Delhi Restaurant Fire: रेस्टोरेंट की एक लापरवाही और 21 लोगों की चली गई जान! बिल्डिंग मालिक को गिरफ्तार करने के आदेश

Malviya Nagar Fire Incident: बुधवार (3 जून) को दिल्ली के मालवीय नगर में एक रेस्टोरेंट में भीषण आग लगने से कम से कम 21 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मालवीय नगर अग्निकांड में हुई जनहानि पर शोक व्यक्त किया है। जिस बिल्डिंग में रेस्टोरेंट चल रहा था उसके मालिक पर गंभीर आरोप लगे हैं

अपडेटेड Jun 03, 2026 पर 2:24 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Malviya Nagar Fire Incident: दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि लापरवाही के लिए जिम्मेदार बिल्डिंग मालिक को अरेस्ट किया जाएगा

Malviya Nagar Fire Incident: दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने बुधवार (3 जून) को मालवीय नगर में आग लगने की घटना में 21 लोगों की मौत पर कहा कि लापरवाही के लिए जिम्मेदार बिल्डिंग मालिक को गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हम किसी भी अवैध बिल्डिंग और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उन्हें बख्शेंगे नहीं। उन्होंने न्यूज एजेंसी ANI से कहा, "लापरवाही के लिए जिम्मेदार बिल्डिंग के मालिक को अरेस्ट किया जाएगा।" दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर स्थित होटल में बुधवार को भीषण आग लगने से कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई। पीएम मोदी ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये देने की घोषणा की है।

दिल्ली सरकार में मंत्री आशीष सूद ने मालवीय नगर अग्निकांड पर ANI से कहा, "इनके पास रेस्टोरेंट-होटल चलाने की अनुमति थी या नहीं, सभी कागजों को इकट्ठा किया जा रहा है। जिनकी लापरवाही के कारण यह हुआ है, पुलिस जांच करके उसे तुरंत गिरफ्तार करेगी। सभी एजेंसी, नगर निगम, फायर, बिजली-पानी का विभाग आसपास के क्षेत्र में ऐसी जितनी भी इमारतें चल रही हैं, शाम तक उनकी जांच करके सभी इमारतों को सील किया जाएगा। एक भी दोषी को छोड़ा नहीं जाएगा। लापरवाही के लिए जिम्मेदार बिल्डिंग के मालिक को गिरफ्तार किया जाएगा।"

पीएम मोदी ने जताया शोक


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के मालवीय नगर में हुई आग की घटना में लोगों की मौत पर बुधवार को शोक व्यक्त किया। साथ ही मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये देने की घोषणा की। अधिकारियों ने बताया कि मृतकों में मुख्य रूप से मध्य एशिया और अफ्रीका के कई विदेशी नागरिक भी शामिल हैं।

प्रधानमंत्री ने X पर पोस्ट किया, "दिल्ली के मालवीय नगर में आग की घटना में जनहानि अत्यंत दुखद है। अपने प्रियजनों को खोने वाले लोगों के प्रति संवेदना जताता हूं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।" उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के निकटतम परिजन को दो लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।

अब तक 21 लोगों की मौत

दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में बुधवार सुबह रेस्टोरेंट में भीषण आग लगने से 21 लोगों की मौत हो गई। दिल्ली फायर सर्विस (डीएफएस) के अनुसार, आज सुबह 8:48 बजे मालवीय नगर स्थित 'फ्लरिश स्टे बेड एंड ब्रेकफास्ट (बी एंड बी) होटल' में आग लगने की सूचना मिली थी। स्थानीय पुलिस कर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और लोगों को बाहर निकालने तथा राहत कार्य शुरू किया। डीएफएस के एक अधिकारी ने बताया कि दमकल की आठ गाड़ियों की मदद से आग पर सफलतापूर्वक काबू पा लिया गया है। इस दौरान 40 से अधिक लोगों को बाहर निकाला गया और इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में ले जाया गया।

अधिकारियों ने अत्यंत दुख के साथ बताया कि इस दर्दनाक हादसे में 21 लोगों को मृत घोषित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि बचाव और तलाश अभियान अभी भी जारी है। प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित एजेंसियां मौके पर तैनात हैं। अधिकारियों ने बताया कि मृतकों में कई विदेशी नागरिक भी शामिल हैं, जिनमें अधिकतर लोग मध्य एशियाई और अफ्रीकी देशों के निवासी हैं।

ये भी पढ़े- Malviya Nagar Fire: '6 की जगह बना दिए 25 कमरे...'; दिल्ली रेस्टोरेंट अग्निकांड में चौंकाने वाला खुलासा, होटल पर लापरवाही के बड़े आरोप

अधिकारियों के अनुसार, पहले यह जानकारी दी गई थी कि आग सुबह करीब 8.45 बजे लेमन ग्रीन रेस्तरां में लगी थी। हालांकि बाद में पुलिस ने स्पष्ट किया कि आग वास्तव में मालवीय नगर के भीड़भाड़ वाले हौज रानी क्षेत्र स्थित 'फ्लोरिश स्टे बी एंड बी' गेस्ट हाउस में लगी। उन्होंने कहा कि कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।