों को राजस्थान के कोटा से गिरफ्तार कर लिया गया है।

वहीं, पुलिस इस मामले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से संभावित संबंध की भी जांच कर रही है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट और एक ऑडियो संदेश सामने आया है, जिनके बारे में दावा किया जा रहा है कि वे गैंग से जुड़े लोगों के हैं। इन संदेशों में टाइगर श्रॉफ पर हमले की जिम्मेदारी लेने की बात कही गई है।

खुद को अनिल पंडित और हरमन संधू बताने वाले लोगों ने कथित तौर पर फिल्म इंडस्ट्री के उन सदस्यों को चेतावनी दी है जो सलमान खान के साथ काम करते हैं।

यह घटना बॉलीवुड हस्तियों से जुड़ी पिछली घटनाओं के बाद सामने आई है। अप्रैल 2024 में, मुंबई में सलमान खान के घर के बाहर बंदूकधारियों ने गोलीबारी की थी। फरवरी 2026 में फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के घर के बाहर भी गोलीबारी की खबर आई थी, उस मामले में जांचकर्ताओं ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग से संभावित संबंध की भी जांच की थी।

यह भी पढ़ें: Tiger Shroff Firing Case: टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी करने वाले तीनों युवक कोटा से गिरफ्तार, जानिए कहां के रहने वाले हैं आरोपी

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।