Mallikarjun Kharge: दिवाली को 'खुशियों की ईद' कहने पर घिरे खड़गे, BJP ने कांग्रेस को 'हिंदू विरोधी' पार्टी बताया

Mallikarjun Kharge: दिवाली को 'खुशी की ईद' बताने वाले बयान पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने सोमवार, 9 नवंबर को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर निशाना साधा। उस पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। बीजेपी नेताओं का कहना है कि खड़गे का यह बयान हिंदू भावनाओं का अपमान है। इसके जरिए कांग्रेस एक खास वोट बैंक को साधने की कोशिश कर रही है

अपडेटेड Nov 09, 2026 पर 1:10 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Mallikarjun Kharge: मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा दिवाली को 'खुशियों की ईद' कहने पर सियासी संग्राम शुरू हो गया है

Mallikarjun Kharge: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के दिवाली को 'खुशी की ईद' बताने वाले बयान पर सियासी घमासान शुरू हो गया है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया है। BJP ने सोमवार (9 नवंबर) को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के दीपावली को 'खुशियों की ईद' बताने वाले बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्हें तथा लोकसभा में प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी को चुनौती दी है कि वे ईद को 'खुशियों की दीपावली' कहकर दिखाएं। बीजेपी नेताओं का कहना है कि खड़गे का यह बयान हिंदू भावनाओं का अपमान है। इसके जरिए कांग्रेस एक खास वोट बैंक को साधने की कोशिश कर रही है।

कांग्रेस को 'सनातन विरोधी' पार्टी बताया

BJP ने कांग्रेस को 'सनातन विरोधी' पार्टी भी करार दिया। खड़गे ने दिवाली की शुभकामनाएं देते हुए पत्रकारों से कहा था कि दीपावली भारत में सभी लोग मनाते हैं। यह एक प्रमुख त्योहार है। उन्होंने इसे 'खुशियों की ईद' कहा था। उनकी इस टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए BJP के राष्ट्रीय मीडिया सह-प्रभारी और प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने सोमवार को कहा कि कांग्रेस ने दीपावली के अवसर पर भी वोट बैंक की राजनीति को तरजीह दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष ने दीपावली को 'खुशियों की ईद' बताया है।


'दीपावली को उसके अपने नाम से पुकारने में क्या परेशानी है?'

भंडारी ने कहा, "सोनिया गांधी को बाबरी के लिए रोते हुए देखा गया था। अतीत में जब सनातन को 'डेंगू-मलेरिया' कहा गया, तब कांग्रेस चुप रही थी। गांधी-वाड्रा परिवार के नेतृत्व में कांग्रेस की नीति सनातन और हिंदू विरोधी है।" BJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में कहा, "खड़गे जी, आखिर हिंदुओं के सबसे बड़े त्योहार दीपावली को उसके अपने नाम से पुकारने में क्या परेशानी है?"

भाटिया ने कहा कि ईद का अपना महत्व है और दीपावली की अपनी पवित्रता, परंपराएं और पहचान है। उन्होंने सवाल किया, ''क्या कांग्रेस के तथाकथित धर्मनिरपेक्षता के विचार में हिंदू त्योहारों की पहचान बदलना राजनीतिक शिष्टाचार का हिस्सा बन गया है? राहुल गांधी और खरगे जी, इसका जवाब दीजिए : क्या आपमें कभी ईद को 'खुशियों की दीपावली' कहने का साहस होगा?''

भाटिया ने कहा, ''हिंदुओं की आस्था का सम्मान कीजिए और उनके त्योहारों की पहचान मत बदलिए। दीपावली पहले भी दीपावली थी, आज भी दीपावली है और आगे भी दीपावली ही रहेगी।'' BJP के एक अन्य प्रवक्ता तुहिन सिन्हा ने कहा कि मुस्लिम साल में केवल दो बार ईद मनाते हैं, लेकिन कांग्रेस हर हिंदू त्योहार को 'खुशियों की ईद' के रूप में मनाना चाहती है।

उन्होंने कहा, ''इस तरह कांग्रेस साल में 10-12 बार ईद मनाना चाहती है। यही वजह है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शब्दों में यह कांग्रेस 'एमएमसी' (माओवादी मुस्लिम लीग कांग्रेस) है।" एक अन्य पोस्ट में भंडारी ने कहा कि दीपावली जैसे अवसरों पर भी कांग्रेस तुष्टीकरण और वोट बैंक की राजनीति के बारे में सोचती है। यह कांग्रेस की सनातन विरोधी मानसिकता को दर्शाता है।

खड़गे ने दिवाली को 'खुशी की ईद' क्यों कहा?

दरअसल, यह पूरा विवाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की दिवाली की शुभकामनाओं के दौरान कही गई बात से शुरू हुआ। त्योहार के मौके पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए खड़गे ने सभी को दिवाली की बधाई दी थी। उन्होंने कहा, "मैं सभी को दिवाली की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। बहुत से लोग इसे खुशी की ईद के रूप में मनाते हैं।"

इसके साथ ही खड़गे ने देश में शांति, सद्भाव और राष्ट्रीय एकता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के बीच किसी तरह का विवाद या गलतफहमी है, उन्हें अपने मतभेद भुलाकर एक साथ आगे आना चाहिए। खड़गे ने लोगों से देश की रक्षा करने और राष्ट्रीय एकता को मजबूत बनाने के लिए मिलकर काम करने का आग्रह किया।

इससे पहले 8 नवंबर को एक्स पर साझा किए गए अपने दिवाली संदेश में भी उन्होंने सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और सद्भाव की कामना की थी। उन्होंने कहा था कि दिवाली का त्योहार अन्याय, अज्ञानता और भेदभाव को दूर करने का संदेश देता है। बीजेपी प्रवक्ता सीआर केसवन ने भी खड़गे की टिप्पणी की आलोचना की। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष के दिवाली संदेश को 'बदला हुआ और विकृत संदेश' बताते हुए आरोप लगाया कि इससे हिंदू धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।

2027 यूपी चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा बयान

खड़गे के बयान पर बीजेपी नेताओं की प्रतिक्रिया ऐसे समय आई है, जब उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो रही हैं। बीजेपी ने इस बयान को कांग्रेस की वोट बैंक की राजनीति से जोड़ते हुए निशाना साधा है। वहीं, खड़गे ने अपने बयान में दिवाली के अवसर पर शांति, आपसी भाईचारे और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया था।

ये भी पढ़ें- Alice Huang: जेनसेन हुआंग और चीनी महिला जासूस की रहस्यमय तस्वीरें लीक! अमेरिका में मचा तहलका, मुश्किल में फंसे Nvidia CEO

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।