Alice Huang: जेनसेन हुआंग और चीनी महिला जासूस की रहस्यमय तस्वीरें लीक! अमेरिका में मचा तहलका, मुश्किल में फंसे Nvidia CEO

who is Alice Huang: चिप निर्माता कंपनी Nvidia ने इस बात की स्वतंत्र जांच शुरू कर दी है कि क्या CEO और सह-संस्थापक जेनसेन हुआंग को किसी चीनी खुफिया ऑपरेशन के तहत निशाना बनाया गया था। यह कदम एक रिपोर्ट के बाद उठाया गया है, जिसमें उनका नाम एक ऐसी चीनी महिला व्यवसायी से जोड़ा गया है, जिस पर बीजिंग के लिए जासूसी करने का संदेह है

अपडेटेड Nov 09, 2026 पर 11:05 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Alice Huang: जेनसेन हुआंग और चीनी महिला जासूस की रहस्यमय तस्वीरें लीक होने से हड़कंप मच गया है

Who is Alice Huang: दुनिया की दिग्गज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) चिप निर्माता कंपनी Nvidia के CEO और को-फाउंडर जेनसेन हुआंग इन दिनों एक बड़े विवाद में घिर गए हैं। मामला सिर्फ उनके निजी जीवन तक सीमित नहीं है। बल्कि इसमें चीन, अमेरिकी खुफिया एजेंसियों और AI चिप्स की कथित तस्करी का एंगल भी सामने आया है। विवाद के केंद्र में एलिस हुआंग (Alice Huang) नाम की एक चीनी कारोबारी महिला हैं, जिन पर बीजिंग के लिए जासूसी करने और अमेरिकी प्रतिबंधों के बावजूद Nvidia की एडवांस AI चिप्स चीन पहुंचाने में मदद करने का संदेह जताया गया है।

जेनसेन और एलिस की कई तस्वीरें सोशल मीडिया पर लीक


मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एलिस हुआंग के जेनसेन हुआंग के साथ कथित करीबी संबंध भी रहे हैं। बताया जा रहा है कि अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को जांच के दौरान दोनों के बीच संपर्कों का पता चला था। इस पूरे मामले के सामने आने के बाद Nvidia ने स्वतंत्र जांच शुरू कराई है। कंपनी के बोर्ड ने स्वतंत्र निदेशकों की एक कमेटी बनाई है, जो बाहरी कानूनी सलाहकारों की मदद से सभी पहलुओं की जांच करेगी। जेनसेन और एलिस की कई तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आ चुकी हैं। हालांकि, इन तस्वीरों की स्वतंत्र रूप से 'मनीकंट्रोल हिंदी' पुष्टि नहीं करता है।

कौन हैं एलिस हुआंग, जिनका नाम जासूसी मामले में आया?

एलिस हुआंग (Who is Alice Huang) को हुआंग ले (Huang Le) के नाम से भी जाना जाता है। वह चीन की नागरिक हैं। वह सिंगापुर स्थित डेटा सेंटर कंपनी Megaspeed में वरिष्ठ अधिकारी के पद पर काम कर चुकी हैं। हालांकि, उनके शुरुआती जीवन और निजी बैकग्राउंड के बारे में ज्यादा जानकारी सार्वजनिक नहीं है। लेकिन उनकी पेशेवर भूमिका उन्हें दुनिया के तेजी से बढ़ते AI चिप कारोबार से जोड़ती है।

Megaspeed, एनवीडिया की चिप्स से संचालित कंप्यूटिंग उपकरण खरीदती है। फिर कंपनियों को डेटा सेंटर की क्षमता किराए पर उपलब्ध कराती है। रिपोर्ट के मुताबिक, इसकी सेवाएं लेने वालों में चीन की दिग्गज टेक्नोलॉजी कंपनी Alibaba भी शामिल है। यही कारोबारी नेटवर्क अमेरिकी अधिकारियों की जांच के दायरे में आया। आशंका जताई गई कि दक्षिण-पूर्व एशिया में सक्रिय कुछ कंपनियां अमेरिकी प्रतिबंधों से बचकर चीन की कंपनियों तक एडवांस AI चिप्स पहुंचाने में मदद कर रही थीं।

चीन को Nvidia की चिप्स पहुंचाने का आरोप

अमेरिका ने राष्ट्रीय सुरक्षा का हवाला देते हुए चीन को एडवांस AI चिप्स के निर्यात पर कई तरह की पाबंदियां लगा रखी हैं। अमेरिकी अधिकारियों को संदेह था कि Megaspeed के कारोबारी नेटवर्क के जरिए इन प्रतिबंधों को दरकिनार किया जा सकता है। 'द न्यूयॉर्क टाइम्स' की रिपोर्ट के मुताबिक, Megaspeed की गतिविधियों पर अमेरिकी अधिकारियों की नजर 2024 के अंत से थी।

रिपोर्ट में बताया गया कि अमेरिकी वाणिज्य विभाग के एक अधिकारी ने मलेशिया में कंपनी के एक डेटा सेंटर का दौरा किया था। वहां Nvidia के उपकरण डिब्बों में पैक मिले थे। इससे अधिकारियों के मन में सवाल उठा कि आखिर ये उपकरण वास्तव में डेटा सेंटर में लगाए जा रहे हैं या कहीं दूसरी जगह भेजे जा रहे हैं।

जांच में कंपनी के कारोबारी नेटवर्क की भी पड़ताल की गई।

अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, व्यापारिक रिकॉर्ड से पता चला कि Megaspeed की मलेशिया स्थित सहयोगी कंपनी ने जून 2024 से फरवरी 2026 के बीच कम से कम 4.8 अरब डॉलर के एडवांस AI उपकरण खरीदे थे। इन उपकरणों में Nvidia की चिप्स और तकनीक शामिल थी। अमेरिकी अधिकारियों को संदेह था कि इस नेटवर्क के जरिए खरीदी गई कुछ चिप्स को अवैध तरीके से चीन भेजा जा सकता है।

सिंगापुर में भी एलिस हुआंग से हुई थी पूछताछ

यह मामला सिर्फ अमेरिका तक सीमित नहीं रहा। 'द न्यूयॉर्क टाइम्स' की रिपोर्ट के मुताबिक, सिंगापुर के अधिकारियों ने भी 2025 में एलिस हुआंग से पूछताछ की थी। हालांकि, बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। बताया जा रहा है कि शुरुआत में इस मामले की जांच अमेरिकी वाणिज्य विभाग कर रहा था। लेकिन इस साल इसे न्याय विभाग (Department of Justice) को सौंप दिया गया।

दूसरी ओर, 'द गार्जियन' की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी अधिकारियों को पहले से संदेह था कि एलिस हुआंग Nvidia की चिप्स चीन पहुंचाने की कोशिशों में शामिल रही हैं। इसी संदेह के आधार पर उन्हें निगरानी में रखा गया था।

कैसे हुआंग से जुड़ा एलिस का नाम?

इस पूरे मामले का सबसे संवेदनशील पहलू एलिस हुआंग और Nvidia के CEO जेनसेन हुआंग के कथित करीबी संबंध हैं। दोनों का सरनेम एक जैसा है। लेकिन दोनों के बीच कोई पारिवारिक रिश्ता नहीं बताया गया है। 'द न्यूयॉर्क टाइम्स' के मुताबिक, अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को एलिस हुआंग की गतिविधियों की निगरानी के दौरान जेनसेन हुआंग के साथ उनके संपर्कों का पता चला।

रिपोर्ट में बताया गया कि खुफिया एजेंसियों ने एलिस हुआंग और एक अमेरिकी नागरिक के बीच हुई बातचीत को इंटरसेप्ट किया था। इसके बाद अमेरिकी खुफिया प्रक्रिया के तहत उस अमेरिकी नागरिक की पहचान सामने आई, जो जेन्सेन हुआंग थे। इस प्रक्रिया को 'अनमास्किंग' (Unmasking) कहा जाता है।

अमेरिकी खुफिया नियमों के तहत जब किसी विदेशी संदिग्ध की अधिकृत निगरानी के दौरान किसी अमेरिकी नागरिक की बातचीत रिकॉर्ड हो जाती है, तो कुछ निर्धारित परिस्थितियों में उस अमेरिकी नागरिक की पहचान उजागर की जा सकती है। इसी प्रक्रिया के जरिए कथित तौर पर जेन्सेन हुआंग का नाम सामने आया।

हुआंग ने पत्नी से बेवफाई स्वीकार कर मांगी माफी

इस विवाद के बीच जेनसेन हुआंग ने अपने कर्मचारियों को भेजे संदेश में पत्नी के प्रति बेवफाई स्वीकार की और अपने परिवार से माफी मांगी। उन्होंने लिखा, "मेरे इस कदम से मेरी पत्नी और बच्चों को चोट पहुंची है। मैंने जो किया, उसका कोई बहाना नहीं है। मुझे इसका गहरा अफसोस है।" उन्होंने कर्मचारियों, कारोबारी साझेदारों और निवेशकों से भी माफी मांगी। साथ ही कंपनी की जांच में पूरा सहयोग करने का भरोसा दिया।

Nvidia के बोर्ड ने कहा है कि फिलहाल उसके पास ऐसा मानने की कोई वजह नहीं है कि कंपनी की गोपनीय जानकारी या अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े हितों को नुकसान पहुंचा है। स्वतंत्र जांच कमेटी सभी उपलब्ध जानकारियों की समीक्षा करेगी। Nvidia ने स्पष्ट किया है कि जांच के दौरान जेन्सेन हुआंग कंपनी के CEO बने रहेंगे। बोर्ड ने उनके नेतृत्व पर भरोसा जताया है।

ये भी पढ़ें- Trump Defends Jensen Huang: जेनसेन हुआंग के बचाव में उतरे डोनाल्ड ट्रंप! चीनी जासूस संग अफेयर पर घिरे NVIDIA के CEO

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी हुआंग के समर्थन में सामने आए हैं। उन्होंने उन्हें सम्मानित व्यक्ति बताते हुए कहा कि उन्हें CEO पद पर बने रहना चाहिए। फिलहाल इस पूरे मामले में कई सवालों के जवाब मिलने बाकी हैं। क्या Nvidia की चिप्स वास्तव में अमेरिकी बैन को दरकिनार कर चीन पहुंचाई गईं? क्या एलिस हुआंग का चीनी खुफिया एजेंसी से कोई रिलेशन था? और क्या हुआंग को किसी विदेशी खुफिया ऑपरेशन के जरिए निशाना बनाया गया?

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।